Friday, August 10, 2018

परेशां आईना है...........सजीवन मयंक

शब्द को कुछ इस तरह तुमने चुना है। 
स्तुति भी बन गयी आलोचना है।।

आजकल के आदमी को क्या हुआ है।
देखकर जिसको परेशां आईना है।।

दोस्तों इन रास्तों को छोड़ भी दो।
आम लोगों को यहाँ चलना मना है।।

जिसके भाषण आज सडकों पर बहुत हैं।
लोग कहते हैं कि वो थोथा चना है।।

जिस कुएँ में आज डूबे जा रहे हम।
वो हमारे ही पसीने से बना है।।

ठोकरों से सरक सकता है हिमालय।
जो अपाहिज हैं यह उनकी कल्पना है।।

खोल दो पिंजर मगर उड़ ना सकेगा।
कई वर्षों से ये पंछी अनमना है।।
-सजीवन मयंक

Thursday, August 9, 2018

कोई क़ीमत चुका नहीं सकता.....नज़ीर बनारसी

बुझा है दिल भरी महफ़िल में रौशनी देकर,
मरूँगा भी तो हज़ारों को ज़िन्दगी देकर

क़दम-क़दम पे रहे अपनी आबरू का ख़याल,
गई तो हाथ न आएगी जान भी देकर

बुज़ुर्गवार ने इसके लिए तो कुछ न कहा,
गए हैं मुझको दुआ-ए-सलामती देकर

हमारी तल्ख़-नवाई को मौत आ न सकी,
किसी ने देख लिया हमको ज़हर भी देकर

न रस्मे दोस्ती उठ जाए सारी दुनिया से,
उठा न बज़्म से इल्ज़ामे दुश्मनी देकर

तिरे सिवा कोई क़ीमत चुका नहीं सकता,
लिया है ग़म तिरा दो नयन की ख़ुशी देकर 
- नज़ीर बनारसी

Wednesday, August 8, 2018

शहीद की विधवा.....अमित निश्छल

वीर रस, जन गण सुहाने गा रहे हैं
पंक्तियों में गुनगुनाते जा रहे हैं,
तारकों की नींद को विघ्नित करे जो
गीत, वे कोरे नयन दो गा रहे हैं।

ज़िंदगी की राह में रौशन रही वो
माँग में सिंदूर, सर चूनर बनी थी,
रात के अंधेर में बेबस हुई अब
जिंदगी की नींव है उजड़ी हुई सी।
जोग, ना परितज्य वो भी जानती है,
पर निरा मंगल हृदय से साजती है
रिस भरा है जीव में उसके तभी तो,
साँस में हरदम कसक सुलगा रही है।
साँस रुकनी थी, मगर तन था पराया
लाश देखी नाथ की, तब भी रही थी,
चीख भी सकती नहीं कमजोर बनकर
हार उसके प्राण की, नाज़ुक घड़ी थी।
अंत्य साँसें भी अभी कोसों खड़ी हैं,
जागती, जगकर निहारे, देखती है
कर, निहोरे जोड़कर, वंदन सहज कर,
अंत में अंतस तिरोहित ढूँढ़ती है।

दीन सी आँखें अभी सूखी नहीं हैं,
औ' उधर बदमाश चंदा झाँकता है
हाथ की लाली अभी धूमिल नहीं है,
ताक कर तिरछे, ठठाकर, खाँसता है।
दुर्दिनों पर डालकर मुस्कान कलुषित,
हेय नज़रों से ज़रा उपहास करता
क्या पता उस रात के राकेश को भी,
यातना से त्रस्त भी कुछ माँग करता।
सर उठाकर आँख को मींचे कठिन सी,
माँगती अंगार, उल्का पिंड से जो
गिर रहे गोले धरा पर अग्नि दह सम,
अंब के अंबार से बुझ जा रहे वो।
वह बहुत सहमी खड़ी है ठोस बनकर,
धूल की परछाइयों सी पोच बनकर
दूर है अर्धांग उसका जो सदा को,
देश पर कुरबान है दस्तूर बनकर।

गीत गाते जा रहे हैं जो सभी ये,
दो दिनों के बाद सब भूला हुआ कल
मर मिटेंगे देश पर गर कल सभी तो,
कब कहेगा, कौन यह दस्तूर प्रति पल।
-“निश्छल”

Tuesday, August 7, 2018

राह तकती, वो दो आंखे....निशा माथुर



दरवाजे की चौखट पर
राह तकती, वो दो आंखे, 
मन में आंशकाओं के उठते हुये बवंडर,
दिल मायूसी में डूबा, जैसे कोई खंडहर।
किसी भी अनहोनी को
कर अस्वीकार, 
दिमाग जा पहुंचा संभावनाओं के द्वार।
वो हर एक पल का अब जीना मरना,
कब आयेगा
उसका वो अपना... ???

दरवाजे की चौखट पर
राह तकती, वो दो पुतलियां, 
जो भीगी हैं, अहसासों की बारिश से,
जो जाग रही हैं, ममता की ख्वाहिश से।
अकुलाहट में अपनी
पलक पावड़े बिछाए ,
प्रतीक्षा की हर आहट पर देवी-देवता मनाए।
असमंजस के क्षण-क्षण को
गिनता वक्त होगा,
जाने किस हाल में उसका लाड़ला होगा ???

दरवाजे की चौखट पर
राह तकती, 
वो दो मासूम नजरें, 
वो तुतलाती-सी बोली, भाव नयन में थमे-थमे से,
वो सीने से उठता ज्वार, खड़े पांव जमे-जमे से।
छाया देता कल्पवृक्ष,
गोदी का आश्वासित बचपन,
जीवट था उसका नायक,
सवाल पूछता भोला मन।
उसके कंधों पर चढ़कर, चांद को छूने जाना है,
बता दे मेरी मां, मेरे जीवनदाता को कब आना है ???

दरवाजे की चौखट पर
राह तकती, वो दो निगाहें, 
अपनी सिलवटों का दर्द बयां कर रही है,
हर लम्हा पदचाप की सुधियां तलाश रही हैं।

कलेजा हथेली पर, सांसे घूमी-फिरी सी,
तारीखें मौन पसराए,आशाओं में झुरझुरी सी।
सूखे आंसू और दिलहाहाकार कर रोता है,
जब तिरगें में लिपटा, 
किसी जवान का जनाजा होता है !!!

-निशा माथुर

Monday, August 6, 2018

समस्या....सुशान्त प्रिय


बिना किसी पूर्व-सूचना के 
एक दिन आ गया प्रलय, 
भौंचक्के रह गए सारे भविष्यवेत्ता,
सन्न रह गया समूचा मौसम-विभाग, 
हहराता समुद्र लील गया सारा आकाश,
सूर्य डूब गया उसमें, 
जिसकी फूली हुई लाश 
बहती मिली दूर कहीं 
कुछ समय बाद 
चाँद और सितारे, 
न जाने कहाँ बह गए 
नामो-निशान तक नहीं मिला उनका। 

वह तो मैं ही था कि 
बच गया किसी तरह 
तुम्हारे प्रेम-पत्रों की नाव बना कर; 
वह तो तुम ही थी कि 
बच गई किसी तरह 
मेरे प्रेम-पत्रों के चप्पू चला कर।

समस्या यह है कि अब हम 
अर्घ्य किसे देंगे 
प्रतिदिन?
-सुशान्त प्रिय

Sunday, August 5, 2018

गमों की आग...हरिहर झा


गीत धड़कन से निकल 
कर्कश हुये 
टकरा ग़मों से, 
आग की बरसात हुई। 

बदक़िस्मत! 
ख़ुदा तक पहुंच कर, 
लौटी अधूरी मांग
लो! दिल की हमारी;
स्वाद में ऐसा लगा,  
चाश्नी में किस तरह  
नीम कड़ुवे की शुमारी। 
ठोक माथा-मुँह छिपा रोये, 
किसी दीवार से लगती  
किस्मत जा कहीं सोई। 

पेट ख़ाली, 
तड़पते हों भूख से पर 
ख़्याल में 
पकवान ही साधा।
तारों पर नज़र ,
और गड्ढे सड़क पर भरपूर  
कैसे दूर हो बाधा? 
कंगाली, फटेहाली में, जीते 
महल सपनों के  
बनाये क्या करे कोई!!  
-हरिहर झा

Saturday, August 4, 2018

किरदार......श्यामल सुमन

बाँटी हो जिसने तीरगी उसकी है बन्दगी।
हर रोज नयी बात सिखाती है ज़िन्दगी।।

क्या फ़र्क रहनुमा और क़ातिल में है यारो।
हो सामने दोनों तो लजाती है ज़िन्दगी।।

लो छिन गए खिलौने बचपन भी लुट गया।
यों बोझ किताबों की दबाती है ज़िन्दगी।।

है वोट अपनी लाठी क्यों भैंस है उनकी।
क्या चाल सियासत की पढ़ाती है ज़िन्दगी।।

गिनती में सिमटी औरत पर होश है किसे।
महिला दिवस मना के बढ़ाती है ज़िन्दगी।।

किरदार चौथे खम्भे का हाथी के दाँत सा।
क्यों असलियत छुपा के दिखाती है ज़िन्दगी।।

देखो सुमन की ख़ुदकुशी टूटा जो डाल से।
रंगीनियाँ काग़ज़ की सजाती है ज़िन्दगी।।
-श्यामल सुमन