Friday, September 4, 2020

रेत नहा गौरैया चहकी वर्षा होगी क्या? ..बुद्धिनाथ मिश्र

घर की मकड़ी कोने दुबकी
वर्षा होगी क्या?
बायीं आंख दिशा की फड़की
वर्षा होगी क्या?
सुन्नर बाभिन बंजर जोते
इन्नर राजा हो!
आंगन-आंगन छौना लोटे
इन्नर राजा हो!
कितनी बार भगत गुहराए
देवी का चौरा
भरी जवानी जरई सूखे
इन्नर राजा हो!
आगे नहीं खिसकता
सूरज के रथ का पहिया
भुइंलोटन पुरवैया सिहकी
वर्षा होगी क्या?
छाती फटी कुआं-पोखर की 
धरती पड़ी दरार
एक पपीहा तीतरपाखी
घन को रहा पुकार
चील उड़े डैने फैलाए
जलते अंबर में
सहमे-सहमे बाग-बगीचे
सहमे-से घर-द्वार
लाज तुम्हीं रखना पियरी  की
हे गंगा मैया
रेत नहा गौरैया चहकी
वर्षा होगी क्या?
-बुद्धिनाथ मिश्र
समस्तीपुर बिहार

Thursday, September 3, 2020

यूँ माना ज़ि‍न्दगी है चार दिन की ...... फ़िराक़ गोरखपुरी

यूँ माना ज़ि‍न्दगी है चार दिन की
बहुत होते हैं यारो चार दिन भी

ख़ुदा को पा गया वायज़ मगर है
ज़रूरत आदमी को आदमी की

बसा-औक्रात* दिल से कह गयी है
बहुत कुछ वो निगाहे-मुख़्तसर भी

मिला हूँ मुस्कुरा कर उससे हर बार
मगर आँखों में भी थी कुछ नमी-सी

महब्बत में करें क्या हाल दिल का
ख़ुशी ही काम आती है न ग़म की

भरी महफ़ि‍ल में हर इक से बचा कर
तेरी आँखों ने मुझसे बात कर ली

लड़कपन की अदा है जानलेवा
गज़ब ये छोकरी है हाथ-भर की

है कितनी शोख़, तेज़ अय्यामे-गुल** पर
चमन में मुस्कुहराहट कर कली की

रक़ीबे-ग़मज़दा*** अब सब्र कर ले
कभी इससे मेरी भी दोस्ती थी
-फ़िराक़ गोरखपुरी

* कभी-कभी, ** बहार के दिन, *** दुखी प्रतिद्वन्द्वी 

Wednesday, September 2, 2020

बिजली के तार पर बैठा हुआ तनहा पंछी ...कैफ़े आज़मी

शोर यूँ ही न परिंदों* ने मचाया होगा,
कोई जंगल की तरफ़ शहर से आया होगा।

पेड़ के काटने वालों को ये मालूम तो था,
जिस्म जल जाएँगे जब सर पे न साया होगा।

बानी-ए-जश्ने-बहाराँ** ने ये सोचा भी नहीं
किस ने काटों को लहू अपना पिलाया होगा।

अपने जंगल से जो घबरा के उड़े थे प्यासे,
ये सराब*** उन को समंदर नज़र आया होगा।

बिजली के तार पर बैठा हुआ तनहा पंछी,
सोचता है कि वो जंगल तो पराया होगा।
1919-2002
-कैफ़े आज़मी

:शब्दार्थ: 
*पक्षियों, **वसन्तोत्सव के प्रेरणा स्रोतों, ***धोखा

Tuesday, September 1, 2020

अक्सर खामोश लम्हों में....मीना भारद्वाज

 

अक्सर खामोश लम्हों में
किताबें भंग करती हैं
मेरे मन की चुप्पी…
खिड़की से आती हवा के साथ
पन्नों की सरसराहट
बनती है अभिन्न संगी…
पन्नों से झांकते शब्द
सुलझाते हैं मन की गुत्थियां
शब्द शब्द झरता है पन्नों से
हरसिंगार के फूल सा…
नीलगगन में चाँद
बादलों की ओट से झांकता
धूसर सा लगता है…
कशमकश के लम्हों में
एक खामोश सी नज़्म
साकार हो उठती है अहसासों में
बस उसी पल…
प्रभाकर की अनुपस्थिति में
पूर्णाभा के साथ
मन आंगन में..सात रंगों वाला…
इन्द्र धनुष खिल उठता है !!
लेखिका परिचय- मीना भारद्वाज 



Monday, August 31, 2020

डिस्कोर्स ...पूजा प्रियंवदा

खाली स्क्रीन तकते रहना
उस पर गुज़रते लफ़्ज़ों
और एक जैसे चेहरों को
पारदर्शी होते देखना

"रीडिंग बिटवीन द लाइन्स" का हुनर
अब काम आ रहा है
डिस्कोर्स की परख होना
वरदान भी है अभिशाप भी

कर्कश अट्टहासों के बाज़ार में
अंतर्मन का पार्श्वस्वर होना
दुश्वार है
बहिष्कृत रह कर
लोकप्रिय होने से
अपना एक संसार होना

सुनते हैं
सर्वव्यापी महामारी है
अकेले मरने की
फिर भी लाचारी है

ये पल पल एहसास
चाय में घोलती हूँ
धुएँ में फूंक देती हूँ
गोली में गटक लेती हूँ
और देखती हूँ
तुम्हें
अपनी स्क्रीन से गुज़रते हुए

-पूजा प्रियंवदा

Sunday, August 30, 2020

भादों की इस भारी बारिश में ...कृष्ण धर शर्मा

कितने ही चेहरे खिल उठे होंगे
सूखे सावन के बाद हुई
भादों की इस भारी बारिश में

कितने ही अरमानों को आज
पंख मिल गए होंगे
भादों की इस भारी बारिश में

कितने ही तो भजिये खाकर
इतराते होंगे, इठलाते होंगे
भादों की इस भारी बारिश में

कितने ही कवि कवितायें
लिखते होंगे इस बारिश पर
भादों की इस भारी बारिश में

कितनी ही कच्ची दीवारों ने
दम तोड़ा होगा आज अपना
भादों की इस भारी बारिश में

कितने ही बेघर हुए होंगे आज
कितने ही चूल्हे जले न होंगे
भादों की इस भारी बारिश में

चूल्हे को तकती आँखों को देख
कितनी ही माएं होंगी उदास
भादों की इस भारी बारिश में

-कृष्ण धर शर्मा, 

Saturday, August 29, 2020

खुद पर यकीन करो ..मंजू मिश्रा


उठो
सीधी खड़ी  हो 
और खुद पर यकीन करो 
तुम किसी से कम नहीं हो 
तुम झूठे पौरुष के दंभ का शिकार 
जानवरों का शिकार तो
बिलकुल नहीं बनोगी
तुम जिंदगी में 
किसी से नहीं डरोगी ....
*** 
अपने
पैरों के नीचे की जमीन 
और सर के ऊपर का आसमान 
तुम खुद तलाश करोगी 
तुम्हे अपनी जिंदगी से जो चाहिए
उसके होने न होने की राह भी 
तुम खुद तय करोगी
तुम जिंदगी में 
किसी से नहीं डरोगी ....
***
रिश्तों का मोल 
तुम खूब पहचानती हो 
इनको निभाने का सलीका भी 
खूब जानती हो लेकिन 
तुम कमजोर नहीं हो
अपने स्वाभिमान की कीमत पर 
तुम कुछ नहीं सहोगी  
तुम जिंदगी में  
किसी से नहीं डरोगी ....
***
-मंजू मिश्रा
मूल रचना