Showing posts with label कुँवर कुसुमेश. Show all posts
Showing posts with label कुँवर कुसुमेश. Show all posts

Thursday, November 9, 2017

तारों के पीछे....कुँवर कुसुमेश

छिपी है शै कोई तारों के पीछे,
ख़ुदा होगा चमत्कारों के पीछे.

मेरे महबूब तू गुम हो गया है,
सुकूने-दिल है दीदारों के पीछे,

सुना है डॉक्टर हड़ताल पर हैं,
खड़ी है मौत बीमारों के पीछे.

खबर सच्ची नहीं मिल पा रही है,
है कोई हाथ अखबारों के पीछे.

हमेशा प्यार से हिल मिल के रहना,
यही पैग़ाम त्योहारों के पीछे.

तेरे अपने 'कुँवर' दुश्मन हैं तो क्या,
चला चल तू इन्हीं यारों के पीछे.
  
 *************
शै = चीज़,  दीदार = दर्शन, 
सुकूने-दिल = दिल का सुकून.

Saturday, January 16, 2016

हो गया यार वो बरी कैसे.......कुँवर कुसुमेश


रस्मे-दुनिया उलट गई कैसे। 
बर्फ़ में आग ये लगी कैसे।

वो न आये,तो कौन आया है ?
हो गई शाम सुरमई कैसे ?

वो है इल्मे-अदब से नावाक़िफ़,
कर रहा फिर भी शायरी कैसे ?

जेल से छूटने लगे मुल्ज़िम,
हो गया यार वो बरी कैसे।

ज़िन्दगी में अजीब हलचल है,
कट रही फिर भी ज़िन्दगी कैसे।

प्यार का अब सुबूत क्या माँगूं,
तुमने देखा, लिपट गई कैसे।

शेर मैंने "कुँवर" कहा था जो,
कह गया शेर वो वही कैसे।


-कुँवर कुसुमेश