Showing posts with label श्रीमती आशा शैली. Show all posts
Showing posts with label श्रीमती आशा शैली. Show all posts

Monday, June 5, 2017

रात ग़ालिब तिलमिलाया देर तक.....श्रीमती आशा शैली


ज़िन्दगी ने आज़माया देर तक।
दर्द ने रिश्ता निभाया देर तक।।

हम ज़माने पर बहुत भारी पड़े,
प्यार का जादू चलाया देर तक।

बे वजह बरबादियों का सिलसिला,
रास ही हमको न आया देर तक।

देखकर महफ़िल की ये ज़िंदादिली,
रात ग़ालिब तिलमिलाया देर तक।

इक ग़ज़ल बढ़िया-सी कहने के लिए,
हर रुकन हमने मिलाया देर तक।
-श्रीमती आशा शैली 

Wednesday, April 12, 2017

उसके सिवा कोई न था............श्रीमती आशा शैली


मुझको बस इक आसरा, उसके सिवा कोई न था
जिस घड़ी कश्ती का मेरी नाखुदा कोई न था।

हैं मेरी तन्हाइयाँ पुरनूर तेरी याद से
तू ही तू था पास मेरे, दूसरा कोई न था।

तुमने मेरा हाथ थामा, मेरे रहबर आनकर
सामने मेरे बचा जब रास्ता कोई न था।

मैं तेरे दर पर सदा देती रही शामो-सहर
ये भी सच है पास मेरे मसअला कोई न था।

बंद आँखों से तेरा दीदार 'शैली' ने किया
एक पल भी दिल में मेरे दूसरा कोई न था।
-श्रीमती आशा शैली 


Monday, April 10, 2017

काँटे हैं मेरे साथ बहुत........श्रीमती आशा शैली


नदी हूँ हर तरफ़ बहने की राह रखती हूँ
कोई हो रास्ता उस पर निगाह रखती हूँ

ये और बात है, काँटे हैं मेरे साथ बहुत
गुलाब हूँ मैं महक बेपनाह रखती हूँ

हरएक चीज़ से है प्यार का मेरा रिश्ता
हरएक फूल की मैं दिल में चाह रखती हूँ

तुम्हारी आँख में खटके न कहीं मेरी हँसी
दबा के होंठ मैं नीची निगाह रखती हूँ

हैं मेरे सीने में भी ग़म के कोहसार बहुत
मैं उन में नरगिसी फूलों की चाह रखती हूँ

बुलन्दियों की तरफ़ हर कदम ही चलना है
मैं आसमान पे शैली निगाह रखती हूँ
-श्रीमती आशा शैली 
मूल रचना

Sunday, April 9, 2017

जोड़-तोड़.....श्रीमती आशा शैली

बहुत गरीब थी वह, न घर न रोजग़ार। कभी दिहाड़ी-मज़दूरी मिल जाती और कभी-कभी उसमें भी नागा हो जाता। किराये के एक कमरे में ही नहाना-खाना और सोना सभी कुछ। पति का यह हाल था कि कभी कमाया, कभी घर बैठ कर दारु पी ली और माँ-बेटी को पीट दिया। माँ को मजूरी मिल गई तो जै-हरि वर्ना जो घर में हुआ उसी से काम चला लिया। पति चार दिन आ जाता और फिर गायब हो जाता। कभी-कभी माँ-बच्चों को दूसरों का दरवाज़ा भी देखना पड़ता। मायका दस घरों की दूरी पर होने के कारण उन्हें भूखा सोना नहीं पड़ता था वर्ना ऐसा होने में भी कोई कसर नहीं थी। 



ऐसे में उसका छोटा बच्चा बीमार हो गया। दर्द से छटपटाते बच्चे को लेकर वह डाक्टर के पास गई तो डाक्टर ने आप्रेशन करने को कह दिया। कुल ख़र्चा लगभग दस हज़ार बताया गया। जिस औरत के पास पैरों के लिए चप्पल ख़रीदने के पैसे न हों उसके लिए दस हज़ार आकाश-सुमन ही तो था, परंतु माँ थी वह, बच्चे को तड़पता कैसे देख सकती थी?

पूरे गाँव में इस घर से उस घर मदद माँगते उसे जब पन्द्रह दिन हो गए तो गाँव के मुखिया ने उसे सरकारी अस्पताल ले जाने की सलाह दी जहाँ बिना पैसे के बच्चे का आपरेशन हो सकता था।

बच्चे की माँ सोच रही थी कि इतना बड़ा गाँव है, यदि कुछ लोग उसे पाँच-पाँच सौ रुपये भी दे दें तो वह बच्चे के इलाज के बाद भी कुछ तो बचा ही लेगी और कुछ दिन का पेट का गुज़ारा हो जाएगा, परन्तु ऐसा नहीं होना था सो नहीं हुआ। 

पूरे गाँव में गिड़गिड़ाने के बाद भी उसे कहीं से एक पैसे की भी सहायता नहीं मिली। पंचायत प्रधान ने तरस खाकर बच्चे को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवा दिया। 

रैडक्रास की सहायता से बच्चे का इलाज तो हो गया परन्तु उसका जोड़-तोड़ धरा का धरा रह गया। उसकी दिनचर्या घूम फिर कर उसी पुराने ढर्रे पर आ गई।

-श्रीमती आशा शैली 

Tuesday, April 4, 2017

जिन्दग़ी वो सवाल देती है..........श्रीमती आशा शैली


ज़ीस्त तोहफ़े कमाल देती है
पेचो-ख़म सब निकाल देती है।

एक छोटी खुशी हमें अक्सर
ग़म के साँचे में ढाल देती है।

ता-कयामत न जिनका हल निकले
जिन्दग़ी वो सवाल देती है।

दिल की नादान-सी कोई लग़्ज़िश
जिन्दग़ी भर मलाल देती है।

इक तसव्वुर की झील सावन-सी
कश्तियों को उछाल देती है।

आँख उसकी हमारे अश्कों को
दामने दिल में डाल देती है।

तुम ज़ुबां से निकाल कर देखो
बात घर से निकाल देती है।
-श्रीमती आशा शैली 

Thursday, January 12, 2017

दर्द की ये भी है संगदिली दोस्तों........श्रीमती आशा शैली

हर तरफ़ से है देखी हुई दोस्तों। 
फिर भी है ज़िन्दगी अजनबी दोस्तों।।

प्यार को खोज लो हर गली दोस्तों।
प्यार की है ज़रुरत बड़ी दोस्तों।।

प्यार के बिन ग़ुज़रता नहीं एक पल,
कैसे गुज़रेगी ये ज़िन्दगी दोस्तों?

बात जब भी बहारों की होने लगी,
हम पे छाने लगी बेख़ुदी दोस्तों।।

क्या पता कब पटक दें हमें गर्दिशें,
कब कहाँ घेर ले बेबसी दोस्तों।।

ग़म के गहरे समन्दर में कर ग़र्क दे,
एक मासूम-सी सरकशी दोस्तों।।

ताब-ए-ज़ब्त अपनी भी तुम देख लो,
लब पे आई नहीं तिश्नगी दोस्तों।।

अश्क आँखों में आए न लब पे दुआ,
दर्द की ये भी है संगदिली दोस्तों।।

पास सबके यहाँ बाँटने के लिए,
इक कहानी कही-अनकही दोस्तों।।
-श्रीमती आशा शैली 
अनहद कृति से