Showing posts with label हिन्दी साहित्य मंच से. Show all posts
Showing posts with label हिन्दी साहित्य मंच से. Show all posts

Sunday, March 10, 2019

खेल जिन्दगी का........आशीष दुबे

वैसे तो चाँद तारों से अपनी शनासाई है।
क्या करें किस्मत में लेकिन रात की स्याही है।

आइना थे और दोस्ती हो गयी एक संग से।
उसकी आदत की वजह चोट हमने खाई है।

रात की यूँ गोद में लेटे तो रहे रात भर।
कुछ बात थी या याद थी जो नींद नहीं आई है।

बाद तेरे रह गया कोई न जीने का सबब।
भीड़ या खल्वत कहीं भी सिर्फ अब तनहाई है।

काट कर चला गया और आज भी अंजान है ।
मुस्कराकर पूछता ये शाख क्यों मुरझाई है।

खेल जिंदगी का, या शतरंज की चाल हैं।
वक्त ने अपनी बिसात तकदीर पर बिछाई है।।

-आशीष दुबे 
इटावा उप्र

शानसाई -परिचय, संग- पत्थर 
सबब-कारण , खल्वत-अकेलापन

Wednesday, January 24, 2018

सपने सुहाने नही आते .....मनोज पुरोहित

उठ जाता हूं भोर से पहले सपने सुहाने नही आते ,
अब मुझे स्कूल न जाने वाले बहाने बनाने नही आते ,

कभी पा लेते थे घर से निकलते ही मंजिल को ,
अब मीलों सफर करके भी ठिकाने नही आते ,

मुंह चिढाती है खाली जेब महीने के आखिर में ,
अब बचपन की तरह गुल्लक में पैसे बचाने नही आते ,

यूं तो रखते हैं बहुत से लोग पलको पर मुझे ,
मगर बेमतलब बचपन की तरह गोदी उठाने नही आते ,

माना कि जिम्मेदारियों की बेड़ियों में जकड़ा हूं ,
क्यूं बचपन की तरह छुड़वाने वो दोस्त पुराने नही आते ,

बहला रहा हूं  बस दिल को बच्चों की तरह ,
मैं जानता हूं फिर वापस बीते हुए जमाने नही आते.....!!
-मनोज पुरोहित
ब्रांच मैनेजर 
एस बी आई लाइफ 
नाहन

Wednesday, September 27, 2017

हाले दिल पहाड़ो के..... प्रकाश


जब तनहाई में मुझको 
तेरी याद सताती है,  
तेरे ख्याल आते हैं.....
ये पहाड़ भावुकता से मुझे 
अपना हाले दिल सुनाते हैं....

कहते मुझसे -
हम भी खड़े सदियों से 
किसी के इन्तजार में 
हम भी डूबे थे 
कभी किसी के प्यार में 
हमारा प्यार अपने आप में 
एक राज भी है 
इसलिए उसकी वफा पर यकीं 
हमें आज भी है 

फिर तू क्यों इतना बेचैन हो रहा 
चंद दिनों में अपना चैन खो रहा 
तू भी मजा ले हमारी तरह 
अपने इन्तजार का 
आज परीक्षा है पगले 
तेरे सच्चे प्यार का 

मैंनें सोचा - ये पहाड़ 
भले पत्थर के होते हैं 
इनके सीने में भी दफन 
कई जज़्बात होते हैं 
दिल भी हमारी तरह 
धड़कता इनके सीने में 
ये जहां में सबसे माहिर 
अपना दर्द पीने में 
नहीं शिकायत तनहाई से 
जब अकेले होते हैं 
अपना दर्द छुपा-छुपा कर 
चुपचाप पिघल कर रोते हैं 

और मैं 
प्यार की परिभाषा में 
कितना पीछे छूट रहा हूँ 
कुछ दिनों की तनहाई में 
इतनी जल्दी टूट रहा हूँ.....

-प्रकाश.... 
पेंगॉन, लेह
28.06.17

Sunday, August 6, 2017

मैं बैचैन था रातभर लिखता रहा....हिन्दी साहित्य मंच से


दर्द कागज़ पर मेरा बिकता रहा..!!
मैं बैचैन था रातभर लिखता रहा....!!

छू रहे थे सब बुलंदियाँ आसमान की..!!
मैं सितारों के बीच, चाँद की तरह छिपता रहा....!!

दरख़्त होता तो, कब का टूट गया होता..!!
मैं था नाज़ुक डाली, जो सबके आगे झुकता रहा....!!

बदले यहाँ लोगों ने, रंग अपने-अपने ढंग से..!!
रंग मेरा भी निखरा पर, मैं मेहँदी की तरह पिसता रहा....!!

जिनको जल्दी थी, वो बढ़ चले मंज़िल की ओर..!!
मैं समन्दर से राज गहराई के सीखता रहा....!!

........हिन्दी साहित्य मंच से

Thursday, August 3, 2017

बहुत साफ है मन का आईना......हिन्दी साहित्य मंच से


एक सिलसिला सा चल रहा है
दिल आंसुओं में गल रहा है

कभी झांककर देखा अपने अंदर
हर तरफ वहां कुछ जल रहा है

आग लगी है रूह के धागे में
जिस्म मोम सा पिघल रहा है

बहुत साफ है मन का आईना
आंसुओं से जब वो धुल रहा है
......हिन्दी साहित्य मंच से