Thursday, January 14, 2016

समझ नही पाता है इंसान...विमल गांधी


समझ नहीं पाता है इंसान। 
कभी - कभी.....
जिंदगी दिखाती है रास्ते बहुत॥

खड़ी करती है सवाल बहुत।
किस राह जाऊँ किस राह नही जाऊँ॥

कर देती है बैचेन बहुत।
क्या करूँ क्या नहीं करूँ॥

समझ नही पाता है इंसान।
जिंदगी दुविधा में फँस जाती है॥

फ़ैसला करना मुश्किल हो जाता है कि...
किस दिशा जाऊँ किस दिशा नही जाऊँ॥

उस समय सिर्फ याद आती है 
उस रब की...कि वो ही कोई राह दिखाये 
जिस पर हम खुशी-खुशी जाये॥

©विमल गांधी



“विमल गांधी जी” की कवितओं का 
हर एक शब्द में अलौकिक सार भरा हैं। 
जो हर एक शब्द पर विचार सागर-मंथन कर हृदयसात करने योग्य हैं। 
कविताऐं छोटी और सरल शब्दों में होते हुए भी हृदयसात करने योग्य हैं। 
जो भी इंसान इन कविताओं को गहराई (हर शब्दों का सार) से समझकर आत्मसात करें, उसका जीवन धन्य हो जायें।

Sunday, January 10, 2016

बेवफाई का है अजब आलम....कुँवर कुसुमेश


लोग जो महवे-यार मिलते हैं। 
आजकल बेक़रार मिलते हैं।

और तेवर मेरे सनम के तो,
बाखुदा धार दार मिलते हैं।

दुश्मनों की नहीं कमी कोई,
एक ढूँढो हज़ार मिलते है।

खुशनसीबी मेरी है दोस्त मुझे,
क़ाबिले-ऐतबार मिलते हैं।

बेवफाई का है अजब आलम ,
अब कहाँ जाँ-निसार मिलते हैं।

एक सिहरन है लाज़िमी उठना,
जब "कुँवर" दिल के तार मिलते है।

-कुँवर कुसुमेश

Thursday, January 7, 2016

कैसे गुज़ार देते हैँ कोठों पे लोग उम्र...शिवशंकर यादव

इंसानियत की मेरी बीमारी नहीं जाती।
सिर से मेरी अना ये उतारी नहीं जाती।

है वास्ता हमारा भी रघुकुल से दोस्तो,
खाली कभी ज़ुबान हमारी नहीं जाती।

मजबूरियाँ ले जाती हैँ बाज़ार में उसको,
इज़्ज़त गँवाने ख़ुद ही बेचारी नहीं जाती।

राहोँ मे लड़कियोँ को सदा घूरने वाली,
आदत हरामज़ादे तुम्हारी नहीं जाती।

शादी किये बिना ही है होती सुहागरात,
लड़की कोई ससुराल कुँवारी नहीं जाती।

कैसे गुज़ार देते हैँ कोठों पे लोग उम्र,
होटल में मुझसे रात गुज़ारी नहीं जाती।

नाहक़ किसी ग़रीब की क़िस्मत बिगाड़ कर,
क़िस्मत मेरी ये मुझसे सँवारी नहीं जाती।

-शिवशंकर यादव

नाम : शिवशंकर यादव
कुसौडा, सुरियाँवा, जिला-भदोही, उत्तर प्रदेश
सम्पर्क : yshiv567@gmail.com



Wednesday, January 6, 2016

सात शहीद...यशोदा



चले गए वो क्यों
क्या दुश्मनी थी उनसे
जो मार दिया छल से
जो चाहते हैं वो
वो होगा जरूर
पर उन्हे... 
देनी होगी तिलाजली
हथियार के रूप में
और सरकार से
विनम्र आग्रह
तलाशें..उन सफेदपोशों
और सरकारी अमले में से
विभीषणों और जयचंदों  को
जो इन आतंकवादियों को 
खबरें मुहैय्या  करवाते हैं
व पनाह भी देते हैं
और तभी..
भारत की जनता
मरते-मरते जीने के
भय से मुक्त होगी
मन की उपज

-यशोदा    
                                                                                                                                                                        
        

Sunday, January 3, 2016

सोचो ख़ुद को तराशा क्या....अनुराग सिंह


मानव की परिभाषा क्या
अन्तःमन की भाषा क्या
निराशा तो आनी ही है
नहीं तो जीवन की आशा क्या

कुछ भावों के संग्रह से
मानव मन के अनुग्रह से
स्वप्न विघटित होते ही हैं
नहीं तो फिर अभिलाषा क्या

गिरते नहीं तो सँभालते क्या
डरने वाले फिर चलते क्या
तुम ख़ुद ही ख़ुद के परखी हो
सोचो ख़ुद को तराशा क्या

मन में है ये नफ़रत क्यूँ
इंसान की ऐसी फ़ितरत क्यूँ
छोटा सी ही ये जीवन है
उसमें जीना ज़रा सा क्या
-अनुराग सिंह

नाम : अनुराग सिंह

शिक्षा : आईआईआईटी अलाहाबाद से एम.एस.
इस समय एम.ए. (हिन्दी) के विद्यार्थी
संप्रति : आरआरएसआईएमटी में असिटेंट प्रोफ़ेसर
सम्पर्क : anurag17889@gmail.com


Friday, January 1, 2016

उम्मींदों की पोटली है मेरे काँधे पे.....सदा










सिमट रहे हैं 
कुछ लम्हे उसके आगोश में 
कुछ उस तक 
पहुँचने की फि़राक़ में हैं 
कुछ कद के छोटे हैं 
तो दबे हैं भीड़ में 
पर सब साथ हैं उसके
क्यूं कि उसने सबको
कुछ न कुछ दिया है !
.. 
खुशियों और गम के आँसू 
झिलमिलाये हैं उसकी पलकों पर भी 
अतीत के पन्नों में कैद हो 
इससे पहले वो 
कहना चाहता है तुम्हे 
मुबारक हो नया साल 
जो मिला उसे तक़दीर समझना 
जो चाहते हो 
उसके लिये दुआयें हैं मेरी 
उम्मींदों की पोटली है मेरे काँधे पे 
दिन तारीख वर्ष 
फिर गवाह बनेंगे 
इन्ही शुभकामनाओं के साथ 
मेरा हर दिन लम्हा 
तुम्हारे लिये है !!

-सीमा सदा

Tuesday, December 22, 2015

हरियाले बन्ने ....सतीश सक्सेना


हरियाली बन्ने ! दुल्हन करे है इंतजार
चटक मटकती फिरें भाभियाँ
हुलस हुलस बारी जायें ! 
हरियाले बन्ने ....

बुआ तुम्हारी लेयं बलाएँ 
फिरें नाचती द्वार द्वार में
घुंघरू करें झंकार ! 
हरियाले बन्ने ....

बहना तुम्हारी हुई बाबरी 
घर घर में वो फिरे हुलसती
बार बार बलिहार ! 
हरियाले बन्ने ....

मां के दिल से पूछे कोई
बारम्बार बलाएँ लेती
नज़र नहीं लग जाए !
हरियाले बन्ने ....

मौसी तुम्हारी रानी जैसी
घर में खुशियाँ लेकर आयी
करे प्रेम - बौछार ! 
हरियाले बन्ने ....

मामी तुम्हारी फिरें मटकती
सब लोगों को नाच नचाती
करती नयना - चार ! 

चाची तुम्हारी खुशियाँ बांटे
रंग - बिरंगी बनी घूमती
गाएं गीत मल्हार ! 
हरियाले बन्ने ....

दादी तुम्हारी घूमें घर में
पैर जमीं पर नहीं पड़ रहे
खुशी कही ना जाए ! 
हरियाले बन्ने ....

बाबा तुम्हारे , घर के मुखिया
चार पीढियां देख के हरसें 
शान कही ना जाय ! 
हरियाले बन्ने ....

पिता तुम्हारे फिरें घूमते
घर में सबका हाल पूंछते 
खुशी छिपे न छिपाय ! 
हरियाले बन्ने ....

भइया तुम्हारे फिरें महकते
मेहमानों की खातिर करते 
इत्र फुलेल लगाय ! 
हरियाले बन्ने ....

चाचा तुम्हारे आए दूर से
नए नवेले कपड़े पहने 
मस्त फिरे बतियायं ! 
हरियाले बन्ने ....

जीजा तुम्हारे हुए बावरे
फिरें घूमते बन्ना लिखते
हाल कहा ना जाए !
हरियाले बन्ने ....










 - सतीश सक्सेना
मधुरिमा में छपी रचना..2.12.2015
मूल रचना यहाँ देखें