Thursday, November 15, 2018

नदिया, ताल, समंदर आए....सिब्बन बैजी

कुछ फिकरे, कुछ पत्थर आए
सच कहकर हम जब घर आए

हमसे लोटा डोर मांगने
नदिया, ताल, समंदर आए

मलबों की मातमपुर्शी को
कितने ही बुलडोजर आए

शिकरों की दावत में अक्सर
तीतर, बया, कबूतर आए

'सिब्बन' की रातों से मिलने
सूफी शाह कलंदर आए.
-सिब्बन बैजी

Wednesday, November 14, 2018

लफ़्ज़ मेरे तौलने लगे......श्वेता सिन्हा

अच्छा हुआ कि लोग गिरह खोलने लगे।
दिल के ज़हर शिगाफ़े-लब से घोलने लगे।।

पलकों से बूंद-बूंद गिरी ख़्वाहिशें तमाम।
उम्रे-रवाँ के  ख़्वाब  सारे  डोलने  लगे।।

ख़ुश देखकर मुझे वो परेश़ान हो  गये।
फिर यूँ हुआ हर लफ़्ज़ मेरे तौलने लगे।।

मैंने ज़रा-सी खोल दी  मुट्ठी भरी  हुई।
तश्ते-फ़लक पर  तारे रंग घोलने लगे।।

सिसकियाँ सुनता नहीं सूना हुआ शहर।
हँस के जो बात की तो लोग बोलने लगे।।

          #श्वेता सिन्हा


शिग़ाफ़े-लब=होंठ की दरार, उम्रे-रवाँ=बहती उम्र
तश्ते-फ़लक=आसमां की तश्तरी

Tuesday, November 13, 2018

सामने कारनामे जो आने लगे - अर्पित शर्मा "अर्पित"

सामने कारनामे जो आने लगे,
आईना लोग मुझको दिखाने लगे |

जो समय पर ये बच्चे ना आने लगे, 
अपने माँ बाप का दिल दुखाने लगे |

फ़ैसला लौट जाने का तुम छोड़ दो, 
फूल आँगन के आँसू बहाने लगे |

फिर शबे हिज़्र आँसूं मेरी आँख के, 
मुझको मेरी कहानी सुनाने लगे |

आईने से भी रहते है वो दूर अब,
जाने क्यू खुदको इतना छुपाने लगे |

कोई शिकवा नही बेरुखी तो नही,
हम अभी आये है आप जाने लगे |

तेरी चाहत लिए घर से अर्पित चला, 
सारे मंज़र नज़र को सुहाने लगे 
- अर्पित शर्मा "अर्पित"

परिचय
अर्पित शर्मा जी अर्पित उपनाम से रचनाये लिखते है आपके पिता का नाम कृष्णकांत शर्मा है | 
आपका जन्म मध्यप्रदेश के उज्जैन शहर में 
28 अप्रैल, 1992 को हुआ | फिलहाल आप 
शाजापुर में रहते है | आपसे इस मेल sharmaarpit28@gmail.com 
पर संपर्क किया जा सकता है |

Monday, November 12, 2018

है दीवाली-मिलन में ज़रूरी 'नज़ीर' .....नजीर बनारसी

जखीरा, साहित्य संग्रह | Jakhira, literature Collection | urdu hindi shayari collection
घर की किस्मत जगी घर में आए सजन
ऐसे महके बदन जैसे चंदन का बन 

आज धरती पे है स्वर्ग का बाँकपन 
अप्सराएँ न क्यूँ गाएँ मंगलाचरण 

ज़िंदगी से है हैरान यमराज भी 
आज हर दीप अँधेरे पे है ख़ंदा-ज़न 

उन के क़दमों से फूल और फुल-वारियाँ 
आगमन उन का मधुमास का आगमन 

उस को सब कुछ मिला जिस को वो मिल गए 
वो हैं बे-आस की आस निर्धन के धन 

है दीवाली का त्यौहार जितना शरीफ़ 
शहर की बिजलियाँ उतनी ही बद-चलन 

उन से अच्छे तो माटी के कोरे दिए 
जिन से दहलीज़ रौशन है आँगन चमन 

कौड़ियाँ दाँव की चित पड़ें चाहे पट 
जीत तो उस की है जिस की पड़ जाए बन 

है दीवाली-मिलन में ज़रूरी 'नज़ीर' 
हाथ मिलने से पहले दिलों का मिलन 
- नजीर बनारसी

Sunday, November 11, 2018

अँधेरे अँधेरों मे खो गए !!...मंजू मिश्रा

मुट्ठी भर दिए
मील भर अँधेरों को
चुनौती देते हैं
शान से हँसते हैं
और अँधेरे
मन मसोस कर रह जाते हैं
-:-
यही तो है
असली ताकत
उजाले की
जब नन्ही सी रेख
चीर देती है सीना अँधेरे का
और अँधेरे देखते रह जाते हैं
-:-
अँधेरों का हठ
तोड़ने की ठान ली जब
उस नन्हे से माटी के दिए ने
हवाएँ अाँधियाँ बन कर खूब चलीं
मगर वो जाँबाज डरा नहीं डटा रहा
और फिर उजाले के जशन में
अँधेरे अँधेरों मे खो गए !!
-मंजू मिश्रा

Saturday, November 10, 2018

छठ पर्व का उत्तर भारत में उल्लास

कार्तिक शुक्ल की षष्ठी के पावन उत्सव, 
छठ पर्व का उत्तर भारत में उल्लास!  

पटना के घाट पर हमहू अर्जिया देबइ, हे छठी मैया 
हम ना जाईब दूसर घाट देखब ये छठी मैया!! 
ऐसे ही अन्य भक्ति गीतों के साथ आरम्भ हो चुका है उत्तर और पूर्व भारत के कई हिस्सों में छठ पूजा का खुमार। हर साल दिवाली का पवित्र त्यौहार ख़त्म होते ही एक हफ्ते बाद शुरू होता है छठ पूजा का पवित्र त्यौहार जिसे पूरे रीति रिवाजों के साथ भारत के कई हिस्सों में मनाया जाता है, खासकर कि बिहार, झारखण्ड, उत्तरप्रदेश और पश्चिम बंगाल में। छठ पर्व को नेपाल के भी कई हिस्सों में पूरी भक्ति भावना के साथ मनाया जाता है। 
 छठ पूजा या छठ पर्व कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी को मनाया जाने वाला एक हिन्दू पर्व है। सूर्योपासना 
के इस अनुपम लोकपर्व को इस्लाम सहित अन्य धर्मावलंवी द्वारा भी मनाते हुए देखा गया है। 
आज की तारीख में धीरे-धीरे यह पर्व भारतीयों के साथ-साथ विश्वभर मे प्रचलित व प्रसिद्ध हो गया है। बिहार, उत्तरप्रदेश और झारखण्ड में इस पर्व की एक अलग ही महत्ता है।अन्य त्यौहारों के साथ-साथ छठ पूजा की भी तैयारियां साल के शुरुआत से ही होने लगती है। दिवाली का पावन अवसर ख़त्म होते ही लोग छठ पूजा की तैयारी में लग जाते हैं। नदी के घाटों को कई संस्थानों व सरकारी कर्मचारियों द्वारा साफ़ कर पूजा के लिए तैयार किया जाता है। छठ पूजा का यह रंगीन त्यौहार 4 दिनों तक चलता है। चलिए आज हम इस पावन पर्व की कुछ खूबसूरत तस्वीरों के साथ जानते हैं इसकी धार्मिक महत्ता को! 
छठ पूजा का नाम कैसे पड़ा?
छठ पूजा का नाम कैसे पड़ा? 
छठ पर्व, छठ या षष्ठी नाम से बना है। कार्तिक मास की अमावस्या को दीवाली मनाने के तुरंत बाद मनाए जाने वाले इस व्रत की सबसे कठिन और महत्वपूर्ण रात कार्तिक शुक्ल षष्ठी की होती है। इसी कारण इस व्रत का नाम छठ व्रत हो गया। 
लोक आस्था का पवित्र त्यौहार  
लोक आस्था का पवित्र त्यौहार 
छठ पर्व सूर्योपासना का प्रसिद्द पर्व है। 
इस पर्व को दो बार मनाया जाता है, पहले 
चैत के महीने में और दूसरी बार कार्तिक के महीने में। पारिवारिक सुख-स्मृद्धि तथा मनोवांछित फलप्राप्तिके 
लिए यह पर्व मनाया जाता है। स्त्री और
पुरुष दोनों ही सामान रूप से इस पर्व को मानते हैं। 
इस दिन सूर्य देवता के साथ-साथ षष्ठी देवी, 
यानि छठी मैया की भी पूजा की जाती है। 
ये लोक के समस्त बालकों की रक्षिका देवी है। 
प्रकृति का छठा अंश होने के कारण 
इनका एक नाम "षष्ठी" है।  

छठ पूजा की कथा छठ पूजा से सम्बंधित कई कथाएं प्रचलित हैं, जिनमें से एक कथानुसार जब पांडव अपना सारा राजपाट जुए में 
हार गए, तब द्रौपदी ने छठ व्रत रखा। तब उसकी मनोकामनाएं पूरी 
हुईं तथा पांडवोंको राजपाट वापस मिल गया। छठ पर्वकी परंपरा 
में बहुत ही गहरा विज्ञान भी छिपा हुआ है, षष्ठी तिथि (छठ) 
एक विशेष खगोलीय अवसर है। 
छठ पूजा की कथा


छठ पूजा की कथा 
दूसरी कथानुसार, प्रथम मनु स्वायम्भुव के पुत्र प्रियव्रत के कोई संतान न थी। एक बार महाराज ने महर्षि कश्यप से दुख व्यक्त कर पुत्र प्राप्ति का उपाय पूछा। महर्षि ने पुत्रेष्टि यज्ञ का परामर्श दिया। यज्ञ के फलस्वरूप महारानी को पुत्र जन्म हुआ, किंतु वह शिशु मृत था। पूरे नगर में शोक व्याप्त हो गया। महाराज शिशु के मृत शरीर को अपने वक्ष से लगाये प्रलाप कर रहे थे, तभी एक आश्चर्यजनक घटना घटी। सभी ने देखा आकाश से एक विमान पृथ्वी पर आ रहा है। विमान में एक ज्योर्तिमय दिव्याकृति नारी बैठी हुई थी। राजा द्वारा स्तुति करने पर देवी ने कहा- मैं ब्रह्मा की मानस पुत्री षष्ठी देवी हूँ। मैं विश्व के समस्त बालकों की रक्षिका हूँ और अपुत्रों को पुत्र प्रदान करती हूँ। देवी ने शिशु के मृत शरीर को स्पर्श किया जिससे वह बालक जीवित हो उठा। महाराज की प्रसन्नता की सीमा न रही। वे अनेक प्रकार से षष्ठी देवी की स्तुति करने लगे। राज्य में प्रति मास के शुक्लपक्ष की षष्ठी को षष्ठी-महोत्सव के रूप में मनाया जाए-राजा ने ऐसी घोषणा करवा दी। 
छठ पूजा की विधी

छठ पूजा की विधी नहाय खाय: 
पहला दिन कार्तिक शुक्ल चतुर्थी ‘नहाय-खाय' के रूप में मनाया जाता है। इस दिन घर की सफाई कर, नहा धोकर शुद्ध शाकाहारी भोजन ग्रहण कर व्रत की शुरुआत करते हैं। भोजन में मुख्य रूप से कद्दू,चने की दाल और चावल बनाये जाते हैं।

छठ पूजा की विधी

छठ पूजा की विधी खरना: दूसरे दिन कार्तिक शुक्ल पंचमी को व्रतधारी दिन भर का उपवास रखने के बाद शाम को भोजन करते हैं, इसे खरना कहा जाता है। गुड़ की या गन्ने के रस में बने हुए चावल की खीर 
और रोटी प्रसाद स्वरुप बनाया जाता है और आस पास के लोगों को निमंत्रित कर उन्हें परोसा जाता है। इन सारी विधियों के दौरान साफ़ सफाई का पूरा ध्यान रखा जाता है।
छठ पूजा की विधी

छठ पूजा की विधी संध्या अर्घ्य: तीसरे दिन कार्तिक शुक्ल षष्ठी को सुबह से छठ पूजा का प्रसाद बनाया जाता है, जिसमें ठेकुआ, चावल के
 लड्डू ज़रूर ही होते हैं। दिन के 2 या 3 बजे से शाम के अर्घ्य के लिए घाट जाने की तयारी शुरू हो जाती है।


Friday, November 9, 2018

भाई-बहन....गोपाल सिंह नेपाली

भाई-बहन....गोपाल सिंह नेपाली
तू चिनगारी बनकर उड़ री, जाग-जाग मैं ज्वाल बनूँ,
तू बन जा हहराती गंगा, मैं झेलम बेहाल बनूँ,
आज बसन्ती चोला तेरा, मैं भी सज लूँ लाल बनूँ,
तू भगिनी बन क्रान्ति कराली, मैं भाई विकराल बनूँ,
यहाँ न कोई राधारानी, वृन्दावन, बंशीवाला,
तू आँगन की ज्योति बहन री, मैं घर का पहरे वाला ।

बहन प्रेम का पुतला हूँ मैं, तू ममता की गोद बनी,
मेरा जीवन क्रीड़ा-कौतुक तू प्रत्यक्ष प्रमोद भरी,
मैं भाई फूलों में भूला, मेरी बहन विनोद बनी,
भाई की गति, मति भगिनी की दोनों मंगल-मोद बनी
यह अपराध कलंक सुशीले, सारे फूल जला देना ।
जननी की जंजीर बज रही, चल तबियत बहला देना ।

भाई एक लहर बन आया, बहन नदी की धारा है,
संगम है, गंगा उमड़ी है, डूबा कूल-किनारा है,
यह उन्माद, बहन को अपना भाई एक सहारा है,
यह अलमस्ती, एक बहन ही भाई का ध्रुवतारा है,
पागल घड़ी, बहन-भाई है, वह आजाद तराना है ।
मुसीबतों से, बलिदानों से, पत्थर को समझाना है ।

-गोपाल सिंह नेपाली