Showing posts with label अंसार क़म्बरी. Show all posts
Showing posts with label अंसार क़म्बरी. Show all posts

Sunday, November 5, 2017

तेरी पलकों प जो ठहरा है आँसू....अंसार क़म्बरी


तेरी पलकों प जो ठहरा है आँसू
समन्दर से भी वो गहरा है आँसू

कहा था घर से मत बाहर निकलना
अजी सुनता नहीं बहरा है आँसू

ख़ुशी दिल में कोई आये तो कैसे
लगाये आँख पर पहरा है आँसू

समन्दर हो के भी प्यासी हैं आँखे
समन्दर हो के भी सहरा है आँसू

तुन्हारी आँख तो सूनी है लेकिन
तुम्हारे गाल पर लहरा है आँसू

अरे सुन 'क़म्बरी' दिल के महल पर
कोई परचम नहीं फहरा है आँसू
- अंसार क़म्बरी

Monday, July 13, 2015

जो उठा ले इसे बस वही मर्द है................अंसार क़म्बरी



चेहरा-चेहरा यहाँ आज क्यूँ ज़र्द है 
जिस तरफ़ देखिये दर्द-ही-दर्द है

अपने चेहरे में कोई ख़राबी नहीं 
आप के आईने पर बहुत गर्द है

इस क़दर हम जलाये गए आग में
अब तो सूरज भी अपने लिये सर्द है

साथ देता रहा आख़िरी साँस तक
दर्द को दर्द कहिये न हमदर्द है

बोझ है ज़िन्दगी, इसलिए ‘क़म्बरी’
जो उठा ले इसे बस वही मर्द है 

-अंसार क़म्बरी
..............फेसबुक से

Saturday, May 3, 2014

बात सीधी है और गहरी है...........अंसार क़म्बरी.


मुझपे वो मेहरबान है शायद
फिर मेरा इम्तेहान है शायद

उसकी ख़ामोशियाँ ये कहती हैं
उसके दिल में ज़बान है शायद

मुझसे मिलता नहीं है वो खुलकर
कुछ न कुछ दरमियान है शायद

उसके जज़्बों की क़ीमते तय हैं
उसका दिल भी दुकान है शायद

मेरे दिल में सुकून पायेगा
दर्द को इत्मिनान है शायद

फिर हथेली पे रच गई मेंहदी
फिर हथेली पे जान है शायद

बात सीधी है और गहरी है
‘क़म्बरी’ का बयान है शायद
- अंसार क़म्बरी