
है ज़िंदगी को कैसी जलन हाय इन दिनों
है मौत के माथे पे शिकन हाय इन दिनों
शायद मेरे ज़मीर को फ़ुर्सत न आई रास
रहती है बेवजह सी थकन हाय इन दिनों
रंगत रही न शोख़ियाँ, ना ख़ुशबु ना ख़ुलूस
वीरान है हर एक अंजुमन हाय इन दिनों
या मौला इस अज़ाब ने बरपाया क्या कहर
होने लगी किल्लत-ए-कफ़न हाय इन दिनों
ताज्जुब है कि इसको कोई भी टोकता नहीं
घूमे है झूठ बे-पैरहन हाय इन दिनों
चेहरों की जगह झूठ ही मंज़ूर था हमें
सब ने लिया है नकाब पहन हाय इन दिनों
ना मिलाओ हाथ किसे से, न गले मिलो ‘अचल’
मिलने का ये नया है चलन हाय इन दिनों
- अचल दीप दुबे