Showing posts with label मधुरिमा से. Show all posts
Showing posts with label मधुरिमा से. Show all posts

Thursday, September 14, 2017

मौसम बदले, न बदले....अशोक वाजपेई


मौसम बदले, न बदले
हमें उम्मीद की
कम से कम
एक खिड़की तो खुली रखनी चाहिए।

शायद कोई गृहिणी
वसंती रेशम में लिपटी
उस वृक्ष के नीचे
किसी अज्ञात देवता के लिए
छोड़ गई हो
फूल-अक्षत और मधुरिमा।

हो सकता है
किसी बच्चे की गेंद
बजाय अनंत में खोने के 
हमारे कमरे में अंदर आ गिरे और
उसे लौटाई जा सके

देवासुर-संग्राम से लहूलुहान
कोई बूढ़ा शब्द शायद
बाहर की ठंड से ठिठुरता
किसी कविता की हल्की आंच में
कुछ देर आराम करके रुकना चाहे।

हम अपने समय की हारी होड़ लगाएँ
और दाँव पर लगा दें
अपनी हिम्मत, चाहत, सब-कुछ –
पर एक खिड़की तो खुली रखनी चाहिए
ताकि हारने और गिरने के पहले
हम अंधेरे में
अपने अंतिम अस्त्र की तरह
फेंक सकें चमकती हुई
अपनी फिर भी
बची रह गई प्रार्थना।
-अशोक वाजपेई
#हिन्दी दिवस

Friday, February 3, 2017

सूर्य उत्तरायण हुए...इन्दु पाराशर

'लोहड़ी' 'पोंगल' जा चुके
गई मकर संक्रान्ति।
सूर्य उत्तरायण हुए,
होगी शीत समाप्ति।।

नूतन किसलय बांचती,
परिवर्तन का मंत्र। 
कण-कण, तृण-तृण छा रहा,
है ऋतुराज वसंत।।
गेंदे और गुलाब भी,
शिशुओं सो मुस्काए।
किंशुक तरु आतुर खड़ा,
सौ आरती सजाए।।
पशु-पक्षी हर्षित हुए,
आया देख वसंत।
पीली सरसों खिल उठी,
'केकी' हृदय उमंग।।
रंग-बिरंगी तितलियां,
उड़ती है स्वच्छंद।
पागल-प्रेमी भ्रमर भी,
लूट रहे मकरंद।।

बौराए से आम हैं,
कोयल छेड़े तान।
मदमाते महुए झरे,
मन बिकता बेदाम।।

सोने सी बाली पकी,
हर्षित हुआ किसान।
'बेटी ब्याही जाएगी',
मन में है अरमान।।

'बीहू' 'बैसाखी' मनी,
'रबी' फसल के पर्व।
मन 'अनंग' संग गा रहै,
है सबके मन का गर्व।।
मन फागुन-फागुन होगा,
आएगा 'होली' का त्योहार।
सतरंगे रंग बरसेंगे
हर आंगन हर द्वार।।

-इन्दु पाराशर

Friday, January 13, 2017

नदियां.....मृणालिनी धुले









अनन्त पथ गामिनी
होती है नदियां

घरणीधर नंदिनी
दुरूह पथ गामिनी
जीवन प्रवाहिनी
होती है नदियां

पर्वतों को लांघती
प्रस्तरों को तोड़ती
कलकल निनादिनी
होती है नदियां

हरती हैं श्रम स्वेद
मेटती कलुष-भेद
सतत आह्लादिनी
होती है नदियां

घाटी में लिखती
सभ्यता की महती
जीवन संवर्धिनी
होती है नदियां

देवालय, तीर्थ क्षेत्र
इनके हैं तट मित्र
पाप प्रक्षालिनी
होती है नदियां

कृष्णा मणिकर्णिका
कावेरी नर्मदा
अमल जल प्लावनी
होती है नदियां

ब्रम्हपुत्र सुरसरि
क्षिप्रा गोदावरी
परम पुण्य पावनी
होती है नदियां

नदियां हों संरक्षित
इनमें है अपना हित
अनन्त पथ संगिनी
होती है नदियां
-मृणालिनी धुले

Saturday, December 31, 2016

वह साल गया, यह साल चला.....हरिवंशराय बच्चन

मित्रों ने हर्ष-बधाई दी
मित्रों को हर्ष-बधाई दी
उत्तर भेजा, उत्तर आया
'नूतन प्रकाश', 'नूतन प्रभात'
इत्यादि शब्द कुछ दिन गूंजे
फिर मंद पडे, फिर लुप्त हुए
फिर अपनी गति से काल चला;
वह साल गया, यह साल चला।

आने वाला 'कल' 'आज' हुआ,
जो 'आज' हुआ वो 'कल' कहलाया
पृथ्वी पर नाचे रात-दिवस,
नभ में नाचे रवि-शशि-तारे.
निश्चित गति रखकर बेचारे।
यह मास गया, वह मास गया,
ऋतु-ऋतु बदली,मौसम बदला;
वह साल गया, यह साल चला।

झंझा-सनसन. घन-घन-गर्जन,
कोकिल - कूजन, केकी - क्रंदन,
अखबारी दुनिया की हलचल,
संग्राम - संधि. दंगा - फसाद,
व्याख्यान विविध चर्चा-विवाद
हम-तुम यह कह कर भूल गए,
वह बुरा हुआ, यह भला हुआ;
वह साल गया, यह साल चला।

-हरिवंशराय बच्चन
......मधुरिमा से

Friday, December 30, 2016

सब जीवन बीता जाता है.....जयशंकर प्रसाद

धूप छांह खेल सदृश
सब जीवन बीता जाता है

समय भागता प्रतिक्षण में,
नव-अतीत के तुषार-कण में
हमें लगाकर भविष्य-रण में
आप कहां छिप जाता है
सब जीवन बीता जाता है.

बुल्ले, नहर, हवा के झोंके
मेघ और बिजली के टोंके,
किसका साहस है कुछ रोके,
जीवन का वह नाता है
सब जीवन बीता जाता है

वंशी को बज जाने दो
मीठी मीड़ों को आने दो
आंख बंद करके गाने दो
जो कुछ हमको आता है

सब जीवन बीता जाता है
-जयशंकर प्रसाद

Thursday, May 5, 2016

तेरी रहमत की बारिश....आलोक श्रीवास्तव


तुम्हारे पास आता हूँ तो सांसें भींग जाती है
मुहब्बत इतनी मिलती है कि आँखें भींग जाती है

तबस्सुम इत्र जैसा है हंसी बरसात जैसी
वे जब बात करती है तो बातें भींग जाती है

तुम्हारी याद से दिल में उजाला होने लगता है
तुम्हें जब मैं गुनगुनाता हूँ तो सांसें भींग जाती है

ज़मीं की गोद भरती है तो क़ुदरत भी चहकती है
नए पत्तों की आमद से ही शाख़ें भींग जाती है

तेरे अहसास की ख़शबू हमेशा ताजा रहती है
तेरी रहमत की बारिश से मुरादें भींग जाती है

-आलोक श्रीवास्तव
मधुरिमा से.........

Thursday, November 6, 2014

मधुर स्मृतियां..............डॉ. सुरेन्द्र मीणा














 
बवण्डर उठ गया यादों का,
वक़्त के फ़ासलों से धरती पर
अंकुरित होते अतीत के बीज
और हरियाली के साथ लहलहातीं
मधुर स्मृतियां चादर फैला रही है
होठों पर मुस्कुराहट की...
बहने लगी बयार फिर से आज,
शांत दरिया में लहरें फिर से उठने लगी हैं
हिलोरे लेने लगती है
यादों के कंकड़ गिरते ही....।

-डॉ. सुरेन्द्र मीणा

... मधुरिमा से