Showing posts with label .फेसबुक से. Show all posts
Showing posts with label .फेसबुक से. Show all posts

Wednesday, December 30, 2020

कोई दुःख इतना बड़ा नहीं होता...अकिञ्चन धर्मेन्द्र

कोई दुःख
इतना बड़ा नहीं होता...
जितना
मन ने बढ़ा लिया धीरे-धीरे..;
पानी में पड़े
तेल की बूँद की तरह..!
न ही मन का ख़ालीपन
इतना विस्तृत..;
जिसमें समा जाए-पूरा पहाड़..!
कोई अनुभूति
इतनी गहरी नहीं होती कि
उसके मापन के लिए
असफल हो जाएँ-
सारे निर्धारित मात्रक..!
कोई रुदन
इतना द्रावक नहीं होता कि
बन जाए-
एक नया महासागर..!
कोई व्याकुलता
इतनी विवश नहीं होती कि
भरी दोपहरी भी
अमावस की
अँधेरी-आधी रात लगने लगे..!
न ही कोई सन्तोष
इतना फलदायी कि
बालू निचोड़कर
प्यास बुझायी जाए..!
पागलपन की
निर्मम भावुकता लिए
भटकते-भटकते...
अब तो केवल होंठ ही नहीं..;
जल जाती है-
आत्मा तक भी..!
काश!
हम दूध ही फूँक-फूँककर पिये होते..!
©अकिञ्चन धर्मेन्द्र

Tuesday, December 29, 2020

सोच की परिधि ....डॉ. ऋतु नरेन्द्र

कभी कभी,,,
लगता है
कहीं मेरे शब्द,,
न चल दें ,,
समापन रेखा की ओर,,
मेरी संवेदनाएं ,,
मेरे विरुद्ध ,,
ना खड़ी हो जाएं,,,
कदाचित,,
चेतना शून्य,,
ना हो जाए , मेरे भाव,,
तभी ।।
अचानक,,
हृदय पोखर में,,
समय का,,
कंकड़ गिरता है,,
तडाक,
और,,
सोच की परिधि,,
विशाल होती जाती है,,
इक छोटी वृत से,,,
बड़े वृत की ओर,,,
भागती हुई,,
और ,,
समझाती है,,
जब तक
संसार प्रकाशित है,,
नित्य नए समीकरण,
उदित होंगे,,
और ।।
नवीन प्रयोग,,
होते रहेंगे
और,,,
बनते रहेंगे,,
नवीन शब्द योग,,,
और होता रहेगा,,,
नयी ,,
कविताओं,,
का सृजन।
-ऋतु

Sunday, December 27, 2020

जो जलने के अभ्यस्त हैं.. ...अकिञ्चन धर्मेन्द्र



अँजुरी-भर जल की आवश्यकता
उन्हें होती है..;
जिन्हें प्यास लगी हो..!
जो जलने के अभ्यस्त हैं..;
वे पानी से भी जल सकते हैं..!
कविताएँ उनके लिए हैं..;
जिन्हें प्रिय है-नीला रंग..!
रिक्तताएँ
जन्मदात्री होती हैं..;
कलाओं की..!
आसन्नप्रसवा वेदना से
हूकता है-मन..!
किसी भयावह,निर्जन जंगल में
भटकते-भटकते
जो पागल हो जाते हैं..;
वे भी जन्म लेते होंगे-
किसी अग्निधर्मा,उर्वर गर्भ से ही..!
अभागे
आकाश फाड़कर नहीं आते..!
इस धरती के
दहकते हुए मञ्च पर
तुम्हें करना ही होगा-
अपने हिस्से का कत्थक..!
चुटकी-भर वातास में
भुनी जा सकती है-आत्मा भी..!
तुम
जिन्हें पा नहीं सकते..;
उन्हें गा सकते हो..!
जब समय के सींखचे से
झाँकने लगें-शताब्दियाँ..;
हृदय के बहुत गहरे धँसीं
ज़हरबुझीं,नुकीली कीलों को छूना...
कोई सम्बन्ध
किसी दर्द से बड़ा नहीं होता..!

©अकिञ्चन धर्मेन्द्र 

Sunday, April 19, 2020

शब भी जाती है पर सहर करके ....‘ग़ाफ़िल’

क्या मिला इसको मुख़्तसर करके
लुत्फ़ था ज़ीस्त का सफ़र करके

ख़्वाहिश अपनी कभी तो हो पूरी
जाए हमको भी कोई सर करके

न मिला जो मुक़ाम जीते जी
पाते देखा है उसको मर करके

जाए जब तो ख़बर करे न करे
आए कोई तो बाख़बर करके

कोई हँसता है दर-ब-दर होकर
कोई रोता है दर-ब-दर करके

कोई जी को कभी न जी समझा
कोई रहता है जी में घर करके

ग़ाफ़िल ऐसे ही जाना क्या जाना
शब भी जाती है पर सहर करके

-‘ग़ाफ़िल’

Friday, March 6, 2020

रिश्तों की पगडंडी .....राशदादा राश

जवाँ शोहरत , जवाँ किस्से
जवानी संगमरमरी ना रख,

राश*करें तूफानों से वर्जिश
दिवानों सा हुनर तू रख

आतश से जुनूं लेकर 
हवा को कैद करके चल

कभी कश्ती जो समंदर में 
राश* पतवार बनकर चल

रिश्ते नियामात हैं खुदारा
झुककर हीं राश* हैं निभते

बटोरा एक ही दौलत,
जहाँ तुम संग हो रहते

रिश्तों की पगडंडियाँ वाह
बेला चमेली रातरानी सी

कभी सुबह को दे खुशबू
कभी शाम भी सुहानी सी

रिश्तों की पगडंडियाँ वाह
राश* खूबसूरत जवानी सी
राशदादा राश*
"जीना चाहता हूँ मरने के बाद"
दार्शनिक/पागल/फकीर
चिंतक/क्रांतिविचारक

Tuesday, May 21, 2019

हाइकु..... डॉ.यासमीन ख़ान

मौन वेदना
हँसते हुए मुख
 नम हैं नैना
---------

कर्म है सिंधु
दूर अभी साहिल
नियति बिंदु।
---------

मन हिलोर
सजे याद की बज़्म
प्रेम ही ठौर।
-------

दिल को भाये
सदा से ही सागर
नैना रिझाये।
------------

महके यास्मीं 
जूही,चंपा,कली सी
सजी सी ज़मीं।
डॉ.यासमीन ख़ान 
02-05-2019

Saturday, May 4, 2019

राम ध्यान हैं...निधि सक्सेना

राम ध्यान  है
शान्त स्थिर
मौन गंभीर
दिव्य आलोकित 
अंधकार में प्रकाश भरा स्मित ..

कृष्ण कीर्तन  हैं
नाचते गाते 
आनंद से छलछलाते 
उन्मुक्त
सुखद सरल ..

ध्यान करो चाहे कीर्तन
स्वयं से मिलन तय है 
कि राम और कृष्ण हमारे भीतर ही तो हैं...
-निधि सक्सेना

Tuesday, April 30, 2019

चंद हाइकु...डॉ.यासमीन ख़ान

पिया के रंग
रंगी मोरी चूनर
नैनो में वर।

झुके है सर
अब चल अम्बर
पिया के घर।

खूब सँवर
तकेगा दिलबर
एक नज़र।

अब सुधर
सकल भूलकर
रब ही वर।

भव सागर
भौतिकता नाचे है
चढ़ के सर।

भटके नर
मोह में फंसकर
हे! परवर।

है जर-जर
तन,मन पंजर
संताप हर।

कृपानिधान
एक तू ही महान
कृपा तू कर।

डॉ.यासमीन ख़ान 
27-04-2019

Tuesday, April 2, 2019

एहसास की रिदाएं....सुरेश पसारी

ख़्वाबो- ख़याल में ही तुम्हें सोचने लगा
अर ज़िन्दगी से अपनी कहीं जोड़ने लगा

जिसकी ज़ुबां पे प्यार के अल्फ़ाज़ ही नहीं
नफ़रत के लफ़्ज़ आज वही बोलने लगा

हमने उसी को अपना बनाया था राज़दार
जो राज़ दफ़्न थे वो सभी खोलने लगा

अपना किसे कहूँ कि जहां में तेरे सिवा
रिश्ते हरेक शख़्स यहाँ तोड़ने लगा

अपनी हदों को तोड़के मिलने की आरज़ू
एहसास की रिदाएं ही मैं ओढ़ने लगा

आने लगी है यार की अब याद इस तरह
हर वक़्त हर घड़ी मैं उसे सोचने लगा
-सुरेश पसारी

रिदा... चादर

Tuesday, March 19, 2019

अभी भुला क्यूँ नही देते....प्रीती श्रीवास्तव


वफा के बदले वफा क्यूँ नही देते।
जख्म दिया है दवा क्यूँ नही देते।।

आंख है नम जो तुम्हारे साथ से।
तुम उसे अभी भुला क्यूँ नही देते।।

मुहब्बत नही जब तुम्हारी रूह से।
गुनाह की उसे सजा क्यूँ नही देते।।

दिल है तुम्हारा नाजुक आइने सा।
दीदार उसे भी करा क्यूँ नही देते।।
देवता है जो वो पत्थर का साहिब।
बीच चौराहे उसे दफना क्यूँ नही देते।।

जिओगे कब तक उसका नाम लेकर।
लिखकर खत जला क्यूँ नही देते।।

फायदा क्या तुम्हारे ऐसे जीने से।
उसको भी तुम रूला क्यूँ नही देते।।
-प्रीती श्रीवास्तव

Monday, March 11, 2019

मौत से जो निक़ाह कर बैठे......डॉ.नवीन मणि त्रिपाठी

खूब सूरत गुनाह कर बैठे ।
हुस्न पर वो निगाह कर बैठे ।।

आप गुजरे गली से जब उनकी ।
सारी बस्ती तबाह कर बैठे ।।

कुछ असर हो गया जमाने का ।
ज़ुल्फ़ वो भी सियाह कर बैठे ।।

देख कर जो गए थे गुलशन को ।
आज फूलों की चाह कर बैठे ।।

जख्म दिल का अभी हरा है क्या ।
आप फिर क्यों कराह कर बैठे ।।

किस तरह से जलाएं मेरा घर ।
लोग मुझसे सलाह कर बैठे ।।

लोग नफरत की इस सियासत में ।
आपको बादशाह कर बैठे ।।

दुश्मनी जब चले निभाने हम ।
वो हमें खैरख्वाह कर बैठे ।।

उस जमीं का उदास मंजर था ।
हम जिसे ईदगाह कर बैठे ।।

वो तो सरकार की सियासत थी ।
आप क्यूँ आत्मदाह कर बैठे ।।

अब तस्सल्ली उन्हें मुबारक़ हो ।
मुल्क जो कत्लगाह कर बैठे ।।

उन शहीदों को है सलाम मेरा ।
मौत से जो निक़ाह कर बैठे ।।

सिर्फ पहुँचे वही खुदा तक हैं ।
इश्क़ जो बेपनाह कर बैठे ।।

-डॉ.नवीन मणि त्रिपाठी 
मौलिक अप्रकाशित

Friday, March 8, 2019

खेल-खेल में......श्वेता सिन्हा

वो ग़ुम रहे अपने ही ख़्यालों की धूल में
करते रहे तलाश जिन्हें फूल-फूल में

गीली हवा की लम्स ने सिहरा दिया बदन
यादों ने उनकी छू लिया फिर आज भूल में

उसने तो बात की थी यूँ ही खेल-खेल में
पर लुट गया ये दिल मेरा शौक़े-फ़ज़ूल में

होने लगा गलियों का जिक्र आसमां में
फिर उम्रभर अटे रहे लफ्ज़ों की धूल में

एहसान आपका जो वक़्त आपने दिया
चुभी किर्चियां फूलों की निगाहे-मलूल में

-श्वेता सिन्हा

निगाहे-मलूल = उदास आँखों में

Monday, February 11, 2019

दिल है पुष्प गुलाब.....डॉ. यासमीन ख़ान

जैसे रखती यास्मीं , किंचित ना अभिमान ।
वैसा ही विनयी मेरे , हृदयसुमन को जान।।

शब्दकोष में प्रीति का, है जितना भण्डार।
प्रेम सहित दिलबर मेरे ,कर लेना स्वीकार।।

यह काया इक क्यार है ,दिल है पुष्प गुलाब।
और यास्मीन आपका,हुस्न सुनहला ख़्वाब।।

सात जनम क़ायम रहे , तेरा रूप शबाब।
इसी भाव प्रेषित करूं ,सीधा सरल गुलाब।
-डॉ. यासमीन ख़ान

Monday, December 10, 2018

चलते-चलते ....सीमा 'सदा' सिघल

मुसाफि़र सी इस जिंदगी में
जो किसी के साथ चलना जानता है
जो साथ चलते-चलते 
किसी का हो जाना चाहता है 
जो किसी का होकर 
उसे अपना बना लेता है 
ऐसी पगड‍ंडियां सिर्फ औ सिर्फ 
प्रेम ही दौड़कर पार कर सकता है 
समेट लेता है अहसासों को 
भावनाओं की अंजुरी में 
प्रेम के ढाई आखर पढ़कर ही नहीं 
जीकर जिंदगी को 
कितने पायदान चढ़ता है 
बिन डगमगाये !!

-सीमा 'सदा' सिघल

Thursday, July 19, 2018

कहीं मन रीता न रह जाये.....निधि सक्सेना


बारिशें थोड़ी जमो अभी
बादल थोड़े थमो अभी
मुस्कुराहटें थोड़ी तिरो अभी
हँसी थोड़ी झरो अभी
अनुभूतियाँ थोड़ी रुको अभी
उम्मीदें थोड़े ठिठको अभी
रंग थोड़े ठहरो अभी
उमंग थोड़ा ठौर अभी
प्रेम थोड़ा संग अभी!!

कि अब तक बहुत होश में थी
अब कुछ बेख्याल तो हो लूँ
जिन्दगी के सिरहाने बैठ
उसे थोड़ा जी तो लूँ!!

कहीं मन रीता न रह जाये!

~निधि सक्सेना

Wednesday, March 21, 2018

वेदना के पाँव में हैं आह के घूंघर.....गीतिका वेदिका



१】
साँस की लड़ियाँ तुड़ाये जा रहे हो!
हाथ हाथों से छुड़ाए जा रहे हो!
तुम बिना पल जिंदगी के
हो चले दूभर

२】
नीर आँखों में समोए, कंठ सूखा रूह प्यासी
जीभ में छाले पड़े हैं, आत्मा में है उदासी
वेदिका के रीतते घट
सूखता पोखर

३】
सामने सूरज चमकता, अंत अंधियारा हुआ,
प्राण का साथी हिराना, चित्त दुखियारा हुआ,
एक बित्ता जोड़ती हूँ
टूटता गजभर

४】
नाम अपना ही लिया था, था तुम्हें कुछ यों पुकारा
टूटकर गिरता नहीं अब आँचरे में कोई तारा

तुम नहीं सुन पा रहे थे
वेदिका के स्वर

#आह_वेदिका

Wednesday, February 14, 2018

नदी को सागर मिला नहीं है.....निर्मला कपिला

गिला-औ-शिकवा रहा नहीं है
मलाल फिर भी गया नहीं है

तलाश उसकी हुई न पूरी
नदी को सागर मिला नहीं है

बुला के मुझको किया जो रुसवा
ये बज़्म की तो अदा नहीं है

ये तो मुहब्बत लगी अलामत
अलील दिल की दवा नहीं है

गुलों के जैसे जिओ खुशी से
के ज़िंदगी का पता नहीं है

ग़रूर दौलत प किस लिए हो
ये धन किसी का सगा नहीं है

शरर ये नफरत का किसने फेंका
जो आज तक भी बुझा नहीं है

किसी को शीशा दिखा रहा जो
वो दूध का खुद धुला नहीं है

उलाहना दूं उसे जो निर्मल
यही तो मुझसे हुया नहीं है

- निर्मला कपिला

Tuesday, February 6, 2018

बात घर की रही नहीं घर की........निर्मला कपिला

मेरी शोहरत उड़ान तक पहुँची
फिर अना भी उफान तक पहुँची

बोझ घर का जो उम्र भर ढोया
ज़िंदगी अब थकान तक पहुँची

अब न दूंगा उधार लिक्खा था
मुफलिसी जब दुकान तक पहुँची

मैं बुरा था कसूर घर का क्या
बात जो खानदान तक पहुँची

खौफ पाया अँधेरों' का दिल में
तीरगी जब मकान तक पहुंचा

जिक्र उसका हो शायरी में जब 
वो ग़ज़ल आसमान तक पहुँची

नफरतों का शरर उठा कैसे
आग हिन्दोस्तान तक पहुँची

फ़ैली अफवाह रफ्ता रफ्ता वो
बात जब थी जुबान तक पहुँची

बात घर की रही नहीं घर की
घर से निकली जहान तक पहुँची

पाँव उखड़े नहीं जमीं से भी
जब थी मैं आसमान तक पहुंची

तब तो लगता कसूर आशिक का
जब मुहब्बत ही जान तक पहुँची

- निर्मला कपिला

Friday, January 19, 2018

कोशिशें मिट गईं दर्द मिटता नहीं....पावनी दीक्षित "जानिब"


आप की बात दिल पर असर कर गई 
हां लड़खड़ाई जुबां आंख भी भर गई।

कब कहां आपने हमको अपना कहा
कब कहां आपने हांथ थामा मेंरा
एक तरफा मोहब्बत तडपती रही
बस मैं ज़िंदा रही ज़िंदगी मर गई।

आप की बात दिल पर असर कर गई 
हां लड़खड़ाई जुबां आंख भी भर गई।

दिल में कांटे चुभे ज़ख़्म दिखता नही
कोशिशें मिट गईं दर्द मिटता नहीं
अब ये जाना के चाहत बुरी चीज़ है
ज़िंदगी मौत से बेख़बर कर गई।

आप की बात दिल पर असर कर गई 
लड़खड़ाए कदम आंख भी भर गई।

किसी उम्मीद से न मिला तू नज़र 
अब जुदा है हमारा तुम्हारा सफ़र
दर्द चाहत में मिलना तो दस्तूर है
आह दिल की ये जानिब खबर कर गई।

आप की बात दिल पर असर कर गई 
लड़खड़ाए कदम आंख भी भर गई।

पावनी दीक्षित "जानिब" 
सीतापुर