Showing posts with label देशबन्धु. Show all posts
Showing posts with label देशबन्धु. Show all posts

Friday, June 27, 2014

जुगाड़...................मनीषा साधू




 











आज बुलाया है दोस्तों ने
"बैठेंगे मिल के चार यार.." स्टाईल में

सोच रहे हैं, क्या-क्या करेंगे तैयारियाँ
कोई बनायेगा बहानें घर में
’वर्कलोड’ के
कोई देगा और कारण ओवरटाईम का

लायेगा कोई ख़ास ब्रांड
विलायत से गिफ़्ट आया
और बड़ों का शरबत बताकर
बीवी के माध्यम से बच्चों से बचाया गया

किसी के खाली पड़े दफ़्तर में
पहले ही पहुँच चुके होंगे
दराज में काँच के गिलास
इसे करना है अब बाकी का ’जुगाड़’

ऑफ़िस खतम होने के इंतज़ार में
ये जिये जा रहा है बाद वाले पल
शर्ट की तरह
यह भी अस्त-व्यस्त हो गया है,
इन दिनों कि तरह
सोच रहा है, थोड़ा समय निकाल कर
टी-शर्ट डाल लेता, या डिओ ही मार आता थोड़ा
पर घर जा कर आने की कल्पना ही
उसका उत्साह खतम करती
वही बीवी, वही घर, वही बच्चें, वही माँगें,
और वही ’वह’.. खुशनसीब पापा बना हुआ
प्यारी सी बीवी का प्यारा सा पति..

वो हाथ से ही बाल ठीक करता है
टेबल पर रखे काँच में देखकर
हाथों से कमीज की सिलवटें साफ़ करता
जैसे मन की ही कर रहा हो

तसल्ली देता अपने आपको
कि आज भी वह
कॉलेज के दिन खतम करता
नौजवान ही तो है
तुलना करता है दोस्तों के ज़रा
ज़्यादा दिखाई देते गंजेपन से
अपने बढ़ते हुये माथे की

कल्पना से ही नाप लेता है
सब के पेट के घेरे इंचों में
और फिर
खुशनसीब दोस्त बना फिरने का
उत्साह बटोरता है मन में
एक-दूसरे को चिढ़ाने के
लिये वही पुराने नाम लडकियों के
दोहराता है मन में,
और वही एक-दूसरे को लजाते किस्से

और धीमे पड़ते ठहाके, शादी की बातें आते-आते
आज का दिन तो बातों में भी
दुबारा जीना नहीं चाहता कोई..
सब ठीक-ठाक कर
बस निकलने को उठता है
समय की इस जेल से

तो फोन बज उठता है

’सुनों पप्पू के पापा...
आज जल्दी घर आना होगा,
माँ-बापू आये है गाँव सें अचानक..’
अचानक ही तो हमेशा उसके अरमानों पर..
सोचते सोचते झटक देता है सर
कुर्सी में सुन्न सा बैठ
हाथ मुँह के सामने धर;
साँस छोड़कर देखता है..

नहीं छुपा सकेगा...
बापू की नाक
आज भी बड़ी तेज़ है!
बड़े यत्न से किया आज के दिन का ’जुगाड़’
वही दराज में बंद कर देता है

और खुशनसीब बापू का बेटा
एक बार फिर
घर की ही ओर मुड़ता है


-मनीषा साधू

Saturday, May 24, 2014

उल्लू हम हैं.............मोनालिसा मुखर्जी











मायाजाल हुए तो?
कभी सोचती हूँ
ये सब छल ही हुए तो?
मृत्योपरान्त के प्रलोभन
कहीं निराधार हुए तो?
स्वर्ग, नर्क, मोक्ष ही स्वयं
मायाजाल हुए तो?

धर्म आचरण संवरण
कर्म प्रार्थना आवरण
सब मिथ्या हुए तो?

ऐसा भी तो सम्भव है
कि ये कहानियाँ हैँ बस
बहला फुसलाकर व्यवस्था बनाये रखने की-
हमारी मान्यताओं को रंगकर
अपना उल्लू सीधा करने की

जहाँ
उल्लू हम हैं
और सीधा कुछ भी नहीं।


-मोनालिसा मुखर्जी

Sunday, May 18, 2014

रात ढले तक चलना होगा अनजाने फुटपाथों पर........नसीम आलम नारवी

 
माना आज अंधेरों में हैं काशाने फुटपाथों पर।
कल का सबेरा लायेगा सूरज चमकाने फुटपाथों पर।।

नया सबेरा जगमग करती शाहराह दिखलायेगा,
रात ढले तक चलना होगा अनजाने फुटपाथों पर।।

फिरने दे मजनूं को सहरा-सहरा, साथी देख इधर,
सरगर्दां हैं पेट की खातिर दीवाने फुटपाथों पर।।

सरमाये की चोर गली से अपना लेना-देना क्या,
आओ चलें हम मेहनत के जाने-माने फुटपाथों पर।।

धर्म, जात, भाषा के चर्चे उठने लगे फिर ज़ोरों से,
कौन फरेबी आन बसा है क्या जाने फुटपाथों पर।।

मुल्ला, पंडित, ज्ञानी, फादर घूम रहे गलबाहें डाल,
उलझ रहे हैं दीवानों से दीवाने फुटपाथों पर।।

मस्ती-ए-मय की जाने क्या तफसील बयाँ की वाइज़ ने,
गलियों से आ गये हैं, उठकर मयखाने फुटपाथों पर।।

-नसीम आलम नारवी

Thursday, May 15, 2014

थक गया हर शब्द.........तारादत्त निर्विरोध



 











थक गया हर शब्द
अपनी यात्रा में,
आँकड़ों को जोड़ता दिन
दफ़्तरों तक रह गया।

मन किसी अंधे कुएँ में
खोजने को जल
कागज़़ों में फिर गया दब,
कलम का सूरज
जला दिन भर
मगर है डूबने को अब।
एक क्षण कोई अबोली साँझ के
कान में यह बात आकर कह गया,
एक पूरा दिन, दफ़्तरों तक रह गया।

सुख नहीं लौटा
अभी तक काम से,
त्रासदी की देख गतिविधियाँ
बहुत चिढ़ है आदमी को
आदमी के नाम से।
एक उजली आस्था का भ्रम
फिर किसी दीवार जैसा ढह गया,
एक लंबी देह वाला दिन
दफ़्तरों तक रह गया।


-तारादत्त निर्विरोध