Sunday, September 4, 2016

राजेन्द्र नाथ रहबर पड़ी रहेगी अगर ग़म की धूल शाख़ों पर...........राजेन्द्र नाथ 'रहबर'


पड़ी रहेगी अगर ग़म की धूल शाख़ों पर
उदास फूल खिलेंगे मलूल शाखों पर।

अभी न गुलशन-ए-उर्दू को बे-चराग कहो
खिले हुए हैं अभी चंद फूल शाख़ों पर

निकल पड़े हैं ह़िफ़ाज़त को चंद कांटे भी
हुआ है जब भी गुलों का नुज़ूल शाख़ों पर

हवा के सामने उलकी बिसात ही क्या थी
दिखा रहे थे बहारें जो फूल शाख़ों पर ।

निगार-ए-गुल हो मिला है ये इज़्न बुलबुल को
हुआ है हुक्म गुल-ए-तर को झूल शाख़ों पर ।

वो फूल पहुंच न जाने कहां-कहां 'रहबर'
नहीं था जिनको ठरहना कुबूल शाख़ों पर ।

-राजेन्द्र नाथ  'रहबर'

..रसरंग से

Saturday, September 3, 2016

जिसकी है नमकीन ज़िन्दगी............श्यामल सुमन



जो दिखती रंगीन ज़िन्दगी
वो सच में है दीन ज़िन्दगी

बचपन, यौवन और बुढ़ापा
होती सबकी तीन ज़िन्दगी

यौवन मीठा बोल सके तो
नहीं बुढ़ापा हीन ज़िन्दगी

जीते जो उलझन से लड़ के
उसकी है तल्लीन ज़िन्दगी

वही छिड़कते नमक जले पर
जिसकी है नमकीन ज़िन्दगी

दिल से हाथ मिले आपस में
होगी क्यों ग़मगीन ज़िन्दगी

जो करता है प्यार सुमन से
वो जीता शौकीन ज़िन्दगी

-श्यामल सुमन
shyamalsuman@yahoo.co.in

Friday, September 2, 2016

मंजिल मिले न मिले...विजय कुमार सुखवानी



न मिली छांव कहीं, यूँ तो कई शज़र मिले
वीरान ही मिले सफ़र में जो भी शहर मिले

मंजिल मिले न मिले, मुझे काई परवाह नहीं
मुझे तलाश है मंज़िल की, मंज़िल को ख़बर मिले

हर गुनाह इंसान के चेहरे पर दर्ज रहता है
देखना अगर किसी रोज़ आईने से नज़र मिले

छोटी - सी बात का लोग फ़साना बना देते हैं
अब कैसे यहां लोग किसी से कोई खुलकर मिले

सबको मिला कुछ न कुछ ख़ास क़ुदरत से
फूलों को मिली ख़ुशबू परिन्दो को पर मिले

बहुत मुश्किल से मिलता है कोई चाहने वाला
खोना मत तुम्हें कोई शख़्स ऐसा अगर मिले

कहां हूँ किस हाल में हूँ कोई बताए मुझे
एक मुद्दत हुई मुझे अपनी ही खबर मिले

-विजय कुमार सुखवानी
v_sukhwani@rediffmail.com

Thursday, September 1, 2016

आदाब अर्ज़ है....दैनिक भास्कर की पुरानी कतरन..2011

दैनिक भास्कर की पुरानी कतरन..2011


बैठे-बैठे गम में गिरफ्तार हो गए
किसी के प्यार में आबाद हो गए।
दो गज जमीन मिल ही गई मुझ गरीब को
मरने के बाद हम भी जमींदार हो गए।
-निकुंज आशर, सिवनी (मप्र)

कहने को आपका शहर मेरा भी शहर है,
इस शहर के भीतर का बियाबान देखिए।
मिल जाए गर फुर्सत किसी को कुछ पलों की
इस भीड़ में तन्हा-सा इक भगवान देखिए।
-पंकज सारस्वत, हनुमानगढ़ (राज)

ये काली घटाएं छट जाएंगी
और मोहक बदलियां बरस जाएंगी
गर प्रिय से मिलन जो हो न सका
ये बहारें सावन की लुट जाएंगी।
-सुगनचंद्र ‘नलिन’, गुना (मप्र)


मीठा सा दर्द होता है, कभी ज्यादा कभी कम
तेरे प्यार का है असर, या है कोई दर्द-ए-ग़म
बरसात तो नहीं मगर, बदला-सा है मौसम
दिल की ज़मीं पे बरसी है प्यार की शबनम
-शैलेश, जयपुर (राजस्थान)

ख़ामोश गुज़र जाते हैं वो क़रीब से
सवाल उठते हैं दिल में अजीब से
वो ख़फ़ा हैं या ये उनकी है अदा
शिकायत क्या करें अपने नसीब से
-विशाल जैन, छतरपुर (छत्तीसगढ़)

कौन कहता है, उसके बिना मैं मर जाऊंगा
मैं तो दरिया हूं, सागर में उतर जाऊंगा
वो तरस जाएंगे प्यार की इक बूंद के लिए
मैं बादल की तरह किसी पर भी बरस जाऊंगा
-निकुंज आशर, सिवनी (मध्यप्रदेश)

खामोश रहकर क्यूं हमें जलाते हैं वो
अपनी यादों से हमें क्यूं रुलाते हैं वो।
तस्वीर भी नहीं है मेरे पास उनकी
तो क्यूं बंद आंखों में नजर आते हैं वो।
-ज्ञानेश्वर गेण्डरे, सिमगा, रायपुर (छग)

यूं पड़ रही है चांदनी उनके शबाब पर
जैसे शराब खुद ही फिदा हो शराब पर।
उसके बरक-बरक को उड़ा ले गई हवा
मैंने तुम्हारा नाम लिखा जिस किताब पर।
-उमाश्री, होशंगाबाद (मप्र)

हथेलियों पर उनका नाम जब लिखती हैं उंगलियां
जमाने की चारों तरफ उठती हैं उंगलियां।
बड़े मुद्दतों के बाद आया उनका हाथ मेरे हाथों में
आज भी उन हसीन लम्हों को याद करती हैं उंगलियां।
-उमेश गोस्वामी, सिमगा (छग)

लबों से छूके वो ताजा गुलाब देता है
कि जैसे फूल में भरकर शराब देता है
चलो वो कहता है तुम साथ मेरे खजुराहो
मैं चुप रहूं तो दुपट्टा जवाब देता है।
-उमाश्री, होशंगाबाद (मप्र)

उसकी याद में हम बरसों रोते रहे
बेवफा वो निकले बदनाम हम होते रहे
प्यार में मदहोशी का आलम तो देखिए
धूल चेहरे पे थी हम आईना धोते रहे।
-सुरेश कुमार मेघवाल, कोछोर, सीकर (राज)

रिश्तों में वो पहले वाली बात नहीं रही
दिल में संजो लें ऐसी सौगात नहीं रही
मोहब्बत विज्ञापन या प्रोडक्ट बन गई है
दीवाना कर दे ऐसी मुलाकात नहीं रही।
-सुधा गुप्ता अमृता, कटनी (मप्र)

पास आपके दुनिया का हर सितारा हो
दूर आपसे गम का किनारा हो
जब भी आपकी पलकें खुलें सामने वही हो
जो आपको दुनिया में सबसे प्यारा हो।
-कु. रागिनी तायवाड़े, राजनांदगांव (छग)

तमाम ख्वाब देखे एक और देखना है
कभी रूबरू जब होंगे जी भरके देखना है
हम तो हंसते मुस्कराते हुए जी रहे हैं
बस इसी दीवानगी का असर देखना है।
-उर्मिला यादव, भोपाल (मप्र)

सपना किसी भी आंख के अंदर नहीं मिलता
शोले धधक रहे हैं समंदर नहीं मिलता
मुट्ठी में रख सके जो मुकद्दर को बांध के
इस दौर में ढूंढे तो सिकंदर नहीं मिलता।
-अविनाश बागड़े, नागपुर (महाराष्ट्र)

सखियों से मेरी बातें किया करते हैं, 
जिंदगी से हमारी हमेशा खेला करते हैं। 
जमीन पर मेरा नाम लिखते और मिटाते हैं, 
उनका गुजरता वक्त है,हम मिट्टी में मिल जाते हैं।
-प्रदीप तम्बोली, प्रतापगढ़ (राज.)

नफ़रतों की नहीं कोई बयार है नारी, 
मां की ममता है, बहन का प्यार है नारी। 
ये नए रिश्तों को बखूबी निभा लेती, 
आन पे बन आए तो तलवार है नारी।
-अमर मलंग, कटनी (मप्र)

कुछ लोग जरा-सा सबर नहीं रखते 
इंसान पहचानने की नजर नहीं रखते 
चीर तो सकते हैं पहाड़ों का सीना 
हम सच बोलने का मगर जिगर नहीं रखते।
-नरेंद्र तायवाड़े, राजनंदगांव (छग)

Wednesday, August 31, 2016

मैं जानता हूं कि.....ज़हीर कुरेशी
















मैं जानता हूं कि
फिर उम्र भर नही लौटी
नदी पहाड़ से बिछुड़ी
तो घर नहीं लौटी।

लहर ने वादा किया था कि
तट को छुएगी ज़रूर,
है तट प्रतीक्षा में,
लहर नहीं लौटी।

खिले हजारों की संख्या में
फूल सूर्यामुखी,
फिर उस तरह की
कभी दोपहर नहीं लौटी।

इतना तो तय था कि
अस्मत लुटा के लौटेगी,
सुबह की भूली
अगर रात भर नहीं लौटी।

वो कर रही है परिस्कार
भूल अपनी का,
उधर से चल पड़ी थी,
इधर नहीं लौटी।

विचारने के अलावा भी
क्या किया जाए,
हमारी आँखो तलक नींद
अगर नहीं लौटी।

मनुष्य-लोक को दौड़ा
तो स्वर्ग-लोक गए,
वहां पहुंचने की
अब तक खबर नहीं लौटी।


-ज़हीर कुरेशी

Tuesday, August 30, 2016

कंगाल...विभा रश्मि

 महानगर के व्यस्त चौराहे के रेड सिग्नल पर ट्रैफ़िक के रुकते ही छुट-पुट सामान बेचने वालों और भिख़ारियों की सक्रियता देखने लायक़ होती। वे कारों के निकट आकर बंद खिड़की के काँच पर हथेली से ठकठकाते 
ताकि अपना सामान बेच सकें।
 वे बच्चों के लिये रंगीन स्लेट, खिलौने, मोबाइल चार्जर, डस्टर आदि बेचने की चेष्टा करते। 
 कुछ भीख माँगती औरतें-बच्चे परेशान करते।
कार की अधखुली विंडो से लोग सामान का मोल-भाव करते। कहीं सौदा पट जाता, कहीं नहीं। 
 सारा दिन मुंबई महानगर के व्यस्त चौराहों व जंक्शनों पर यही चलता ।
"वो देख! एक सिल्वर कलर की कार रुकी।"
 फूल बेचने वाली लड़की उस तरफ़ लपकी, पीछे की सीट पे एक महिला पसरी हुई थी। 
 उसने आधी विंडो खोली और लड़की से लाल गुलाब के गुच्छे के लिये मोल-तोल शुरू कर दिया।
"कितने का देगी?"
"साठ का है...ताजे़ लाल गुलाब...ले ले मेम साब," वो विनती कर रही थी।
"तीस में दे जा।"
"ना...ना, खरीद नहीं।"
"बोहनी का टेम है, …अच्छा चालीस दे दे।"
लड़की ने इंकार किया।
सिग्नल की लाल लाइट पीली हो गयी थी। लड़की ने खिड़की के भीतर अपना गुलदस्ता महिला को पकड़ा दिया।
"जल्दी पैइसा बाहर फेंक दे सेठानी ....आंटी।"
महिला ने मोटे पर्स से पाँच सौ का नोट निकाला और हवा में लहरा दिया।
"छुट्टे हैं इसके?"

"न..नहीं... पण.. तू फूल फेंक, ...नहीं देगी मैं... चोरनी," लड़की बिफ़र गई।
कार का काला विंडो ग्लास धीरे-धीरे बंद हो गया। कार ने तेज़ी पकड़ ली। ट्रैफ़िक फिर चलने लगा था।
कार में बैठी महिला ने ताज़े सुर्ख़ गुलाब के फूलों को सूँघा... फ्री में हथियाए गुलदस्ते को पा वो फूली नहीं समाई।
ड्राइवर ने अपने आइने में देखा लड़की बिसूरती हुई पीछे भाग रही थी। 
उसने गाड़ी धीमे करते हुए साइड में लगा ली। महिला चिल्लाई, "क्या कर रहे हो!"

उसने अपनी विंडो खोली और लड़की को आने का इशारा किया। लड़की पास आई तो उसने अपनी जेब से चालीस रुपए निकालकर उसके हाथ में थमा दिए।


-विभा रश्मि
vibharashmi31@gmail.com

Saturday, August 27, 2016

इश्क़ की सौग़ात बची रह गयी है...ज़िया फ़ारूक़ी



मेरी आँखों में जो थोड़ी सी नमी रह गयी है
बस यही इश्क़ की सौग़ात बची रह गयी है

वक़्त के साथ ही गुल हो गए वहशत के चराग़
एक स्याही है जो ताक़ों पे अभी रह गयी है

और कुछ देर ठहर ऐ मेरी बीनाई कि मैं
देख लूँ रूह में जो बखिया-गरी रह गयी है

आईनो तुम ही कहो क्या है मेरे होंटों पर
लोग कहते हैं कि फीकी से हंसी रह गयी है

बोझ सूरज का तो मैं कब का उतार आया मगर
धूप जो सर पे धरी थी, सो धरी रह गयी है

यूं तो इस घर के दर-ओ-बाम सभी टूट गए
हाँ मगर बीच की दीवार अभी रह गयी है
-ज़िया फ़ारूक़ी 
बीनाई = नज़र