Showing posts with label चाँद शेरी. Show all posts
Showing posts with label चाँद शेरी. Show all posts

Saturday, December 16, 2017

‘मीरो-ग़ालिब’ की शाइरी रखना........................चाँद शेरी

अपने जीवन में सादगी रखना
आदमियत की शान भी रखना

डस न ले आस्तीं के सांप कहीं
इन से महफ़ूज़ ज़िंदगी रखना

हों खुले दिल तो कुछ नहीं मुश्किल
दुश्मनों से भी दोस्ती रखना

मुस्तक़िल रखना मंज़िले-मक़सूद
अपनी मंज़िल न आरज़ी रखना

ए सुख़नवर नए ख्यालों की
अपने शेरों में ताज़गी रखना

अपनी नज़रों के सामने ‘शेरी’
‘मीरो-ग़ालिब’ की शाइरी रखना
-चाँद शेरी

Monday, November 16, 2015

फैसला इम्तिहान पर होगा..............चाँद शेरी


जब परिन्दा उड़ान पर होगा
तीर कोई कमान पर होगा

देश की एकता का सुर इक दिन
देखना हर जबान पर होगा

छिड़ गई फिर वही महाभारत
रक्स शकुनी की तान पर होगा

देश का हर जवान सरहद पर 
खेतवाला मचान पर होगा

कस्मे-वादे निभा के चल वर्ना,
हुस्न तेरा ढलान पर होगा

क्या पता था बुरी नजर का असर
हिन्द के खानदान पर होगा

तुझमें कितना है हौसला 'शेरी'
फैसला इम्तिहान पर होगा। 
-चाँद शेरी