Showing posts with label इब्ने इंशा. Show all posts
Showing posts with label इब्ने इंशा. Show all posts

Thursday, July 25, 2019

सावन-भादों साठ ही दिन हैं....इब्ने इंशा

सावन-भादों साठ ही दिन हैं 
फिर वो रुत की बात कहाँ
अपने अश्क मुसलसल बरसें 
अपनी-सी बरसात कहाँ

चाँद ने क्या-क्या मंज़िल कर ली 
निकला, चमका, डूब गया
हम जो आँख झपक लें सो लें 
ऎ दिल हमको रात कहाँ

पीत का कारोबार बहुत है 
अब तो और भी फैल चला
और जो काम जहाँ को देखें, 
फुरसत दे हालात कहाँ

क़ैस का नाम सुना ही होगा 
हमसे भी मुलाक़ात करो
इश्क़ो-जुनूँ की मंज़िल मुश्किल 
सबकी ये औक़ात कहाँ
-इब्ने इंशा

Friday, January 18, 2019

इक बार कहो तुम मेरी हो ..............इब्ने इंशा


हम घूम चुके बस्ती-बन में

इक आस का फाँस लिए मन में
कोई साजन हो, कोई प्यारा हो
कोई दीपक हो, कोई तारा हो
जब जीवन-रात अंधेरी हो
इक बार कहो तुम मेरी हो।

जब सावन-बादल छाए हों
जब फागुन फूल खिलाए हों
जब चंदा रूप लुटाता हो
जब सूरज धूप नहाता हो
या शाम ने बस्ती घेरी हो
इक बार कहो तुम मेरी हो।

हाँ दिल का दामन फैला है
क्यों गोरी का दिल मैला है
हम कब तक पीत के धोखे में
तुम कब तक दूर झरोखे में
कब दीद से दिल की सेरी हो
इक बार कहो तुम मेरी हो।

क्या झगड़ा सूद-ख़सारे का
ये काज नहीं बंजारे का
सब सोना रूपा ले जाए
सब दुनिया, दुनिया ले जाए
तुम एक मुझे बहुतेरी हो
इक बार कहो तुम मेरी हो।
~इब्ने इंशा

काव्य धरा