Showing posts with label कवि सोहनलाल द्विवेदी. Show all posts
Showing posts with label कवि सोहनलाल द्विवेदी. Show all posts

Friday, February 10, 2017

भौंरे गाते हैं नया गान...कवि सोहनलाल द्विवेदी


आया वसंत आया वसंत
छाई जग में शोभा अनंत।

सरसों खेतों में उठी फूल
बौरें आमों में उठीं झूल
बेलों में फूले नये फूल

पल में पतझड़ का हुआ अंत
आया वसंत आया वसंत।

लेकर सुगंध बह रहा पवन
हरियाली छाई है बन बन,
सुंदर लगता है घर आँगन

है आज मधुर सब दिग दिगंत
आया वसंत आया वसंत।

भौंरे गाते हैं नया गान,
कोकिला छेड़ती कुहू तान
हैं सब जीवों के सुखी प्राण,

इस सुख का हो अब नही अंत
घर-घर में छाये नित वसंत। 

-कवि सोहनलाल द्विवेदी