Showing posts with label अपर्णा बाजपेई. Show all posts
Showing posts with label अपर्णा बाजपेई. Show all posts

Sunday, December 16, 2018

सरकारी दस्तावेज़ों में थर्ड जेंडर हूँ....अपर्णा बाजपेई

न औरत हूँ न मर्द हूँ
अपने जन्मदाता का अनवरत दर्द हूँ।
सुन्दर नहीं हूँ, असुंदर भी नहीं
हुस्न और इश्क़ का सिकंदर भी नहीं।
मखौल हूँ समाज का, हँसी का लिबास हूँ,
ग़लत ही सही ईश्वर का हिसाब हूँ।
जान मुझमें भी है, संवेदना भी
जन्म भले न दूँ, पालक लाज़वाब हूँ।
हँसते हो, खिलखिलाते हो,मज़ाक बनाते हो,
तुम्हारी नीचता का क़रारा जवाब हूँ।
तुम्हारे जन्म पर तालियाँ बजाता हूँ,
अपने होने की क़ीमत माँग जाता हूँ,
मर्द का जिगर हूँ , औरत की ममता हूँ
पके हुए ज़ख्म सा हर पल रिसता हूँ
देहरी और दालान के बीच में अटका हूँ
पाच उँगलियों के साथ छठी उँगली सा लटका हूँ।
चंद सिक्के फेंक कर पीछा छुड़ाते हो,
क्यों नहीं मेरा दर्द थोड़ा सा बाँट जाते हो।
मुझमें भी साँसे हैं, मेरे भी सपने हैं,
पराये ही सही कुछ मेरे भी अपने हैं,
प्यार की झप्पी पर मेरा भी हक़ है,
इज़्ज़त की रोटी मुझे भी पसंद है।
नागरिक किताबों में बोया हुआ अक्षर हूँ,
पूरे लिखे पत्र का ज़रूरी हस्ताक्षर हूँ।
नर और नारायण के बीच का बवंडर हूँ
सरकारी दस्तावेज़ों में थर्ड जेंडर हूँ।
-अपर्णा बाजपेई