Showing posts with label साधना वैद. Show all posts
Showing posts with label साधना वैद. Show all posts

Monday, July 13, 2020

प्रकृति – हाइकु..... साधना वैद


मौन मयंक
हर्षित उडुगण
धरा विमुग्ध

गिरि चोटी से
बहे पिघल कर
फेनिल दुग्ध

सूर्य रश्मियाँ
रचें जल कण से
इन्द्रधनुष

विस्मित सृष्टि
पुलकित प्रकृति
मुग्ध मनुष्य

यादें सुलगीं
पिघला दिनकर
सुलगा मन

रोई वसुधा
बादल बन कर
बरसे घन

खिले सुमन
सुरभित पवन
विहँसी उषा

लपेट बाना
गहन तिमिर का
चल दी निशा

हुई सुबह
जगमग हो गयी
संसृति सारी

नीले नभ में
कलरव करतीं
चिड़ियाँ प्यारी

शाम हो गयी
समाधि ली जल में
क्षुब्ध रवि ने

किया उदास
अनुरक्त धरा को
सूर्य छवि ने

घिरी घटाएं
बरसे जल कण
कोयल बोली

मस्त हवा ने
वन उपवन में
खुशबू घोली

नाच रहे हैं
ठुमक ठुमक के
मस्त मयूर

देख रहे हैं
वनचर नभ में
गिरा सिन्दूर

-साधना वैद

Wednesday, July 8, 2020

मुझे अच्छा लगता है ...साधना वैद

इन दिनों
मन की खामोशियों को
रात भर गलबहियाँ डाले
गुपचुप फुसफुसाते हुए सुनना
मुझे अच्छा लगता है !  

अपने हृदय प्रकोष्ठ के द्वार पर
निविड़ रात के सन्नाटों में
किसी चिर प्रतीक्षित दस्तक की
धीमी-धीमी आवाजों को
सुनते रहना
मुझे अच्छा लगता है !
  
रिक्त अंतरघट की  
गहराइयों में हाथ डाल
निस्पंद उँगलियों से
सुख के भूले बिसरे
दो चार पलों को  
टटोल कर ढूँढ निकालना
मुझे अच्छा लगता है !

थकान के साथ
शिथिलता का होना  
अनिवार्य है ,
शिथिलता के साथ
पलकों का मुँदना भी
तय है और
पलकों के मुँद जाने पर
तंद्रा का छा जाना भी
नियत है ! 

लेकिन सपनों से खाली
इन रातों में
थके लड़खड़ाते कदमों से  
खुद को ढूँढ निकालना
और असीम दुलार से
खुद ही को निज बाहों में समेट  
आश्वस्त करना  
मुझे अच्छा लगता है !
-साधना वैद

Friday, February 28, 2020

बेस्वाद ज़िंदगी......साधना वैद


कैसी विचित्र सी मनोदशा है यह ! 
भूलती जा रही हूँ सब कुछ इन दिनों ! 
इतने वर्षों का सतत अभ्यास 
अनगिनत सुबहों शामों का 
अनवरत श्रम 
सब जैसे निष्फल हुआ जाता है 
अब अपनी ही बनाई रसोई में 
कोई स्वाद नहीं रहा 
मुँह में निवाला देते ही 
खाने वालों का मुँह 
किसकिसा जाता है !
कितने भी जतन से मिष्ठान्न बनाऊँ 
जाने कैसा कसैलापन 
जिह्वा पर आकर 
ठहर जाता है !
नहीं जानती मैं ही सब कुछ 
भूल चुकी हूँ या 
खाद्य सामग्री मिलावटी है 
या फिर पहले बड़े सराह-सराह कर 
खाने वालों के मुँह का 
ज़ायका बदल गया है ! 
पकवानों की थाली की तरह ही 
ज़िंदगी भी अब उतनी ही 
बेस्वाद और फीकी हो गयी है जैसे ! 
बिलकुल अरुचिकर, नीरस, निरानंद !


लेखिका परिचय - साधना वैद
मूल रचना

Saturday, September 7, 2019

रफूगिरी.....साधना वैद



सारी ज़िंदगी
मरम्मत करती रही हूँ
फटे कपड़ों की
कभी बखिया करके
तो कभी पैबंद लगा के
कभी तुरप के
तो कभी छेदों को रफू करके !
धूप की तेज़ रोशनी और  
साफ़ नज़र की कितनी
ज़रुरत होती थी उन दिनों
सुई में धागा पिरोने के लिए
और सफाई से सीने के लिए !
मरम्मत तो अब भी
करती ही रहती हूँ
कभी रिश्तों की चादर में
पड़े हुए छेदों को
रफू कर जोड़ने के लिए  
तो कभी ज़िंदगी के
उधड़ते जा रहे लम्हों को
तुरपने के लिए
कभी विदीर्ण मन की
चूनर पर करीने से
पैबंद लगाने के लिए
तो कभी भावनाओं के
जीर्ण शीर्ण लिबास को  
बखिया लगा कर  
सिलने के लिए !
बस एक सुकून है कि
इस ढलती उम्र में
यह काम रात के
निविड़ अन्धकार में ही
बड़े आराम से हो जाता है
इसके लिए मुझे
किसी सुई धागे और
तेज़ रोशनी की
ज़रुरत नहीं होती !!

लेखिका - साधना वैद  

Wednesday, July 3, 2019

दूषित हवा.......साधना वैद


कितना भी चाहे वह बचना
कितना भी चाहे मुँह फेरना  
गाहे बगाहे रोज़ ही उसकी  
मुलाक़ात हो जाती है,
उस सबसे जिससे वह  
पूरी शिद्दत से दूर बहुत दूर
रहना चाहती है  
लेकिन लाख कोशिश करने पर भी
बचने की कोई और सूरत
निकाल नहीं पाती है !
बचना चाहती है वह
उस कड़वाहट से
जो इन दिनों तुम्हारी वाणी का
आभूषण बन गयी है,
और जिसकी कर्णकटु खनक
उसकी बर्दाश्त के बाहर हो गयी है !  
उस नफरत से
जो तुम्हारे छोटे से दिल की
बहुत थोड़ी सी जगह में   
समा न सकने की वजह से
अक्सर ही बाहर छलक जाती है,
और घर में सबके
सुखमय संसार को
पल भर में ही
विषमय कर जाती है !
उस तल्खी से
जिसे इन दिनों शायद
तुमने अपनी ढाल बना लिया है,
और उस कवच की आड़ में
तानों उलाहनों के तीक्ष्ण बाण चला
सबके कोमल दिलों को
तीरंदाजी का पटल बना लिया है !
उस अजनबियत से
जिसे ओढ़ कर तुम अपनी
बदसूरती को सायास
ढकने का प्रयास करते हो,
और अपनी हर बेढंगी चाल से
परत दर परत खोल-खोल कर  
खुद को ही उघाड़ा करते हो !
कितना मुश्किल हो गया है
इतनी दूषित हवा में साँस लेना  
ताज़ी हवा के एक झोंके की
सख्त दरकार है कि
दम घुटने से
कुछ तो राहत मिले
कुछ तो साँसें ठिकाने से आयें
कुछ तो जीने की चाहत खिले !


लेखक परिचय - साधना वैद