Showing posts with label प्राण शर्मा. Show all posts
Showing posts with label प्राण शर्मा. Show all posts

Tuesday, February 7, 2017

प्यार में रस्साकसी....प्राण शर्मा


नित नयी नाराज़गी अच्छी नहीं
प्यार में रस्साकसी अच्छी नहीं

दिल्लगी जिंदादिलों से कीजिये
दिलजलों से दिल्लगी अच्छी नहीं

एक रब हैऔर हैं मजहब कई
बात दुनिया में यही अच्छी नहीं

ज़िन्दगी है,ज़िन्दगी में दोस्तो
हर घड़ी संजीदगी अच्छी नहीं

`प्राण` मिलते हैं कहाँ ये रोज़-रोज़
दोस्तों से दुश्मनी अच्छी नहीं
-प्राण शर्मा

Saturday, February 4, 2017

पतंग उड़ी है बसंत में......प्राण शर्मा


खुशबू भरी बयार बही है बसंत में
फूलों की ख़ूब धूम मची है बसंत में

फूलों के जेवरों से सजी है बसंत में
हर वाटिका दुल्हन सी बनी है बसंत में

आओ चलें बगीचे में कुछ वक़्त के लिए
क्या गुनगुनी सी धूप खिली है बसंत में

उस शोखी का जवाब नहीं दोस्तो कहीं
जिस शोखी में पतंग उड़ी है बसंत में

कम्बल,रजाइयों की ज़रुरत नहीं रही
सर्दी की लहर लौट गई है बसंत में

कण-कण धरा का आज हुआ स्वर्ण की तरह
ये किसकी `प्राण` जादूगरी है बसंत में

-प्राण शर्मा



Thursday, December 15, 2016

रहने दो मन को फूल सा..........प्राण शर्मा

बेचारियों के मन सदा क्योंकर दुखाओ तुम
फूलों पे बैठी तितलियों को क्यों उड़ाओ तुम

रहने दो मन को फूल सा ऐ मेरे हमसफ़र
पत्थर की तरह क्यों उसे पत्थर बनाओ तुम

कड़वे फलों के पेड़ों की भी हैं ज़रूरतें
मीठे फलों के पेड़ों को चाहे लगाओ तुम

गंगा का साफ़ पानी है पीने के वास्ते
क्यों मैल अपने जिस्म की उसमें मिलाओ तुम

मन में बसाये बैठे हो बचपन से प्यार को
अब प्यार की जगह पे घृणा क्यों बसाओ तुम

वो झुक के तुमको रोज़ ही सिर पर बिठाता है
ऐ `प्राण` कभी तो उसे सिर पर बिठाओ तुम

-प्राण शर्मा

Tuesday, December 6, 2016

लाल आँखें दिखाया नहीं करो............... प्राण शर्मा

बेहाल खुद को रोज़ बताया नहीं करो 
खुश हो तो दुःख की बात सुनाया नहीं करो

मन तो तुम्हारे फूल से कोमल हैं दोस्तो 
सोचों का बोझ इनसे उठाया नहीं करो 

कहते हैं, चिट्ठी लिख के बताना जरूरी है 
चुपके से दूर गाँव से आया नहीं करो 

माना कि भूल जाना कभी होता है मगर 
हर बार मेरी बात भुलाया नहीं करो 

उड़ जाएगा वो आप ही कुछ देर बैठ कर 
यूँ ही कोई परिंदा उड़ाया नहीं करो 

हर बच्चा देख के इन्हें डर जाता है हजूर 
गुस्से में लाल आँखें दिखाया नहीं करो 

अपनी भले ही कसमों को खाया करो मगर 
ऐ "प्राण" माँ की कसमों को खाया नहीं करो

-प्राण शर्मा