Sunday, April 15, 2018

टॉफी...कमलकिशोर पाण्डेय


पीली टॉफी,
नीली टॉफी
चमकीली साड़ी में लिपटी टॉफी.

चपटी टॉफी, गोल टॉफी,
ढोलक की शक्ल वाली डाँवाडोल टॉफी.

छोटी लड़की ने सारी टॉफी देख डालीं-
परचून की दुकान के मर्तबान में.

तब दुकानदार को पर्ची बढ़ाई.
49 के सामान पर, दुकानदार ने-
एक रुपये की टॉफी देनी चाही.

मर्तबान में ज्यों ही हाथ डाला,
लड़की की आँखों के आगे-
फिर नाचने लगीं
पीली टॉफी,
नीली टॉफी
चमकीली साड़ी में लिपटी टॉफी.

कुछ टॉफियाँ 
खींचकर बाहर निकालीं
तब समझदार छोटी लड़की बोली-
टॉफी नहीं,
इनके बदले
माचिस की  डिब्बी  दे  दो . 
-कमलकिशोर पाण्डेय
मूल रचना

Saturday, April 14, 2018

इनकी शरारत तो देखिए....कौशल शुक्ला

है मुफ़लिसी का दौर पर हिम्मत तो देखिए,
इस शायर-ए-फनकार की मोहब्बत तो देखिए।

बिन पंख के ही उड़ने को बेताब किस कदर,
नादान परिंदे की हसरत तो देखिए।

सूखे में किसानों का जीना मोहाल था,
अब बाढ़ है, खुदाई रहमत तो देखिए।

जब से हमारे शहर अदाकार आ गए,
बाज़ार में अश्कों की कीमत तो देखिए।

सदियों से परिंदों के जो आशियाँ रहे,
इन शख्त दरख्तों की नज़ाकत तो देखिए।

हर कायदे-कानून के वे जानकार हैं,
यह कवायद, पैंतरे, हुज्जत तो देखिए।

कहीं गाली, कहीं गंठजोड़ की जद्दो-जहद शुरू,
इस सियासी ऊंट की करवट तो देखिए।

जिसको भी देखिए वही कींचड़ में सना है,
सियासत में शरीफों की किल्लत तो देखिए।

जीने की आरज़ू में मरे जा रहें हैं लोग,
यह ख्वाहिश-ए-दौलत, ये जरूरत तो देखिए।

‘बाप’ छोड़िए, इन्हें ‘दादा’ बना लिया,
इस शहर में गुंडों की इज्जत तो देखिए।

जेल से रिहा नेता का खैरात लूटते,
चिथड़े लपेटे बच्चे की किस्मत तो देखिए।

अल्फ़ाज की तपिश को सीने में दबाकर,
गुम-सुम पड़े पन्ने की शराफत तो देखिए।

पिंजरे में कुलबुलाते दिल के सभी अरमान,
अब कागजों पर इनकी शरारत तो देखिए।

-कौशल शुक्ला

Friday, April 13, 2018

मोती समन्दर से निकलते हैं......जहीर कुरैशी

वो हिम्मत करके पहले अपने अन्दर से निकलते हैं
बहुत कम लोग, घर को फूँक कर घर से निकलते हैं

अधिकतर प्रश्न पहले, बाद में मिलते रहे उत्तर
कई प्रति-प्रश्न ऐसे हैं जो उत्तर से निकलते हैं

परों के बल पे पंछी नापते हैं आसमानों को
हमेशा पंछियों के हौसले ‘पर’ से निकलते हैं

पहाड़ों पर व्यवस्था कौन-सी है खाद-पानी की
पहाड़ों से जो उग आते हैं, ऊसर से निकलते हैं

अलग होती है उन लोगों की बोली और बानी भी
हमेशा सबसे आगे वो जो ’अवसर’ से निकलते हैं

किया हमने भी पहले यत्न से उनके बराबर क़द
हम अब हँसते हुए उनके बराबर से निकलते हैं

जो मोती हैं, वो धरती में कहीं पाए नहीं जाते
हमेशा कीमती मोती समन्दर से निकलते हैं
-जहीर कुरैशी

Thursday, April 12, 2018

मेरे मन का डर.....कुसुम कोठारी


आजकल डर के कारण
सांसे कुछ कम ले रही  हूं 
अगली पीढ़ी के लिये
कुछ प्राण वायु छोड़ जाऊं, 
डरती हूं क्या रहेगा
उनके हिस्से
बिमार वातावरण
पानी की कमी
दूषित खाद्य पदार्थ
डरा भविष्य
चिंतित वर्तमान
जीने की जद्दोजहद
झूठ, फरेब
बेरौनक जिंदगी
स्वार्थ
अविश्वास
धोखा फरेब 
अनिश्चित जीवन
वैर वैमनस्य
फिर  से दिखता
आदम युग
यह भयावह
चिंतन मुझे डराता है
सोचती हूं अभीसे
पानी की
एक एक बूंद का
हिसाब रखूं
कुछ तो सहेजू
उनके लिये
कुछ अच्छे संस्कार
दया कोमल भाव
सहिष्णुता
मजबूत नींव
धैर्य आदर्श 
कि वो अपने
पूर्वजों को कुछ
आदर से याद करें
चैन से जी सके
और अपनी अगली पीढ़ी को 
 कुछ अच्छा देने की सोचें....
-कुसुम कोठारी

Wednesday, April 11, 2018

डर.....शबनम शर्मा

पैदा होते ही लड़की 
डर जाती है माँ,
पनपते ही उसको देख 
खिलखिलाहट पर लगाती अंकुश,
उसकी चाल, हँसी, सब पर 
लगती पाबंदियाँ
और वक्त के साथ-साथ उसे 
दिया जाता कभी बाप, बेटे 
भाई और पति का डर, 
क्यूँ आखिर क्यूँ?
कब पनप पायेगी वो
कब होगा उसका अपना दिन,
कब फैलाएगी अपने सम्पूर्ण पंख 
और उड़ेगी खुले आसमान में,
शायद ज़रूरत है आज 
समाज को ऐसी ही 
बेड़ीहीन औरत की,
जो बना सके
सन्तान को 
लौहपुरुष सा, व पैदा 
कर सके फिर से 
सभी अभिमन्यु।

-शबनम शर्मा

Tuesday, April 10, 2018

किसी बूढे़ समन्दर की कहानी....ज़हीर कुरैशी

यहाँ हर व्यक्ति है डर की कहानी
बड़ी उलझी है अन्तर की कहानी

शिलालेखों को पढ़ना सीख पहले
तभी समझेगा पत्थर की कहनी

रसोई में झगड़ते ही हैं बर्तन
यही है यार, हर घर की कहानी

कहाँ कब हाथ लग जाए अचानक
अनिश्चित ही है अवसर की कहानी

नदी को अन्तत: बनना पड़ा है
किसी बूढे़ समन्दर की कहानी
-ज़हीर कुरैशी

Monday, April 9, 2018

मुस्कुरा देते हैं बच्चे...राजेश रेड्डी

शाम को जिस वक़्त ख़ाली हाथ घर जाता हूँ मैं
मुस्कुरा देते हैं बच्चे और मर जाता हूँ मैं

जानता हूँ रेत पर वो चिलचिलाती धूप है
जाने किस उम्मीद में फिर भी उधर जाता हूँ मैं

सारी दुनिया से अकेले जूझ लेता हूँ कभी
और कभी अपने ही साये से भी डर जाता हूँ मैं

ज़िन्दगी जब मुझसे मज़बूती की रखती है उमीद
फ़ैसले की उस घड़ी में क्यूँ बिखर जाता हूँ मैं

आपके रस्ते हैं आसां, आपकी मंजिल क़रीब
ये डगर कुछ और ही है जिस डगर जाता हूँ मैं
- राजेश रेड्डी