Showing posts with label डॉ. ऋचा सत्यार्थी. Show all posts
Showing posts with label डॉ. ऋचा सत्यार्थी. Show all posts

Friday, June 21, 2019

ज़माने का चलन .....डॉ. ऋचा सत्यार्थी

हर दिशा में लम्हा-लम्हा बो गया है
कह के हमसे अलविदा वह जो गया है

कर लिए सूरज से समझौते घटा ने
उजली सुबह का वादा सो गया है

इस शहर में ख़ुशनुमा है आज मौसम
यह समां रंगीन, लेकिन, खो गया है

था किनारे का हंसी मंज़र छलावा
गम के सागर में डुबो हमको गया है

दुश्मनों से प्यार, नफ़रत दोस्तों से
यह ज़माने का चलन हो गया है

-डॉ. ऋचा सत्यार्थी

Saturday, December 17, 2016

बेटी............डॉ. ऋचा सत्यार्थी



प्यार भरा 
एक गीत है बेटी 
जीवन का 
संगीत है बेटी....

बेटी जैसे 
शीतल बयार 
बेटी जैसे 
रिमझिम फुहार 
जो महककाए 
घर का आंगन 
बेटी है 
वो खिली बहार 
एक सुहाना 
मौसम जैसे 
ऐसे मन का 
मीत है बेटी...

बेटी काजल 
बेटी कंगना 
बेटी मंदिर 
बेटी अंगना 
बेटी से 
संसार है अपना 
बेटी से ही 
हर इक सपना 
सात रंगों 
का इन्द्रधनुष 
जीवन भर की 
प्रीत है बेटी..

बेटी लक्ष्मी
बेटी सीता 
बेटी कुरान 
बेटी गीता 
बेटी है 
एक गौरव गाथा 
बेटी है तो 
सब जग जीता 
संस्कारों की 
डोर बंधी 
जैसे पावन 
रीत है बेटी....!

-डॉ. ऋचा सत्यार्थी
.......मधुरिमा से