Showing posts with label डॉ. भावना. Show all posts
Showing posts with label डॉ. भावना. Show all posts

Friday, June 2, 2017

रात के ठीक बारह बजे.....डॉ. भावना



रात के ठीक बारह बजे
जब मुन्नी बिटिया
किसी परी के देश में
विचर रही होगी बेपरवाह
ठीक उसी वक्त
मेरे जेहन में भी
विचरने लगता है
विचारों का झोंका
उतरने को कागज पर

ठीक उसी वक्त
घड़ी टिक -टिक करती हुई
प्रवेश करती है
नए दिन में

ठीक उसी वक्त
बदल जाता है
दीवार पर लटके
कैलेंडर का एक दिन

ठीक बारह बजे ही सुनाई पड़ती है
चौकीदार की कड़क आवाज़
जागते रहो ,जागते रहो
और भौंकने लगते हैं कुत्ते

रात के ठीक बारह बजे ही
याद आती है
नानी -दादी की कहानी
कि ऐसे ही समय निकलता है
बाॅसों की झुरमुटों से भूत

ठीक बारह बजे ही
मिलती है
भूत और वर्तमान की सीमा -रेखा
शायद इसीलिए
ठीक बारह बजे जन्मे थे
किशन कन्हैया

पर,आज
ठीक बारह बजे
लिख रही हूँ एक कविता
मुझे सहमा देती है
वक़्त की सहनशीलता
कि कैसे झेल पाता है यह
एक दिन के गुजरने की पीड़ा
- डॉ. भावना 
मुजफ्फरपुर, बिहार.


Wednesday, May 31, 2017

रेशमाबाई.............डॉ. भावना














रेशमाबाई
सिर्फ एक नाम नहीं
रेडलाइट एरिया की औरत की

यह पहचान है
पुरूष की पाशविक प्रवृति की

औरत की लाचारी
भूख की अकुलाहट
अशिक्षा रूपी अंधकार
बेकार हाथ

जब तक नहीं रौंदते किसी को
तब तक कोई रेशमा
नहीं बनती "रेशमा बाई"

- डॉ. भावना 
मुजफ्फरपुर, बिहार.

Saturday, March 25, 2017

बताइये मेरी क्लास क्या है ?...डॉ. भावना










हथिया नक्षत्र ने
दिखा दिया है अपना जादू

बारिश की बूँदें
बूंदें नहीं रहीं  धार हो गयी हैं
मूसलाधार
गड्ढे ,नदी -तालाब
सभी भर गये हैं
उमड़ पड़ी हैं जलधाराएं
जिसमें डूब गये हैं खेत -खलिहान

खुश हैं मिडिल -क्लास
कि उमस भरी गरमी से
मिल गयी है निजात

नाखुश हैं लोअर -क्लास
कि मूसलाधार बारिश  ने
ढाह दिये हैं इनके घर
छीन लिया है आशियाना

खुश हैं बच्चे
कि कादो से सन जायेंगी गलियां
और लाख मना करने पर भी
ढाब बने खेत से
मार लायेंगे बोआरी मछरी
वन -विभाग के ऑफिसर खुश हैं
कि आंधी -पानी में गिरे पेड़
बढ़ा देंगे उनकी आमदनी के स्रोत

इस बीच
जबकि हथिया
अब भी दिखा रहा है अपना जादू
मुझे तलब हो आयी है
पकौड़े संग चाय की
बताइये मेरी क्लास क्या है ?
-डॉ. भावना