Showing posts with label सुदर्शन रत्नाकर. Show all posts
Showing posts with label सुदर्शन रत्नाकर. Show all posts

Monday, March 26, 2018

अहसासों की नदी......सुदर्शन रत्नाकर


एक नदी बाहर बहती है रिश्तों की
एक नदी भीतर बहती है अहसासों की।

नदी के भीतर कुछ द्वीप हैं 
बन्धनों के नदी में प्राण हैं साँसों के।
नदी उफनती भी है,
नदी सूखती भी है।

कुछ बन्धन हैँ काँटों के
कुछ रिश्ते हैं फूलों के
मैंने जीवन में जो बोया है
उसको ही काटा है;
दु:ख झेला और
कतरा-कतरा सुख बाँटा है।

अपनों का दिया विष पी-पीकर
अमृत के लिए मन तरसा है;
कितनी नदियाँ झेली हैं बाहर
कितनी नदियाँ झेली हैं भीतर
एकान्त कोने में 
मन हरदम बरसा है ।
-सुदर्शन रत्नाकर