Sunday, June 10, 2018

दर्द.........विजय कुमार सप्पत्ति

Image result for दर्द
जो दर्द तुमने मुझे दिए,
वो अब तक सँभाले हुए हैं !!
कुछ तेरी ख़ुशियाँ बन गई हैं 
कुछ मेरे ग़म बन गए हैं 
कुछ तेरी ज़िंदगी बन गए हैं 
कुछ मेरी मौत बन गए हैं 
जो दर्द तुमने मुझे दिए,
वो अब तक सँभाले हुए हैं !!
-विजय कुमार सप्पत्ति

Saturday, June 9, 2018

दस्तक दहलीज पर.................कुसुम कोठारी

दस्तक दे रहा दहलीज पर कोई
चलूं उठ के देखूं कौन है

कोई नही दरवाजे पर
फिर ये धीरे धीरे मधुर थाप कैसी
चहुँ और एक भीना सौरभ
दरख्त भी कुछ मदमाये से
पत्तों की सरसराहट
एक धीमा राग गुनगुना रही
कैसी स्वर लहरी फैली
फूल कुछ और खिले खिले
कलियों की रंगत बदली सी
माटी महकने लगी है
घटाऐं काली घनघोर,
मृग शावक सा कुचाले भरता मयंक
छुप जाता जा कर उन घटाओं के पीछे
फिर अपना कमनीय मुख दिखाता
फिर छुप जाता

कैसा मोहक खेल है
तारों ने अपना अस्तित्व
जाने कहां समेट रखा है
सारे मौसम पर मद होशी कैसी
हवाओं मे किसकी आहट
ये धरा का अनुराग है
आज उसका मनमीत
बादलों के अश्व पर सवार है
ये पहली बारिश की आहट है
जो दुआ बन दहलीज पर
बैठी दस्तक दे रही है
चलूं किवाडी खोल दूं
और बदलते मौसम के
अनुराग को समेट लूं
अपने अंतर स्थल तक

-कुसुम कोठारी

Friday, June 8, 2018

कभी न कभी....कुसुम कोठारी

मन की दहलीज पर
स्मृति का चंदा उतर आता
यादों के गगन पर,

सागर के सूने तट पर
फिर लहरों की हलचल
सपनो का भूला संसार
फिर आंखों में ,

दूर नही सब
पास दिखाई देते हैं
न जाने उन अपनो के
दरीचों मे भी कोई
यादों का चंदा
झांकता हो कभी,

हां भूला सा कल सभी को
याद तो आता ही होगा
यादों की दहलीज पर
कोई मुस्कुराता ही होगा
कभी न कभी 
-कुसुम कोठारी 

Thursday, June 7, 2018

दहलीज पर खड़ी औरत.....पद्मा मिश्रा


दहलीज पर खड़ी औरत,
क्या सोचती है ?
नम आँखों से निहारती
आकाश का कोना कोना,
उड़ने को आकुल -व्याकुल, 
पंख तौलती है,
तलाशती है राहें,मुक्ति के उस द्वार की,
स्वप्न भरी आँखें,
थामना चाहती हैं- क्षितिज के ओर छोर,
पर पांवों को लहूलुहान कर जाती हैं, 
परम्पराओं की बेड़ियाँ, 
दहलीज के इस ओर ...
उसका घर है, ममता है, ..जीवन का वर्तमान भी,
पर दहलीज के उस ओर ..
उसका स्वप्न पलता है, 
आगत भविष्य की रंगीनियाँ हैं, मुक्ति है,
और संभावनाओं का खुला आकाश भी,
पर यहीं पर रोकती हैं भावनाएं,
द्वंद्व सा मचता हृदय में, 
क्या करूँ उस मुक्ति का?
जो छीन लेगी पाँव के नीचे धरा?
और जब साँझ होगी, 
डूबता सूरज भी नहीं साथ होगा, 
तब अँधेरी कालिमा में,
कौन होगा साथ मेरे?
रोशनी बन कर नए प्रभात की ?
...और फिर कोर ..आँचल के भिगोती,
बालती दहलीज पर, एक दिया उम्मीद का, 
इस आस में ...
फिर कभी पंख पाकर उड़ सकूंगी,.
.साथ मेरे -घर,मेरे अपने मेरे सपने ..
,..मेरा संसार होगा ..
बस यही एक स्वप्न जीती जा रही है-
''दहलीज पर खड़ी औरत ''

-पद्मा मिश्रा

Wednesday, June 6, 2018

देहरी...श्वेता सिन्हा

चित्र:साभार गूगल

तन और मन की
देहरी के बीच
भावों के उफनते
अथाह उद्वेगों के ज्वार 
सिर पटकते रहते है।
देहरी पर खड़ा
अपनी मनचाही
इच्छाओं को 
पाने को आतुर
चंचल मन,
अपनी सहुलियत के
हिसाब से
तोड़कर देहरी की 
मर्यादा पर रखी
हर ईंट
बनाना चाहता है
नयी देहरी 
भूल कर वर्जनाएँ
भँवर में उलझ
मादक गंध में बौराया
अवश छूने को 
मरीचिका के पुष्प
अंजुरी भर
तृप्ति की चाह लिये
अतृप्ति के अनंत
प्यास में तड़पता है
नादान है कितना
समझना नहीं चाहता
देहरी के बंधन से
व्याकुल मन
उन्मुक्त नभ सरित के
अमृत जल पीकर भी
घट मन की इच्छाओं का
रिक्त ही रहेगा।
-श्वेता सिन्हा


Tuesday, June 5, 2018

दहलीज़.....सीमा "सदा" सिंघल


"दहलीज़"
संस्कारों की भाषा
सभ्यता की दहलीज़ लांघने से पहले
हर शब्द के आगे
एक लक्ष्मण रेखा खींच देती है
...
संवाद मन का मन से
कभी मौन रहकर,
कभी आंखों की भाषा पढ़ती आँखे
बिना कुछ कहे
कितनी ही बातों को पहुँचाते
ये मन के तार इक दूजे तक
दूरियाँ ऐसे क्षणों में बेमानी हो जाती
...
स्मृतियों के आँगन में
जब भी ख्यालों की छुपन-छुपाई होती
कोई अपना पकड़ा जाता
लेते हुये हिचकी :)
बेसबब सबका ध्यान अपनी ओर खींचता
वहाँ भी शब्दों का कोई काम नहीं होता
बस क्षण भर का अल्पविराम होता,
सारी स्मृतियाँ तितर-बितर हो
अपनी मैं का दायरा बनाती
साथ हँसती मुस्कराती
कभी गुनगुनाते हुए कोई गीत
एक दूजे का लिये हाथ में हाथ
चलती जाती साथ - साथ
सभ्यता की दहलीज़ लांघने से पहले !!!!
-सीमा "सदा" सिंघल

Monday, June 4, 2018

इक उमर का उनिंदा हूँ मैं....विकास शर्मा 'दक्ष'

उम्मीद-ए-वफ़ा की फितरत से शर्मिंदा हूँ मैं,
ग़ज़ब कि दगा के हादसों के बाद ज़िंदा हूँ मैं,

मुहब्बत से ऐतबार उठ गया अच्छे-अच्छों का,
शिकस्त से हौसले आज़माने वाला चुनिंदा हूँ मैं,

बिक गए ईमान जहाँ और गिरवी पड़ी ज़िन्दगी,
चकाचौंध वाले शहर का अदना बाशिंदा हूँ मैं,

इक पाक-साफ़ रूह की मलकियत रखता हूँ,
ज़हनी लाशों के शहर का वहशी दरिंदा हूँ मैं,

शोहरत के आसमानों में वो परवाज़ दूर तलक,
ख़्वाबों के पंख समेटे ज़मीं पे उतरा परिंदा हूँ मैं,

मासूम इतना नहीं की तन्हाइयों में ग़ुम हो जाऊँ,
बचपन से अम्मी कहती आफतों का पुलिंदा हूँ मैं,

'दक्ष' सोने दो अब तो, इक उमर का उनिंदा हूँ मैं,
साँसों से चलने वाली इस मशीन का कारिंदा हूँ मैं
- विकास शर्मा 'दक्ष'