Showing posts with label वर्डप्रेस पूजा प्रियंवदा. Show all posts
Showing posts with label वर्डप्रेस पूजा प्रियंवदा. Show all posts

Saturday, September 1, 2018

तेरा चाव लागा जैसे कोई घाव लागा……पूजा प्रियंवदा

मुस्कान के थोड़ा पीछे देखो
जहाँ न बोला जाने वाला लफ्ज़
उसने दांतों से काट कर
छुपाया था

देखना काजल की पतली रेख
काँपते हाथों से भी
बिलकुल सीढ़ी खींची थी
एक भी आँसू जिसके
पार न आ पाए

आधी मिटी मेहँदी
लाल-चमकीली अब फीकी
नाखून पोलिश
पिछले त्यौहार की थकान
किसी से नहीं कहती

पति के पुराने फ़ोन से
वो लेती है खुद के सेल्फी
देखने को कि
कैसी दिखती है
उसकी गुमशुदी !
-पूजा प्रियंवदा
मूल रचना




Friday, August 24, 2018

पार्श स्वर...पूजा प्रियंवदा


वहाँ कहीं बहुत दूर 
उसका मुश्किल नाम वाला 
जर्मन गाँव रहता है

मैं अक्सर बैठी मिलती हूँ 
उस तालाब के किनारे 
जो जाड़ों में 
बर्फ हो जाता है
और याद करती हूँ 
दिल्ली की धूप

मेरी भाषा नहीं जानते उसके लोग 
मेरा भूरा रंग 
उनके लिए अनमना है 
जैसे किसी तस्कर ने 
हिंदुस्तानी इतिहास की रेत 
की एक मुट्ठी 
चुपचाप बिखेर दी 
उनके श्वेत किनारों पर

कहानियाँ रंग बिरंगे धागों जैसी 
देखो तो बस उलझी हैं 
समझो तो जैसे कोई 
नक्श उभरने वाला है

गाँठें बांधती तो हैं 
दो सिरे 
लेकिन याद के रेश्मी धागे 
कब खींच ले 
गिरह खोलकर सारी 
कौन जाने

यहीं कहीं 
बर्फ में ढका 
कब्रिस्तान इनका 
न जाने कौन सी भाषा में 
लिखें ये मेरा नाम 
मेरी कब्र पर !
-पूजा प्रियंवदा