Saturday, January 9, 2021

मैं तुम्हें प्रेम करता हूँ ....अकिञ्चन धर्मेन्द्र

मैं तुम्हें प्रेम करता हूँ..;

इसलिए नहीं कि-
मैं तुम्हें प्रेम करता हूँ..!
मैं तुम्हें प्रेम करता हूँ..;
इसलिए कि-
मेरी साँसों में
घुलती रहती है-माटी की सोंधी गन्ध..!
मैं तुम्हें
इसलिए प्रेम करता हूँ..;
क्योंकि
मैं जंगल से प्रेम करता हूँ..!
मैं तुम्हें प्रेम करता हूँ..;
इसलिए नहीं कि-
मैं तुम्हें प्रेम करता हूँ..!
मैं तुम्हें प्रेम करता हूँ..;
इसलिए कि
मुझे भाती है-
फुदकती हुई
नन्हें पंखों वाली गौरैया..!
उसकी मोहक,उन्मुक्त उड़ान..!
मैं तुम्हें
इसलिए प्रेम करता हूँ..;
क्योंकि
मुझे अच्छा लगता है-
हल्की चाँदनी रात में
किसी
सतत् प्रवाहिनी नदी के किनारे
बैठकर...
उसकी शान्त निश्छलता को निहारना..!
उसके चहकते हुए सौन्दर्य को
आत्मसात करना..!
मैं तुम्हें
इसलिए प्रेम नहीं करता हूँ कि-
मैं तुम्हें प्रेम करता हूँ..!
मैं तुम्हें
इसलिए प्रेम करता हूँ..;
क्योंकि मुझे पता है-
कपास के उजलेपन का
सात्त्विक रहस्य..!
भ्रमरों एवं तितलियों की
रससिक्तता का
सुगन्धकामी मनोविज्ञान..!
मुझे पता है-
समर्पित प्रकृति का
अगाध,मोहक महत्त्व..!
सच कहूँ-
अब इतना औपचारिक हो गया है..;
यह कहना-
"मैं तुमसे प्रेम करता हूँ..!"
कभी-कभी
एक गहन उदासी से
भर जाता है-कोरा मन..!
"मैं तुम्हें प्रेम करता हूँ"-
यह कहने से बेहतर है..;
मैं तुम्हें प्रेम करता रहूँगा..!
©अकिञ्चन धर्मेन्द्र

Friday, January 8, 2021

थकन मेरे हौसलों की .....मेजर (डॉ) शालिनी सिंह

छूते हो मुझे तो
महसूस कर पाते हो क्या
तरकीब़ मेरी रूह की
बनावट मेरे मन की
सहला पाते हो क्या
थकन मेरे हौसलों की
सलवटें मेरे ख्वाबों की
छूते हो मुझे तो
टटोल पाते हो क्या
हंसी मेरे बचपन की
शोखी मेरे यौवन की
खदेड़ पाते हो क्या
डर मेरे भीतर के
पशेमानी मेरे जीवन की
छूते हो मुझे तो
उभार पाते हो क्या
मायूस उम्मीदें मेरी
दबी ख्वाहिशे मेरी
समेट पाते हो क्या
अधूरी बातें मेरी
अनकही शिकायतें मेरी
छूते हो मुझे तो
खोल पाते हो क्या
गिरह मेरी कुंठा की
उलझे से सवालों की
सुलझा पाते हो क्या
पहेली मेरे भावों की
पशोपेश मेरे ख्यालों की
छूते हो मुझे तो
सच में छू पाते हो क्या
मुझे जो मुझमें ही कहीं
छुपी सी रहा करती है
या बहल जाते हो यूं ही
इस ख्याल से कि जानते हो मुझे
कि मुझसे मुहब्बत करते हो तुम
- मेजर (डॉ) शालिनी सिंह

Thursday, January 7, 2021

अरमान ...सुदर्शन शिवानी

ज़िन्दगी की कशमकश से परेशान बहुत है,
दिल को न उलझाओ ये नादान बहुत है।

यूं सामने आ जाने पर कतरा के गुजरना,
वादे से मुकर जाना उसे आसान बहुत है।

यादें भी हैं, तल्खी भी है, और है मोहब्बत,
तू ने जो दिया दर्द का सामान बहुत है।

अश्क कभी, लहू कभी, आँख से बरसे,
बेदाग़ मोहब्बत का ये अंजाम बहुत है।

तूने तो सुना होगा मेरे दिल का धड़कना,
छूकर भी देख लेना ये बेजान बहुत है।

बहुत तड़प लिए अब उससे बिछड़ कर,
पा जाएँ खोने वाले को अरमान बहुत है।
-सुदर्शन शिवानी

Wednesday, January 6, 2021

यात्रा ..इन्दु सिंह



यात्रा कितनी भी कर ली जाए
बहुत कुछ छूट ही जाता है।

सफ़र पर
सब जल्दी में रहते हैं
गंतव्य तक
थक चुके होते हैं।

उसने कहा
वह सफ़र पर है
वह इंतज़ार में रही
कि सफ़र कब खत्म हो।

मुझे यात्राएँ पसंद हैं लेकिन
यात्राएँ मुझे थका देती हैं।

यात्रा में लोगों के साथ
कोई वह भी होता है
जो वहाँ नहीं होता है।

बड़ी यात्रा पर निकलने से पूर्व
छोटी यात्राएँ ज़रूर करनी चाहिएँ।

यात्राएँ बहुत कुछ देती हैं
यात्राएँ बहुत कुछ ले भी लेती हैं।

मैं अपनी पर यात्रा अकेले हूँ
लेकिन यात्रा में बहुत लोग हैं।

लोगों में और यात्रा में गहरा संबंध होता है।

यात्रा के अनेक पड़ाव होते हैं
कुछ अच्छे,कुछ ठीक तो कुछ बेहद बुरे।

पड़ाव न हों तो यात्री थकान से भर जाएँगे।

पड़ाव यात्रा के चलते रहने के लिए आवश्यक हैं।

कभी-कभी अप्रत्याशित पड़ाव
यात्रा को बाधित कर देते हैं।

कुछ लोग आपको धकेल कर
यात्रा में आगे भागते हैं
आप उन्हें सर उठा कर देखते हैं।

अक्सर सहयात्रियों को लोग याद नहीं रखते
आखिर क्या-क्या याद रखा जाए।

यात्रा लंबी हो या छोटी
समतल कभी नहीं होती है।

कुछ नदियाँ लंबी यात्रा की भागीदार होती हैं।

कुछ पेड़ स्वयं चुनते हैं
अपने मार्ग और यात्रा को।

यात्रा सदैव "यात्रीगण कृपया ध्यान दें"
कहकर सचेत नहीं करती
यात्रा में सचेत रहना पड़ता है।

हवा,पानी,व्यक्ति और शब्द निरंतर यात्रा में रहते हैं।

शब्दों की यात्रा सहयात्रियों के लिए खुराक है।


-इन्दु सिंह


Sunday, January 3, 2021

मेरी ग़ज़ल पढ़ेगा कौन .....नवीन मणि त्रिपाठी

22 22 22 2

उनकी बात सुनेगा कौन ।
ज़िद पर आज़ झुकेगा कौन ।।

की है बगावत जनता ने ।
साहब तुम्हें चुनेगा कौन ।।

बिक जाते हैं चैनल जब ।
सच को आम करेगा कौन ।।

दिल्ली की सर्दी से अब ।
तन कर और लड़ेगा कौन ।।

हम पर कीचड़ फेंक रहा ।
तेरे साथ चलेगा कौन ।।

ताना शाही चेहरे पर ।
तुझसे दर्द कहेगा कौन।।

आएं फिर सत्ता में वो ।
आपना हाथ मलेगा कौन ।।

सोच समझ कर निर्णय ले ।
कल तुझको पूछेगा कौन ।।

मैं कड़ुआ सच लिखता हूँ ।
मेरी ग़ज़ल पढ़ेगा कौन ।।
-नवीन मणि त्रिपाठी

Saturday, January 2, 2021

दर्द सिमट आया आँखों में ..डॉ. अंशु सिंह


दर्द सिमट आया आँखों में
स्नेह-भाव को तन मन तरसे
आज दर्द से भीगीं पलकें
तुहिन बिंदु कण कण बन बरसे
दुःसह वेदना कोण-कोण में
रूप नवल प्रतिबिंब भरे हैं
चूर्ण हो रहे मुकुल प्रतिच्छवि
आशाएँ कण कण बिखरे हैं
सूने मन की राह गुंजरित
कंठ सिसकियाँ ध्वनि चलती हैं
नयनों में जल भरा रह गया
हृदय मध्य ज्वाला जलती है
जल उठते वो जीवन के पल
छा जाते यादों में छलके
नयन उदास हृदय के अंदर
छाले फूट -फूट के झलके
स्नेह भरा वह कोमल बन्धन
छू न सका हलके से उर में
कब तक ये दुर्भाग्य साथ है
कह दूँ किसे कौन से सुर में
कर सर्वस्व समर्पण पग पर
सो जाऊँ उस तरु छाया में
नहीं चाहती कभी जागरण
असह्य विरह की इस माया में
कभी ना समझी ना कुछ अनुभव
असफलता जीवन में जाना
ठोकर जो पग -पग पर लगती
उसको कभी नहीं पहचाना 
- डॉ. अंशु सिंह


Friday, January 1, 2021

वो हर युग में छली जाती हैं ...वसुंधरा व्यास

पेन्टिग बलवीर मेहता

स्त्रियाँ सुनती नहीं
बुनती हैं....
नित नए ख़्वाब
नित नई उम्मीद के साथ
घर.. परिवार, परिवेश
और...
जीवन को रससिक्त रखने के
वे जानती हैं..
जिस दिन वो सुनने लगेंगी
संपूर्ण प्रकृति अपना संतुलन खो बैठेगी
स्त्रियाँ कभी नहीं
सहना चाहतीं
अपनी अस्मिता पर आघात
और.. तिरस्कार
इसीलिए...
स्त्रियाँ सुनती नहीं.
बुनती हैं
संवेदनाओं की सलाइयों पर
सुलगते एहसासों के नर्म- गर्म स्वेटर
भस्म कर देना चाहती हैं
अपने अंतर्मन की अग्नि से
जीवन की विसंगतियों से निर्मित
अत्याचारों के घने जंगल
उन्हें पता है कि,
वो हर युग में छली जाती हैं
इसीलिए,
स्त्रियाँ सुनती नहीं
धुनती हैं जीवन को रुई की तरह
और ढूंढ ही लेती हैं
मोक्ष का मार्ग...
प्रेम से
वात्सल्य से

-वसुंधरा व्यास .