Showing posts with label पं. सूर्यकान्त त्रिपाठी 'निराला'. Show all posts
Showing posts with label पं. सूर्यकान्त त्रिपाठी 'निराला'. Show all posts

Monday, March 18, 2019

अभी न होगा मेरा अन्त....पं. सूर्यकान्त त्रिपाठी 'निराला'

अभी न होगा मेरा अन्त 

अभी-अभी ही तो आया है 
मेरे वन में मृदुल वसन्त- 
अभी न होगा मेरा अन्त 

हरे-हरे ये पात, 
डालियाँ, कलियाँ कोमल गात! 

मैं ही अपना स्वप्न-मृदुल-कर 
फेरूँगा निद्रित कलियों पर 
जगा एक प्रत्यूष मनोहर 

पुष्प-पुष्प से तन्द्रालस लालसा खींच लूँगा मैं, 
अपने नवजीवन का अमृत सहर्ष सींच दूँगा मैं, 

द्वार दिखा दूँगा फिर उनको 
है मेरे वे जहाँ अनन्त- 
अभी न होगा मेरा अन्त। 

मेरे जीवन का यह है जब प्रथम चरण, 
इसमें कहाँ मृत्यु? 
है जीवन ही जीवन 
अभी पड़ा है आगे सारा यौवन 
स्वर्ण-किरण कल्लोलों पर बहता रे, बालक-मन, 

मेरे ही अविकसित राग से 
विकसित होगा बन्धु, दिगन्त; 
अभी न होगा मेरा अन्त।

- पं. सूर्यकान्त त्रिपाठी 'निराला'