Showing posts with label डॉ. शैलजा सक्सेना. Show all posts
Showing posts with label डॉ. शैलजा सक्सेना. Show all posts

Tuesday, April 21, 2020

पेड़ .....डॉ. शैलजा सक्सेना


पेड़ 
तुम्हें धन्यवाद 
पिता और प्रपिताओं से खड़े हो 
सदियों से 
हमें सुख देने को.,.
पेड़! तुम्हें धन्यवाद ।


तुम्हारे 
खुरदुरे शरीर पर हाथ फिराती 
सोच रही हूँ 
कि तुम क्या सोच रहे हो?
तुम्हारी धड़कन नहीं सुनाई देती 
पर तुम हहराने लगते हो पत्तियों की आवाज़ में 
ख़ूब बोल सकते हैं पेड़ हवाओं की अनुमति पर 
पूरा जंगल बोल रहा है
गिलहरियों, झींगुरों की आवाज़ में


मैं तुम्हारे झुके तने पर बैठी 
अपनी सारी कल्पना लिए  
तुम्हारे जड़ों की सोच तक घुसने को इच्छुक!


तुम जाने किस स्वर में गूँजने लगे मेरे भीतर 
“इच्छा है 
व्याकुलता नहीं, 
इसी से पहुँच नही पाती जड़ों के सत्य तक “ 


तुम व्याकुल होती तो बुद्ध हो जातीं  
पातीं मुझ से होकर सत्य तक जाने की राह
तुम स्नेहिल होती तो कृष्ण हो जाती  
पातीं मेरी डालों पर पड़े झूले की पींग में प्रेम का आकाश
तुम प्रेमी होतीं तो राम हो जाती
पूछती मुझ से अपने खोये अर्धसत्य का पता  
तुम जिज्ञासु होतीं तो न्यूटन हो जाती 
पातीं मनुष्य की विराटता से बड़ा है धरती का गुरुत्व  


कोई ऋषि हो जाती अगर साधक होती तो 
मेरी जड़ों पर बैठ स्वयं में पैठतीं!


तुम केवल इच्छुक हो  
इच्छा लहर है संकल्प और विकल्प की 
समर्पणहीन सी !
मैं समर्पित हूँ धरती को 
हवा को 
बादल और आकाश को.. 
सदियों का समर्पण 
ही कर पाता है अर्पण कुछ 
अपने को या दूसरे को..”
गूँजा जाने किस स्वर में मेरे भीतर पेड़
मिट्टी के सच की तरह!!
मैं चुपचाप उठी और जंगल के दो फूल उस वृक्ष के नीचे रख,
चल पड़ी!
लगा,
हर वृक्ष बोधि वृक्ष है 
जिसे प्रतीक्षा है अपने लिए किसी शुद्ध मन
बुद्ध की!!

-डॉ. शैलजा सक्सेना

Wednesday, March 7, 2018

गाँठ में बाँध लाई थोड़ी सी कविता................डॉ. शैलजा सक्सेना

आँचल की गाँठ में
हल्दी-सुहाग में 
साथ-साथ बाँध लायी अम्माँ की कविता!

चावल-अनाज में
खील की बरसात से
थोड़ी सी चुरा लायी जीवन की सविता!

मढ़िया की भीत पे
सगुन थाप प्रीत से 
सीने से लगाय लाई थोड़ी सी कविता।

मैया ने अच्छर दिये
बापू ने भाषा दी
भैया के जोश से उठान लाई कविता।

सासू जो बोलेगी
ताने यदि गूँजेंगे,
तकिया बनाय आँसू पोंछेगी कविता!

रौब कोई झाड़ेगा
शेर सा दहाड़ेगा
खरगोश सी सीने में दुबकेगी कविता।

पेट भले भूखा हो
जीवन चाहे रूखा हो
जीवन को जीवन बनाय देगी कविता।

ए मैया, उपकार किया
मुझ को पढ़ाय दिया
मुश्किल की घड़ियों में साथ देगी कविता। 

आँसू में गीत पलें,
लोरी में नींद जले,
जीवन को नदिया बनाय देगी कविता।
-डॉ. शैलजा सक्सेना

Monday, November 27, 2017

साँस भर जी लो.....डॉ. शैलजा सक्सेना

तपो,
अपनी आँच में तपो कुछ देर,
होंठों की अँजुरी से
जीवन रस चखो-
बैठो...

कुछ देर अपने सँग
अपनी आँच से घिरे,
अपनी प्यास से पिरे,
अपनी आस से घिरे,
बैठो...

ताकि तुम्हे कल यह न लगे
साँस भर तुम यहाँ जी न सके।।

-डॉ. शैलजा सक्सेना

Sunday, November 12, 2017

अहसास....डॉ. शैलजा सक्सेना

अकेलापन..
अहसास मन का,

संग-साथ..
कब जीवन भर का ?

वादे ..
रहे अधूरे

सपने..
कब हुए पूरे?,

इच्छा"..
समुद्री तरंगें,

आशा"..
जगाती उमंगें,

अनुभव..
कब सदा मीठा?

यथार्थ.
रहा सदा सीठा,

जाना..
कब स्वीकारा?

इसीलिए..
मन रहा हारा।।

-डॉ. शैलजा सक्सेना

Monday, June 26, 2017

आजकल की लड़कियाँ.......डॉ. शैलजा सक्सेना

नीता चार साल बाद एम.बी.ए. कर के, अच्छी नौकरी पाकर न्यूयार्क से वापस हाथरस अपने घर पहुँची थी। उसे देख कर पूरा घर उमड़ आया। बड़े भैया, भाभी, और छोटी गुडिया सबसे आगे थे, पीछे से दोनों छोटी बहनें खिली पड़ रहीं थीं। मम्मी और दादी, चाची और उनके दोनों बेटे....सारा घर दरवाज़े पर से ही उसे बाँहों में भरने को तैयार था। भाभी ने आरती उतार कर ही उसे घर के अंदर आने दिया। वह हँस रही थी और शर्मा भी रही थी.."ऐसी कौन सी मेहमान है वो!!"
भाई-बहनों से दस बार लिपटने, गाल नोंचने और बाल खींचने के बाद भी किसी को तृप्ति नहीं हो रही थी। अटैची खुलने के साथ तो समां और बदल गया। किसी को वह कुछ देती तो दूसरा उसके पीछॆ भागता..कमरों के बीच बने, अंदर वाले आँगन में सबकी ख़ूब दौड़ भाग हो रही थी। वह भी सब के साथ बच्ची बन गई, चार साल का विदेशीपन, ऊँची पढ़ाई, ऑफ़िस का अच्छा पद, उस सब से जुड़ी सारी गंभीरता..चार पलों में उड़न-छू! भागा-दौड़ी के बीच ही उसे दादी के वो शब्द सुनाई दिये थे, जो वो माँ से कह रही थीं, "बहू! नीता को ज़रा नब (झुक) के चलने को कहो, पहाड़ सी यहाँ से वहाँ डोल रही है, लड़की की जात, उस पर से भारी पढ़ाई! ऐसे छाती निकाल के चलेगी तो लोग क्या कहेंगे? शादी के टोटे पड़ेंगे सो अलग, आजकल की लड़कियाँ भी बस....!!" दादी इसके बाद भी उसकी चिंता में बुदबुदाती रहीं।
नीता ने सुना! उसे लगा,घर की दीवारों ने सुना, आँगन ने सुना, भाई-बहनों ने भी सुना,रसोई ने सुना...वह हतप्रभ रह गई। फिर वह भाई-बहनों के खेल में भाग नहीं ले सकी। यह बात वो बचपन से सुनती आ रही है दादी से.. "ज़रा नब के चलो"!
पर पिछले सालों से वह अमरीका में दूसरी बात सुनती आ रही थी, "सीधे चलो"!
उसकी बॉस अक्सर उसे कहती, "क्या तुम से कोई ग़लती हुई है?"
वह हैरान होकर कहती, "नहीं!!"
"तो झुक कर क्यों बैठती हो?"
वह शर्मिंदा हो कर और सिकुड़ आती। उसकी अफ़सर उसकी "मैन्टोर" (गुरु) भी थीं। कोर्स समाप्त करने के बाद वह "इन्टर्नशिप" के लिये इसी कम्पनी में आई थी और उसका काम इतना अच्छा था कि उसकी अफ़सर ने उसे एक साल बाद जाने नहीं दिया और नौकरी दे दी। काम के साथ काम की प्रस्तुति के बारे में उसने बहुत कुछ "लॉरा", अपनी इस गुरू और अफ़सर से सीखा था। वो अकसर उसे कहतीं,
"तुम्हारे शरीर की भाषा, तुम्हारे बोले हुये शब्दों से अधिक महत्वपूर्ण होती है। अगर तुम झुक कर बैठोगी, खड़ी होगी तो आत्मविश्वास की कमी दिखाई देगी और तुम अच्छा काम करके भी सफल नहीं हो पाओगी। क्या तुम यह बर्दाश्त कर पाओगी कि तुम्हारा "इम्प्रेशन"(प्रभाव) अच्छा न पड़े?
नहीं! असफलता का कोई विकल्प नहीं है उसके लिये। नीता ने बहुत मेहनत करी है इस पड़ाव तक आने के लिए, अब इस एक छोटी सी बात के लिये वह अपनी सफलता के सपनों को दाँव पर नहीं लगा सकती!
पर तब भी बहुत कोशिशों के बाद भी वह आदतन झुक जाती। बहुत लम्बा समय लगा उसे और "लॉरा" उसे बराबर समझाती, टोकती रही, बिल्कुल दादी की तरह मगर बिल्कुल उल्टी बात के लिये।
और बाद में दोबारा शर्मिंदा हुई थी वह यह जान कर कि उसकी गर्दन और पीठ का तेज़ दर्द केवल इसलिये था क्योंकि वह सीधे नहीं चलती, सीधी नहीं बैठती।
माँ जानती हैं कि उसे किस दर्द और परेशानी से गुज़रना पड़ा था, कितनी रातें हीटिंग पैड पर गुज़ारनी पड़ी थीं! माँ जानती थी कि ऑफ़िस में भी उसे इस बात के लिये टोका जाता है। फोन पर अक्सर वो नीता की बातें सुनकर रुआँसी हो जातीं कि तू इतनी दूर है कि मैं वहाँ आकर तेरी कुछ मदद भी नहीं कर पा रही हूँ। पापा भी यह सब जानते थे..शायद सभी थोड़ा बहुत उसके दर्द के बारे में जानते थे..शायद दादी भी! पर दादी तो दादी हैं..घर की प्रमुख नियंत्रक..कड़क महिला...आज तक किसी ने उनसे पलट कर कुछ नहीं कहा पर उनकी डाँट से सब घबराते थे। बहुत ज़ोर से डाँटती थीं वो।
माँ ने भी उनकी यह बात सुनी, वो कुछ कहने जा रही थीं, कि उन्होंने नीता को हतप्रभ सा खड़ा देखा तो पहले उसके पास आ गईं! नीता के आँखों में एक भाव आता था, एक जाता था! इतनी छोटी सी बात लगती है, सीधे खड़े रहना, सीधे बैठना पर जिसे हमेशा झुक कर चलने को कहा गया हो, उसके लिये सीधे चलने की आदत डालना कितना कठिन होता है, वह जानती है! लॉरा हमेशा कहती.. "इट वोंट हैपन अंटिल यू डू इट (यह तभी होगा जब तुम करोगी)।"
इतनी कोशिशों के बाद उसे अभ्यास हुआ था सीधे बैठने, खडे होने का! और अब...
माँ ने उसे कंधे से घेर लिया, और दादी के पास आते हुए सधी आवाज़ में कहा, "माता जी, नीता को सीधे ही चलना है, सीधा खड़ा रहना है, सीधे ही बैठना है। किसी को अगर इस कारण हमारी लड़की पसन्द नहीं आती तो यह उनकी समस्या है, अब यह कभी झुक कर नहीं चलेगी!"
ड्यौढ़ी पार कर भीतर आते हुये पापा और चाचा ने माँ की बात सुनी, दादी ने भी हैरानी से सुना। आँगन ने सुना, घर की दीवारों ने सुना, बच्चों ने सुना, चौके में चाय बनाती चाची ने सुना..पहली बार नीता ने सुना ..और पाया कि उसकी माँ उस से भी कहीं ज़्यादा सीधी खड़ी है!
-डॉ. शैलजा सक्सेना