Showing posts with label शास्त्री नित्यगोपाल कटारे. Show all posts
Showing posts with label शास्त्री नित्यगोपाल कटारे. Show all posts

Thursday, February 2, 2017

ठिठुरन का अन्त आ गया.........शास्त्री नित्यगोपाल कटारे

पीत पीत हुए पात 
सिकुड़ी-सिकुड़ी-सी रात
ठिठुरन का अन्त आ गया
देखो बसन्त आ गया।
मादक सुगन्ध से भरी 
पन्थ पन्थ आम्र मंजरी
कोयलिया कूक कूक कर
इतराती फिरै बावरी
जाती है जहाँ दृष्टि
मनहारी सकल स्रष्टि
लास्य दिग्दिगन्त छा गया
देखो बसन्त आ गया।

शीशम के तारुण्य का
आलिंगन करती लता
रस का अनुरागी भ्रमर
कलियों का पूछता पता
सिमटी-सी खड़ी भला
सकुचायी शकुन्तला
मानो दुष्यन्त आ गया
देखो बसन्त आ गया।
पर्वत का ऊँचा शिखर
ओढ़े है किंशुकी सुमन
सरसों के फूलों भरा
बासन्ती मादक उपवन
करने कामाग्नि दहन 
केशरिया वस्त्र पहन 
मानों कोई सन्त आ गया
देखो बसन्त आ गया।।

-शास्त्री नित्यगोपाल कटारे
श्री विनय भाई को आभार
रचनाकार व ब्लॉग दोनों का समाधान किया