Saturday, July 11, 2020

कामायनी: चिन्ता सर्ग से उद्धृत ...जयशंकर प्रसाद

ओ चिन्ता की पहली रेखा, री विश्व वन की व्याली,
ज्वालामुखी विस्फोट के भीषण, प्रथम कंप-सी मतवाली।

हे अभाव की चपल बालिके, री ललाट की खल रेखा,
हरी-भरी-सी दौड़-धूप, ओ जल-माया की चल रेखा।

अरी व्याधि की सूत्र-धारिणी, री आधि मधुमय अभिशाप,
हृदय गगन में धूमकेतु-सी, पुण्य सृष्टि में सुन्दर पाप।

आह घिरेगी हृदय लहलहे, खेतों पर करका घन-सी,    
छिपी रही अन्तरतम में, सब के तू निगूढ़ धन-सी।

बुद्धि, मनीषा, मति, आशा, चिंता तेरे कितने नाम,
अरी पाप है तू, जा, चल जा, यहाँ नहीं कुछ तेरा काम।

चिन्ता करता हूँ मैं जितनी, उस अतीत की उस सुख की,
उतनी ही अनन्त में बनती जाती, रेखाएं दुःख की ।        

प्रकृति रही दुर्जेय, पराजित, हम सब थे भूले मद में,
भोले थे हाँ, तिरते केवल, सब विलासता के नद में।

अरी उपेक्षा-भरी अमरते, री अतृप्त निर्बाध विलास,
द्विधा रहित अपलक नयनों की, भूख भरी दर्शन की प्यास।

पञ्च भूत का भैरव मिश्रण, शंपाओं के सकल निपात,
उल्का ले कर अमर शक्तियाँ, खोज रही ज्यों खोया प्रभात।

उधर गरजती सिंधु लहरियाँ, कुटिल काल के जालों-सी,
चली आ रही फेन उगलती, फन फैलाए व्यालों-सी।

धंसती धरा धधकती ज्वाला, ज्वाला मुखियों के निश्वास,
और संकुचित क्रमशः उसके, अवयव का होता था ह्रास।

लहरें व्योम चूमती उठती, चपलाएं असंख्य नचती,
गरल जलद की खड़ी झड़ी में, बूँदें निज संसृति रचती।

चपलाएं उस जलधि-विश्व में, स्वयं चमत्कृत होती थी,
ज्यों विराट बाड़व-ज्वालाएं, खंड-खंड हो रोती थी।

उस विराट आलोड़न में ग्रह, तारा बुद-बुद से लगते, 
प्रखर-प्रलय पावस में जगमग, ज्योतिर्गणों से जगते।

मृत्यु अरी चिर-निद्रे, तेरा अंक हिमानी-सा शीतल,
तू अनंत की लहर बनाती, काल-जलधि की-सी हलचल।      

ओ जीवन की मरू-मरीचिका, कायरता के अलस विषाद!
अरे पुरातन अमृत अगतिमय, मोह मुग्ध जर्जर अवसाद।

आज अमरता का जीवित हूँ मैं, वह भीषण जर्जर दम्भ,
आह सर्ग के प्रथम अंक का, अधम पात्र मय-सा विषकुंभ।
- जयशंकर प्रसाद
अनहद कृति
https://www.anhadkriti.com/jayashankar-prasad-kamayani-chinta-sarg-se-uddhrit

Friday, July 10, 2020

परछाई छिपने लगी ...अशोक कुमार रक्ताले

परछाई छिपने लगी , देखे सूरज घूर।
पैरों में छाले पड़े, मंजिल फिरभी दूर।।

गहराया है सांझ का, रंग पुनः वह लाल।  
सम्मुख काली रात है, और वक्त विकराल।।

मजबूरी अभिशाप बन, ले आती है साथ।
निर्लजता के पार्श्व में, फैले दोनों हाथ।।

धन-कुबेर कब पा सका, धन पाकर भी चैन।
तड़प-तड़प जीता रहा, मूँद लिए फिर नैन।।

उसके अपने अंत तक, साथ चले अरमान।
बचपन से सुनता रहा, जो केवल फरमान।।
-अशोक कुमार रक्ताले

Thursday, July 9, 2020

हम हैं, हम रहेंगे, यह भ्रम भी सदा पलता रहेगा ..स्मृतिशेष अटल बिहारी वाजपेयी

जो कल थे,
वे आज नहीं हैं।
जो आज हैं,
वे कल नहीं होंगे।
होने, न होने का क्रम,
इसी तरह चलता रहेगा,
हम हैं, हम रहेंगे,
यह भ्रम भी सदा पलता रहेगा।
सत्य क्या है?
होना या न होना?
या दोनों ही सत्य हैं?
जो है, उसका होना सत्य है,
जो नहीं है, उसका न होना सत्य है।
मुझे लगता है कि
होना-न-होना एक ही सत्य के
दो आयाम हैं,
शेष सब समझ का फेर,
बुद्धि के व्यायाम हैं।
किन्तु न होने के बाद क्या होता है,
यह प्रश्न अनुत्तरित है।
प्रत्येक नया नचिकेता,
इस प्रश्न की खोज में लगा है।
सभी साधकों को इस प्रश्न ने ठगा है।
शायद यह प्रश्न, प्रश्न ही रहेगा।
यदि कुछ प्रश्न अनुत्तरित रहें
तो इसमें बुराई क्या है?
हाँ, खोज का सिलसिला न रुके,
धर्म की अनुभूति,
विज्ञान का अनुसंधान,
एक दिन, अवश्य ही
रुद्ध द्वार खोलेगा।
प्रश्न पूछने के बजाय
यक्ष स्वयं उत्तर बोलेगा।
-स्मृतिशेष अटल बिहारी वाजपेयी 

Wednesday, July 8, 2020

मुझे अच्छा लगता है ...साधना वैद

इन दिनों
मन की खामोशियों को
रात भर गलबहियाँ डाले
गुपचुप फुसफुसाते हुए सुनना
मुझे अच्छा लगता है !  

अपने हृदय प्रकोष्ठ के द्वार पर
निविड़ रात के सन्नाटों में
किसी चिर प्रतीक्षित दस्तक की
धीमी-धीमी आवाजों को
सुनते रहना
मुझे अच्छा लगता है !
  
रिक्त अंतरघट की  
गहराइयों में हाथ डाल
निस्पंद उँगलियों से
सुख के भूले बिसरे
दो चार पलों को  
टटोल कर ढूँढ निकालना
मुझे अच्छा लगता है !

थकान के साथ
शिथिलता का होना  
अनिवार्य है ,
शिथिलता के साथ
पलकों का मुँदना भी
तय है और
पलकों के मुँद जाने पर
तंद्रा का छा जाना भी
नियत है ! 

लेकिन सपनों से खाली
इन रातों में
थके लड़खड़ाते कदमों से  
खुद को ढूँढ निकालना
और असीम दुलार से
खुद ही को निज बाहों में समेट  
आश्वस्त करना  
मुझे अच्छा लगता है !
-साधना वैद

Tuesday, July 7, 2020

ये जो भीड़ है ...जयश्री वर्मा

ये रचना कुछ अलग हटकर है..
हमें अच्छी लगी..
न जाने कहाँ से आती है और न जाने कहाँ को जाती है,
सुबह होने के साथ ही सड़कों,चौराहों पे नज़र आती है।

कुछ आदमी,कुछ औरत और कुछ बच्चों की शक्ल में,
कभी ढूँढ रही छाँव है तो कभी दौड़ रही है जलती धूप में।

दो,तीन,चार पहिया वाहनों पर,चढ़ के कहीं को जाती है,
और जल्दी पहुँचने की होड़ में,बस व्याकुलता फैलाती है।

इसकी बहुत सारी आँखों में,घूरता अनजानापन काबिज़ है,
हर कहीं नज़र आती है और ये शोरगुल भी बहुत मचाती है।

भीड़ के रुकते,चलते पैर और सफेद,काले बालों वाले मस्तक, 
कभी हाथों में कैंडिल,कभी बैनर,कभी सार्थक कभी निरर्थक।

ये खूब चीखती चिल्लाती है और अपना विरोध दर्ज कराती है,
कभी हक़ कह,कभी विरोध में,नारेबाजी कर मांगें मनवाती है।

ये झूठी ही हंसी हंसती है-जलसों,हास्य सम्मेलनों,पार्कों में,
होली,दीवाली और रावण के संहार जैसे कई अन्य त्योहारों में।

ये शांत नज़र आती है मंदिर,मस्जिद,चर्च और गुरुद्वारों में,
सिनेमा घरों के अंदर और कुछ नामी बाबाओं के दरबारों में।

ये रोती है दैवीय आपदाओं में,आंसूगैस और पुलिसिया मार पर,
किसी बड़े नेता,अभिनेता की शवयात्रा हो,या शमशान घाट पर।

ये पसीना पोंछती,भीगती,ठिठुरती,मौसमों को कोसती रहती है,
लेकिन घरों के दरवाजों से बाहर ही ये बखूबी फलती फूलती है।   

शायद ये अँधेरे से डरती है इसीलिए रात में वज़ूद खत्म करती है,
और जहां कहीं से भी आई थी,ये चुपचाप वहीं प्रस्थान करती है।
-जयश्री वर्मा

Monday, July 6, 2020

क्या हमारा नहीं रहा सावन .... जौन एलिया

अपनी मंज़िल का रास्ता भेजो 
जान हम को वहाँ बुला भेजो 

क्या हमारा नहीं रहा सावन 
ज़ुल्फ़ याँ भी कोई घटा भेजो 

नई कलियाँ जो अब खिली हैं वहाँ 
उन की ख़ुश्बू को इक ज़रा भेजो 

हम न जीते हैं और न मरते हैं 
दर्द भेजो न तुम दवा भेजो 

धूल उड़ती है जो उस आँगन में 
उस को भेजो सबा सबा भेजो 

ऐ फकीरों गली के उस गुल की 
तुम हमें अपनी ख़ाक-ए-पा भेजो 
-जौन एलिया

Sunday, July 5, 2020

कैसी जलन हाय इन दिनों ...अचल दुबे

है ज़िंदगी को कैसी जलन हाय इन दिनों  है मौत के माथे पे शिकन हाय इन दिनों
है ज़िंदगी को कैसी जलन हाय इन दिनों 
है मौत के माथे पे शिकन हाय इन दिनों 

शायद मेरे ज़मीर को फ़ुर्सत न आई रास 
रहती है बेवजह सी थकन हाय इन दिनों 

रंगत रही न शोख़ियाँ, ना ख़ुशबु ना ख़ुलूस 
वीरान है हर एक अंजुमन हाय इन दिनों 

या मौला इस अज़ाब ने बरपाया क्या कहर 
होने लगी किल्लत-ए-कफ़न हाय इन दिनों 

ताज्जुब है कि इसको कोई भी टोकता नहीं 
घूमे है झूठ बे-पैरहन हाय इन दिनों 

चेहरों की जगह झूठ ही मंज़ूर था हमें 
सब ने लिया है नकाब पहन हाय इन दिनों 

ना मिलाओ हाथ किसे से, न गले मिलो ‘अचल’ 
मिलने का ये नया है चलन हाय इन दिनों 
- अचल दीप दुबे