Showing posts with label नई सोच. Show all posts
Showing posts with label नई सोच. Show all posts

Thursday, February 13, 2014

कविताएं..... मन से प्रसवित होती है..........यशोदा



कितना आसान है
तोड़ना...

आदतों में शुमार है
तोड़ना...


 

तोड़े जाते हैं
विधायक और सांसद
भला होता है
दोनों का

 

पर.....
दुख होता है
तोड़े जाने का...
शब्दों को...
कितनी आसानी से
तोड़-मरोड़ डालतें हैं
ये गरीब शब्दों को
भाव ही बदल जाते हैं
शब्दों के...
तोड़े जाने के बाद

ज़रा पढ़िये ध्यान से
मूल कविता
और जोड़-तोड़ कर
बनाई कविता को
दोनों के भाव में
फर्क महसूस होगा
बिलकुल वैसा ही
जैसे....
शक्कर की मिठास और
सैकरीन की कड़ुवाहट
भरी मिठास में होता है....

एक अनुनय
कविताएं.....
मन से प्रसवित होती है
मूल रूप में ही रहने दें
-यशोदा

Tuesday, January 3, 2012

नए साल का शोर है......................गोविंद सेन


नए साल का शोर है, नई नहीं है बात।
महज नाम ही बदलते, कब बदले हालात॥

वही दिसंबर-जनवरी, वही फरवरी-मार्च।
नहीं फेंकती रोशनी, बिगड़ गई है टार्च॥

बड़ी-बड़ी है मछलियां, छोटे हैं तालाब।
चुटकीभर है जिन्दगी, मुट्टीभर हैं ख्वाब॥

खेतों में खटता रहा, होरी भूखे पेट।
भैयाजी होते रहे, निस-दिन ओवर वेट॥

हम धरती के पूत हैं, वे राजा के पूत।
वो रेशम की डोरियां, हम हैं कच्चे सूत॥

पैसा उनका ज्ञान है, पैसा उनका धर्म ।
लज्जित होते ही नहीं, करके काले कर्म॥

ऊंचाई का दंभ है, ऊंचाई से प्यार।
हाथी भी लगता उसे, चींटी जैसा यार।

महक रहे हैं आप तो, जैसे कोई फूल।
कीचड़ अपनी जिन्दगी, हम पांवों की धूल॥
 

खेती-बाड़ी, गाड़ियां, यहां-वहां दस प्लॉट।
पांच साल में हो गए, भैयाजी के ठाट॥

घरवाली भाती नहीं, परनारी की चाह।
बेघर तू हो जाएगा, घर की कर परवाह॥

मिटे नहीं हैं फासले, घटे नहीं हैं भेद।
चिंता बढ़ती जा रही, बढ़े नाव में छेद॥

-----------गोविंद सेन

Monday, December 12, 2011

मैं ही प्रथम और मैं ही अंतिम हूं...............एक पुस्तक 11 मिनट से

क्योंकि मैं ही प्रथम और मैं ही अंतिम हूं


क्योंकि मैं ही प्रथम और मैं ही अंतिम हूं
मैं ही सम्मानित और मैं ही तिरस्कृत हूं
मैं ही भोग्या और मैं ही देवी हूं
मैं ही भार्या और मैं ही कुमारी हूं
मैं ही जननी और मैं ही सुता हूं
मैं ही अपनी माता की भुजाएं हूं
मैं बांझ हूं किंतु अनेक संतानों की जननी हूं
मैं विवाहिता स्त्री हूं और कुंवारी भी हूं
मैं जनित्री हूं और जिसने कभी नहीं जना वो भी मैं हूं
मैं प्रसव पीड़ा की सांत्वना हूं
मैं भार्या और भर्तार भी हूं
और मेरे ही पुरूष ने मेरी उत्पत्ति की है
मैं अपने ही जनक की जननी हूं
मैं अपने भर्तार की भगिनी हूं
और वह मेरा अस्वीकृत पुत्र है
सदैव मेरा सम्मान करो
क्योंकि मैं ही लज्जाकारी और मैं ही देदीप्य मान हूं

तीसरी या चौथी सदी ई. पू. नाग हम्मापदी से प्राप्त -पाओलो कोएलो
प्रस्तुति करण करने वाले मेरे भाई हैं श्री गजेन्द्र प्रताप सिंह