Friday, June 12, 2020

धूप सा तन दीप सी मैं .... महादेवी वर्मा

धूप सा तन दीप सी मैं!

उड़ रहा नित एक सौरभ-धूम-लेखा में बिखर तन,
खो रहा निज को अथक आलोक-सांसों में पिघल मन
अश्रु से गीला सृजन-पल,
औ' विसर्जन पुलक-उज्ज्वल,
आ रही अविराम मिट मिट
स्वजन ओर समीप सी मैं!

सघन घन का चल तुरंगम चक्र झंझा के बनाये,
रश्मि विद्युत ले प्रलय-रथ पर भले तुम श्रान्त आये,
पंथ में मृदु स्वेद-कण चुन,
छांह से भर प्राण उन्मन,
तम-जलधि में नेह का मोती
रचूंगी सीप सी मैं!

धूप-सा तन दीप सी मैं!

-स्मृतिशेष महादेवी वर्मा


Thursday, June 11, 2020

गीत गाने दो मुझे .......... सूर्यकांत त्रिपाठी "निराला"

गीत गाने दो मुझे तो,
वेदना को रोकने को।

चोट खाकर राह चलते
होश के भी होश छूटे,
हाथ जो पाथेय थे, ठग-
ठाकुरों ने रात लूटे,
कंठ रूकता जा रहा है,
आ रहा है काल देखो।

भर गया है ज़हर से
संसार जैसे हार खाकर,
देखते हैं लोग लोगों को,
सही परिचय न पाकर,
बुझ गई है लौ पृथा की,
जल उठो फिर सींचने को।
-सूर्यकांत त्रिपाठी "निराला"

Wednesday, June 10, 2020

यूँ सताया ना करो ....अख़्तर खत्री

अपने एहसासों को यूँ छुपाया ना करो,
चुप रह कर तुम मुझे यूँ सताया ना करो ।

अल्फ़ाज़, ख़ामोशी से अच्छे ही होते हैं,
सिर्फ़ इशारों से इश्क़ को जताया ना करो ।

कुछ बेचैन सा हो जाता है, ये मेरा मन,
रूठ कर के मेरी जान जलाया ना करो ।

ख़ुद आ कर के जान लो तुम मेरा हाल,
गैरों से ऐसे मेरा हाल पुछवाया ना करो ।

बिछड़ कर तुमसे, जी नहीं पाऊंगा मैं,
'अख़्तर' तुम्हारा है, भूल जाया ना करो ।

-अख़्तर खत्री

Tuesday, June 9, 2020

लैम्प पोस्ट ... संध्या गुप्ता


ये सुनसान फैली सड़क है
लैम्प पोस्ट की रौशनी में
चमचमाते भवन हैं
एक के बाद एक

सब में मरे पड़े हैं आदमी

ये पूरा इलाका एक मुर्दा-घर है
इस मुर्दा-घर में मैं अकेली खड़ी
सन्नाटे के बीच
तलाश रही हूं कब से एक अदद आदमी!

हां , मुझे नींद में चलने की आदत है!
- संध्या गुप्ता

मूल रचना

Monday, June 8, 2020

क़त्ल का कैसा है ...डॉ.नवीन मणि त्रिपाठी


2122 1122 1122 22

दिल सलामत भी नहीं और ये टूटा भी नहीं ।
दर्द बढ़ता ही गया जख़्म कहीं था भी नहीं ।।

कास वो साथ किसी का तो निभाया होता ।
क्या भरोसा करें जो शख्स किसी का भी नहीं ।।

क़त्ल का कैसा है अंदाज़ ये क़ातिल जाने ।
कोई दहशत भी नहीं है कोई चर्चा भी नहीं ।।

मैकदे में हैं तेरे रिंद तो ऐसे साकी ।
जाम पीते भी नही और कोई तौबा भी नहीं ।।

सोचते रह गए इज़हारे मुहब्बत होगी ।
काम आसां है मगर आपसे होता भी नहीं ।।

वो बदल जाएंगे इकदिन किसी मौसम की तरह।
इश्क से पहले कभी हमने ये सोचा भी नहीं ।।

रूठ कर जाने की फ़ितरत है पुरानी उसकी ।
मैंने रोका भी नहीं और वो रुकता भी नहीं ।।

कोशिशें कुछ तो ज़रा कीजिए अपनी साहब ।
मंजिलें ख़ुद ही चली आएंगी ऐसा भी नहीं ।।

हिज्र के बाद तो जिंदा रही इतनी सी ख़लिश ।
हाले दिल आपने मेरा कभी पूछा भी नहीं ।।

-डॉ.नवीन मणि त्रिपाठी

Saturday, June 6, 2020

मेरे लिए ईमां आसां ....महेशचन्द्र द्विवेदी

शबनमी बूँद का कमल के पत्ते पर ठहरना मुश्किल
हवा में एक सिहरन हुई और बूँद का गिरना आसां  

ताल की जलकुम्भी से मवेशी का निकलना मुश्किल
हरी घास की कशिश में,  होता उसका फँसना आसां

साँसें उनकी बख़्शीश उन्हें बताना जितना मुश्किल
उन्हें मुँह चुराते हुए उस पर हँसना उतना आसां

जुदाई का इक लम्हां बिताना मुझको जितना मुश्किल
सब्र का हर इम्तिहां लेना  उनके लिए उतना आसां

जो उनके लिए कुफ़्र आसां, तो मेरे लिए ईमां आसां
तर्केइबादत मुझे मुश्किल, तर्केमुहब्बत है उनको आसां 

-महेशचन्द्र द्विवेदी
मूल रचना

Friday, June 5, 2020

आस्तीन के सांप से दुनियादारी भरी ..सुखविन्दर सिंह मनसीरत

चलते चलते यूँ ही रूक जाता हूँ मैं
कहना चाहूँ जो पर न कह पाता हूँ मैं

उल्फतों का समंदर है हिलोरे खा रहा
भावनाएँ व्यक्त ना कर पाता हूँ मैं

दोस्त दुश्मन बने जिन्दगी की राह पर
अपने पराये न खोज कर पाता हूँ मैं

हार मान लूँ जो यहाँ ये मुनासिब नहीं
पर स्वयं से ही नहीं जीत पाता हूँ मैं

तोड़ दूँ असूलों को यहाँ गवारा नहीं
कायदों पे कभी नहीं टिक पाता हूँ मैं

जो भी मिला राहों में वो दगा दे गया
डंक जहरीलों से नहीं कर पाता हूँ मैं

आस्तीन के सांप से दुनियादारी भरी
राह काट कर भी नहीं चल पाता हूँ मैं

मतलबी दुनिया में कोई भी मीत नहीं
प्रीत की रीत को ना निभा पाता हूँ मैं

सुखविन्द्र ने प्यार में ठोकरें ही खाई
प्रेमपथ पे रसिक नहीं बन पाता हूँ मैं

-सुखविन्दर सिंह मनसीरत