Monday, August 28, 2017

शब्द को बस साधना तक ले गया .....डॉ. डी एम मिश्र

प्यार मुझको भावना तक ले गया
भावना को वन्दना तक ले गया।

रूप आँखों में किसी का यूँ बसा
अश्रु को आराधना तक ले गया।

दर्द से रिश्ता कभी टूटा नहीं
पीर को संवेदना तक ले गया।

हारना मैने कभी सीखा नहीें
जीत को संभावना तक ले गया।

मैं न साधक हूँ , न कोई संत हूँ
शब्द को बस साधना तक ले गया।

अब मुझे क्या और उनसे चाहिए
एक पत्थर, प्रार्थना तक ले गया।
-डॉ. डी. एम. मिश्र


Sunday, August 27, 2017

बारिस का वो पानी भूली....प्रीती श्रीवास्तव


मैं भूली, मेरी कहानी भूली !
संग बिताई सांझ सुहानी भूली !!

मन का आंगन डोल रहा !
मद-मस्त वो जवानी भूली !!

कोयल ने जब छेड़ी तान !
बारिस का वो पानी भूली !!

पंरिदे जब घर वापस आये !
दोपहर की वो नादानी भूली !!

हुई सांझ तेरी याद आयी !
गुजरे वक्त की निशानी भूली !!

आंखो आंखो मे बीती रातें !
फिर आंख का पानी भूली !!

प्यास बुझ गई एक बूंद से !
तपती रेत की वो रवानी भूली !!

मै भूली, मेरी कहानी भूली !
साथ बिताई सांझ सुहानी भूली !!

-प्रीती श्रीवास्तव

Saturday, August 26, 2017

ढल गया आफताब.............सुदर्शन फ़ाकिर


ढल गया आफताब ऐ साकी!
ला पिला दे शराब ऐ साकी!

या सुराही लगा मेरे मूंह से
या उलट दे नकाब ऐ साकी!

मैकदा छोड़ कर कहाँ जाऊं
है ज़माना ख़राब ऐ साकी!

जाम भर दे गुनाहगारों के
ये भी है इक सवाब ऐ साकी!

आज पीने दे और पीने दे
कल करेंगे हिसाब ऐ साकी!


Friday, August 25, 2017

शब्द..राजेन्द्र जोशी



लड़ते हैं झगड़ते हैं
डराते हैं, धौंस दिखाते हैं.

डरते हैं, दुबकते हैं
प्रेम करते,

कांपते हैं
कभी तानाशाह होकर
कभी झोली फैलाकर
भीख मांगते दिखते हैं

मैं और वे
खेला करते हैं
मिलजुल कर
भोथरे हुए शब्दों को
धार देते हुए
हो जाते हैं मौन
अपनी ही ताकत से
आपसी खेल में.



- राजेन्द्र जोशी
राजस्थान पत्रिका..8 मई 2016

Thursday, August 24, 2017

रात में वर्षा ....सर्वेश्वर दयाल सक्सेना


मेरी साँसों पर मेघ उतरने लगे हैं,
आकाश पलकों पर झुक आया है,
क्षितिज मेरी भुजाओं में टकराता है,
आज रात वर्षा होगी।
कहाँ हो तुम?

मैंने शीशे का एक बहुत बड़ा एक्वेरियम
बादलों के ऊपर आकाश में बनाया है,
जिसमें रंग-बिरंगी असंख्य मछलियाँ डाल दी हैं,
सारा सागर भर दिया है।
आज रात वह एक्वेरियम टूटेगा-
बौछारे की एक-एक बूँद के साथ
रंगीन छलियाँ गिरेंगी।
कहाँ हो तुम?

मैं तुम्हें बूँदों पर उड़ती
धारों पर चढ़ती-उतरती
झकोरों में दौड़ती, हाँफती,
उन असंख्य रंगीन मछलियों को दिखाना चाहता हूँ
जिन्हें मैंने अपने रोम-रोम की पुलक से आकार दिया है।  

-सर्वेश्वर दयाल सक्सेना


Wednesday, August 23, 2017

पोस्टमार्टम की रिपोर्ट,,,सर्वेश्वर दयाल सक्सेना



गोली खाकर
एक के मुँह से निकला-
'राम'।

दूसरे के मुँह से निकला-
'माओ'।

लेकिन
तीसरे के मुँह से निकला-
'आलू'।

पोस्टमार्टम की रिपोर्ट है
कि पहले दो के पेट
भरे हुए थे।
-सर्वेश्वर दयाल सक्सेना


Tuesday, August 22, 2017

अमाँ हम भी किरायेदार ही हैं....नवीन सी. चतुर्वेदी

चढा कर तीर नज़रों की कमाँ पर। 
हसीनों के क़दम हैं आसमाँ पर॥ 

हरिक लमहा लगे वो आ रहे हैं। 
यक़ीं बढता ही जाता है गुमां पर॥ 

कोई वादा वफ़ा हो जाये शायद। 
भरोसा आज भी है जानेजाँ पर॥ 

उतरती ही नहीं बोसों की लज़्ज़त। 
अभी तक स्वाद रक्खा है ज़ुबाँ पर॥ 

किसी की रूह प्यासी रह न जाये। 
लिहाज़ा ग़म बरसते हैं जहाँ पर॥ 

अगर भटका तो इस को छोड़ देंगे। 
नज़र रक्खे हुये हैं कारवाँ पर॥ 

अमाँ हम भी किरायेदार ही हैं। 
भले ही नाम लिक्खा है मकाँ पर॥ 

-नवीन सी. चतुर्वेदी
फेसबुक से