Showing posts with label विनोद प्रसाद. Show all posts
Showing posts with label विनोद प्रसाद. Show all posts

Saturday, July 25, 2020

रंग फूलों के निखरने लगे ...विनोद प्रसाद

अब तक कुछ किया नहीं, तबियत के मुताबिक
बस निभाते रह गए फकत,रवायत के मुताबिक

कू ब कू शोर बहुत है गुलशन में बहार आने की
रंग फूलों के निखरने लगे लताफ़त के मुताबिक

जोरे हुकूमत से तो सर झुका नहीं सकते अपना
तस्लीम किया करते हैं हम,वज़ाहत के मुताबिक

ताउम्र एहतिराम किया चाहा किया दिल से जिसे
पेशे नजर हम जब भी हुए,ज़ियारत के मुताबिक़

है बात दीगर दर्दो गम कुछ ज्यादे मिले उल्फत में
हर चीज कहाँ बँटती है अब वसियत के मुताबिक

उस दिन के बाद लौटकर फिर गुजरे नहीं गली से
अब आईने में भी पराए से हुए सूरत के मुताबिक

वक्त की रफ्तार में, हस्ती हमारी कुछ भी तो नहीं
मिलना है जो मिलता है इस किस्मत के मुताबिक

कैद ए हयात से न मिली अब तक निजात हमको
चंद सांसों की बस इजाजत जमानत के मुताबिक
-विनोद प्रसाद

Saturday, May 16, 2020

महजबी अलाव को सलाम ...विनोद प्रसाद

धूप को सलाम है,है छांव को सलाम
छोड़ जो आए हरेक गाँव को सलाम

निःस्वार्थ समर्पित है सेवार्थ सभी के
तपते रास्तों के नंगे पाँव को सलाम

लहरों को नमन प्रणाम आँधियों को
मंझधार में डूबी उस नाव को सलाम

टीस ने जो गीत बुने आपका आभार
जख्मों से उपजे हुए धाव को सलाम

मन्दिर ओ मस्जिद नहीं बस्तियाँ जलाते
सुलगे हुए महजबी अलाव को सलाम

उँची सियासती कद को है मेरे आदाब
आदमी के गिरते हुए भाव को सलाम
-विनोद प्रसाद

Saturday, May 2, 2020

छाँह कहाँ रह गई ....विनोद प्रसाद

मनचाही जाने अब चाह कहाँ रह गई
पहुँचा दे घर तलक,राह कहाँ रह गई

दंतहीन वृक्ष खड़े रास्तों में कतारों से
सुलग रही धूप में छाँह कहाँ रह गई

कहाँ रह गई हमारे आंगन की रौनकें
ओट से निहारती निगाह कहाँ रह गई

हो गया गंदला मानसरोवर सा यह मन
प्रीत गंगा में भी वह,थाह कहाँ रह गई

रिश्ते भी ऐसे कर्ज ढोते हैं एहसानों के
अब तो संबंधों में निबाह कहाँ रह गई

बच्चे की किलकारी भी शोर हो गई है
घर के बुजुर्गों की सलाह कहाँ रह गई

अब हौसले भी नहीं हैं जीने के अपने
यह जिन्दगी होके तबाह कहाँ रह गई
-विनोद प्रसाद

Monday, April 13, 2020

आदमी की नीयत बिगाड़ देती है ...विनोद प्रसाद

चित्र में ये शामिल हो सकता है: 1 व्यक्ति, पाठ और बाहर
अच्छे अच्छों को बुरी सोहबत बिगाड़ देती है
एक दीवार महज घर की सूरत बिगाड़ देती है

मालूम न हो आप को फरज़न्द हैं बड़े घर के
मज़लूमों की भूख जब गुरबत बिगाड़ देती है

जेबें खाली हों, फिर शौक दिल में क्या रखना
लोगों को गैर मुनासिब जरुरत बिगाड़ देती है

अपनी ही मिल्कियत से मुत्तफ़िक अगर नहीं
बाज बेवक्त आदमी की नीयत बिगाड़ देती है

जज़्बा ए उल्फत से है बची रौनकें जहान की
नफरत की चिनगारी तो जन्नत बिगाड़ देती है

खुदगर्ज ख़्वाहिशों की चाहत तो नहीं होती है
इल्जाम किसलिए कि उल्फत बिगाड़ देती है
-विनोद प्रसाद