Thursday, October 12, 2017

तेरी ज़रूरत ज्यादा है..........अमित जैन 'मौलिक'


रोमांटिक ग़ज़ल । लव ग़ज़ल । ग़ज़ल । Gazal । Best love gazal
मेरी उजरत कम, तेरी ज़रूरत ज्यादा है
ऐ ज़िंदगी कुछ तो बता, तेरा क्या इरादा है।

दांव पर ईमान लगाकर, तरक़्क़ी कर लेना
आज के दौर का, फ़लसफ़ा सीधा सादा है।

हड़बड़ी में दिख रहा, ख्वाहिशों का समंदर
लहरों में उफान है, आसमां पे चाँद आधा है।

ऐ जम्हूरियत तू भी, अब पहले जैसी नहीं रही
आजकल मुल्क में काम कम, शोर ज्यादा है।

बहुत हुई बारूदों की ज़िद, ये तमंचों की होड़ 
ख़ुदा ख़ैर करे, अभी क्या कम खून ख़राबा है।

नूर की ख़ातिर सितारे को, इतना ना निचोड़ो
सीधा चाँद को थामो, ये तो उसका एक प्यादा है।

Wednesday, October 11, 2017

क्या है मुझ में............नौबहार 'साबिर'

बूंदी पानी की हूं थोड़ी-सी हवा है मुझ में
इस बिज़ाअत पे भी क्या तुर्फ़ां इना है मुझ में

ये जो इक हश्र शबो-रोज़ बपा है मुझ में
हो न हो और भी कुछ मेरे सिवा है मुझ में

सफ़्हे-दहर पे इक राज़ की तहरीर हूं मैं
हर कोई पढ़ नहीं सकता जे लिखा है मुझ में

कभी शबनम की लताफ़त कभा शो'ले की लपक
लम्हा-लम्हा ये बदलता हुआ क्या है मुझ में

शहर का शहर हो जब अर्सए-मशहर की तरह
कौन सुनता है जो कुहराम मचा है मुझ में

वक्त ने कर दिया 'साबिर' मुझे सहरा-ब-किनार
इक ज़माने में समुंदर भी बहा हो मुझ में
- नौबहार 'साबिर'
शब्दार्थः
बिज़ाअत -पूंजी, तुर्फ़ां -विचित्र,  इना -अहं, हश्र -प्रलय, 
शबो-रोज़ -रात-दिन, बपा -मचा हुआ, सफ़्हे-दहर -संसार रूपी पन्ने, तहरीर -लेख, लताफ़त -कोमलता, अर्सए-मशहर -प्रलय क्षेत्र, 
सहरा-ब-किनार - मरुस्थल के अंक में 

Tuesday, October 10, 2017

तीन लघु नज़्म....हुमैरा राहत


 तेरा नाम
 बारिशों के मौसम में 
 छत पे' बैठ के तन्हा 
 नन्ही नन्ही बूंदों से 
 तेरा नाम लिखती हूँ 

 काश 
मेरे मालिक 
बहुत रहमो-करम 
मुझ पर किये तूने 
मैं तेरा शुक्र अदा करते नहीं थकती 
मगर, बस एक छोटी सी शिकायत है
कि मेरी ज़िन्दगी में 
इतने सारे 'काश' 
क्यों रक्खे 

सवाल 
मुहब्बत आशना लम्हे (प्रेम पूर्ण क्षण ) 
छिपाये इक अजब सा कर्ब (वेदना ) 
लहज़े में मुझी से पूछते हैं 
ये अगर हर ख़्वाब की किस्मत में 
मर जाना ही लिखा है 
तो आँखें देखती क्यों हैं 
-हुमैरा राहत

Monday, October 9, 2017

रिहा होने से डरता है............राजेश रेड्डी

यहां हर शख़्स हर पल हादिसा होने से डरता है
खिलौना है जो मिट्टी का फ़ना होने से डरता है

मेरे दिल के किसी कोने में इक मासूम-सा बच्चा
बड़ों की देख कर दुनिया बड़ा होने से डरता है

न बस में ज़िन्दगी इसके न क़ाबू मौत पर इसका
मगर इन्सान फिर भी कब ख़ुदा होने से डरता है

अज़ब ये ज़िन्दगी की क़ैद है, दुनिया का हर इन्सां
रिहाई मांगता है और रिहा होने से डरता है
- राजेश रेड्डी

Sunday, October 8, 2017

वही है दोस्ती हमारी.....विकास शर्मा "दक्ष"

ये नहीं कि दिल की ख़लिश पिघल गई।
रोने से तबियत ज़रूर थोड़ी संभल गई।। 

वही मैं, वही तुम, वही है दोस्ती हमारी,
फ़ासले से कैफ़ियत ज़रूर थोड़ी बदल गई।

पहले से जानते थे कि ना आओगे मगर,
बहाने से तबियत ज़रूर थोड़ी बहल गई।

उन्हें झूठ कहने का कोई इरादा तो ना था,
जुबां से हक़ीक़त ज़रूर थोड़ी फिसल गई।

दीदार-ए-यार की आरज़ू में बेख़ुद ना थे ,
उम्मीद से हसरत ज़रूर थोड़ी मचल गई।

खुशमिजाज़ रहे दौर-ए-आज़माइश में भी,
मुस्कराने से मुसीबत ज़रूर थोड़ी टल गई।

'दक्ष' को अब भी है अपने दोस्तों पे ऐतबार,
ज़माने से शराफ़त ज़रूर थोड़ी निकल गई।
-विकास शर्मा "दक्ष"

Saturday, October 7, 2017

प्यार का मतलब .....चंचलिका शर्मा



तुम कहते हो 
मैं जिद्दी हूँ 
और थोड़ी सी 
हूँ मनचली ... 
हाँ , मैं हूँ 
स्वीकार है मुझे 
मैं जिद्दी हूँ 
थोड़ी सी मनचली भी ........ 
जब भी माँगा , 
जो कुछ भी माँगा 
सब कुछ प्यार से 
दिया तुमने ...... 
चांद , सितारे गर 
माँग भी लेती 
शायद लेकर आते 
जी जान लगाकर भी ......... 
इतना प्यार 
क्यों लुटाते हो 
प्यार का मतलब 
क्या जानते भी हो ?.. 
प्यार आवारगी नहीं 
न सिर्फ़ है दीवानगी 
प्यार बंदगी भी है 
और है इबादत भी ......... 
चलो न , आज 
अभी , इसी वक्त 
हम , तुम कर लेते 
हैं एक वादा .... 
गर कभी साथ छूटे तो 
बनकर रहना कृष्ण मेरे 
राधा बन सताऊंगी नहीं 
बन सकती हूँ जोगन मीरा भी ....
-चंचलिका शर्मा

Friday, October 6, 2017

आतुरता......अमित जैन 'मौलिक'


आतुरता का
व्याकुलता की ओर
यह प्रवाह
आह!!
गुमान ही ना था
कोई अनुमान ही ना था।
लज़्ज़त के गगन से
टप्प टप्प बूँद गिरती रही
हृदय के रजत कटोरे में
चुपके से, लबालब 
चांदनी भरती रही।
जब तंद्रा टूटी 
तो देखा
विदीर्ण हो गई
किन्तु-परंतु की रेखा
जब होश आया तो देखा
पीयूष से भर गया घट
लहक उठा आलम
ख़यालों में था मन
अधखुले नयनों के
बंद ही न होते पट।
क्या छुआ
जो यूँ हुआ
ये वज़ूद तो
तने की तरह तना था
बेपरवाह लापरवाह
स्वयं में मुग्ध।
घट का पीयूष पिया
तो समझा 
अब तक क्या जिया।
खुरदुरेपन में फूटे 
नवीन अंकुर
निकल आईं शाखायें
अब मैं हरा भरा हूँ
हाँ एक जगह ही खड़ा हूँ,
लेकिन तुम थोड़ा और 
उतंग करो अपना उफान
मैं छू लूंगा तुम्हारे तरंगित
अस्तित्व को, 
झुक कर-झुकाकर 
अपनी शाखायें,
हो जाऊँगा तरबतर।
उम्मीदें बढ गईं हैं
कि अब जी लूंगा
देर सवेर ही सही
मैं अमृत पी लूंगा।
- अमित जैन 'मौलिक'