Saturday, March 9, 2019

कौन साज़िश रच रहा है ....राज़िक़ अंसारी

मेरा किरदार कब से जंच रहा है 
मगर जो सच है वो तो सच रहा है

इज़ाफ़ा हो रहा है नफ़रतों में 
न जाने कौन साज़िश रच रहा है 

सफ़ेदी आ गयी बालों में लेकिन 
उसे कहना वो अब भी जच रहा है 

तुम्हारे हाथ की लाली तो देखो 
हमारा ख़ून कितना रच रहा है 

ग़रीबी छूत का है रोग शायद 
मेरा हर दोस्त मुझ से बच रहा है 

चलो चल कर परिंदों की ख़बर लें 
हवा में शोर कब से मच रहा है 

न होगा हज़्म तो फिर क्या करोगे 
अभी तो झूठ सब को पच रहा है 
- राज़िक़ अंसारी 


Friday, March 8, 2019

खेल-खेल में......श्वेता सिन्हा

वो ग़ुम रहे अपने ही ख़्यालों की धूल में
करते रहे तलाश जिन्हें फूल-फूल में

गीली हवा की लम्स ने सिहरा दिया बदन
यादों ने उनकी छू लिया फिर आज भूल में

उसने तो बात की थी यूँ ही खेल-खेल में
पर लुट गया ये दिल मेरा शौक़े-फ़ज़ूल में

होने लगा गलियों का जिक्र आसमां में
फिर उम्रभर अटे रहे लफ्ज़ों की धूल में

एहसान आपका जो वक़्त आपने दिया
चुभी किर्चियां फूलों की निगाहे-मलूल में

-श्वेता सिन्हा

निगाहे-मलूल = उदास आँखों में

Thursday, March 7, 2019

एक बार जो .........अशोक वाजपेयी

Image result for शायद ही फिर मिल पाएंगे
एक बार जो ढल जाएंगे
शायद ही फिर खिल पाएंगे।

फूल शब्द या प्रेम
पंख स्वप्न या याद
जीवन से जब छूट गए तो
फिर न वापस आएंगे।
अभी बचाने या सहेजने का अवसर है
अभी बैठकर साथ
गीत गाने का क्षण है।

अभी मृत्यु से दांव लगाकर
समय जीत जाने का क्षण है।
कुम्हलाने के बाद
झुलसकर ढह जाने के बाद
फिर बैठ पछताएंगे।

एक बार जो ढल जाएंगे
शायद ही फिर खिल पाएंगे।
Related image
-अशोक वाजपेई

Wednesday, March 6, 2019

कहने दो मुझे कि प्यार है......स्मृति आदित्य पाण्डेय



मैं फिर कहूंगी, 
मुझे फिर-फिर कहना है 
तुम्हारा प्यार मेरा सौभाग्य है 
तुम कहोगे प्यार है तो है 
सबको बताना क्यों 
और मेरा जवाब होगा 
प्यार है तो है 
सबसे छिपाना क्यों 
तुम फिर कहोगे 
पर सबको क्यों बताना 
मैं फिर कहूंगी 
इसमें क्या छिपाना... 
तुम कहोगे मैं असहज हो जाता हूं 
मैं कहूंगी इस असहज दुनिया में 
बस यही सबसे सहज लफ्ज़ है 
जिसने बचा कर रखी है 
दुनिया की भीगी कोमलता 
दुनिया को बचाने में एक स्नेह बूंद 
मेरी तरफ से भी... कहने दो मुझे कि प्यार है...

- स्मृति आदित्य पाण्डेय

Tuesday, March 5, 2019

दिल का लगाना आ गया...प्रीती श्रीवास्तव

उनकी बज्म तक चलकर जाना आ गया।
खूबसूरत सफर का लुत्फ़ उठाना आ गया।।

यूं बैठे थे सारे मेहरबां मुद्दत से नकाब में।
तीर निशाने पर हमको लगाना आ गया।।

तोड़कर लाते थे कभी वो फूल गुलाब का।
कांटो से हमको दिल का लगाना आ गया।।

पेशे खिदमत में हमारी उनकी तहरीर थी।
चार लफ्जों से हमें उनको लुभाना आ गया।।

लगाओ बोली शौक से बिकने को तैयार हूं।
तुम्हारी कीमत का अंदाजा लगाना आ गया।।
- प्रीती श्रीवास्तव

Monday, March 4, 2019

जीवन का छम-छम गीत सुनो.......श्वेता सिन्हा

दुःख,व्यथा,क्षोभ ही नहीं भरा
बस विरह, क्रोध ही नहीं धरा
मकरंद मधुर उर भीत सुनो
जीवन का छम-छम गीत सुनो

ज्वाला में जल मिट जाओगे
गत मरीचिका आज लुटाओगे
बनकर मधुप चख लो पराग
कुछ क्षण का सुरभित रंग-राग
अंबर से झरता स्नेहप्रीत सुनो
कल-कल प्रकृति का गीत सुनो

क्यूँ उर इतना अवसाद भरा?
क्यूँ तम का गहरा गाद भरा?
लाली उषा की,पवन का शोर
छलके स्वप्न दृग अंजन कोर
घन घूँघट चाँदनी शीत सुनो
टिम-टिम तारों का गीत सुनो

इस सुंदर जीवन से विरक्ति क्यों?
कड़वी इतनी अभिव्यक्ति क्यों?
मन अवगुंठन,हिय पट खोलो तुम
खग,तितली,भँवर संग बोलो तुम
न मुरझाओ, मनवीणा मनमीत सुनो
प्रेमिल रून-झुन इक गीत सुनो

-श्वेता सिन्हा

Sunday, March 3, 2019

अधूरा टुकड़ा....श्वेता सिन्हा

बूढ़े पीपल की 
नवपत्रों से ढकी 
इतराती शाखों पर
कूकती कोयल की तान
हृदय केे सोये दर्द को जगा गयी
हवाओं की हँसी से बिखरे 
बेरंग पलाश के मुरझाये फूल,
मन के बंद कपाट पर
दस्तक देते उदास सूखे पत्तों की आहट
 बोगनबेलिया से लदी टहनियोंं
की फुसफुसाहट
महुआ की गंध से व्याकुल हो
इक चेहरा तसव्वुर के
दबी परतों से झाँकने लगता है 
 कुछ सपनों के बीज बोये थे जो
आबादी से दूर पहाड़ की तलहटी में 
उससे उगे
खपरैल महल के छत पर
चाँदनी की सुगंध में भीगी नशीली रात,
मौसम के बेल में 
सुनहरे फूलों से खिलती लड़ियाँ,
इत्र छिड़कते जुगनुओं की टोली
रुह की खुशबू से बेसुध आशियां में
सपनीली अठखेलियों को,
इक रात पहाड़ से उतरी बरसात 
ने ढक लिया अपनी बाहों में
छन से टूटकर खो गयी 
धीमी लौ में जलती लालटेन 
घुप्प गीले अंधेरे में ढूँढती रही 
सपनों के बिखरे लम्स
धुँधलायी आँखों ने देखी
चुपचाप लौटती हुई परछाईयाँ
ऊँची पहाड़ों की गुम होती पगडंडी पर,
जब भी कभी बैठती हूँ
तन्हाई में 
अनायास ही
उस महल के मलबे में 
तलाशने लगती हूँ
मासूम एहसास का 
अधूरा टुकड़ा।