Wednesday, February 8, 2017

मेरा एतबार बोलता है.....राहत इंदौरी

मेरा ज़मीर, मेरा एतबार बोलता है
मेरी ज़बान से परवरदिगार बोलता है

तेरी ज़बान कतरना बोहत ज़रूरी है
तुझे मर्ज़ है कि तू बार बार बोलता है

कुछ और काम उसे आता ही नहीं शायद
मगर वोह झूट बोहत ही शानदार बोलता है


Tuesday, February 7, 2017

प्यार में रस्साकसी....प्राण शर्मा


नित नयी नाराज़गी अच्छी नहीं
प्यार में रस्साकसी अच्छी नहीं

दिल्लगी जिंदादिलों से कीजिये
दिलजलों से दिल्लगी अच्छी नहीं

एक रब हैऔर हैं मजहब कई
बात दुनिया में यही अच्छी नहीं

ज़िन्दगी है,ज़िन्दगी में दोस्तो
हर घड़ी संजीदगी अच्छी नहीं

`प्राण` मिलते हैं कहाँ ये रोज़-रोज़
दोस्तों से दुश्मनी अच्छी नहीं
-प्राण शर्मा

Monday, February 6, 2017

मुझे क्यों सदा दी गई थी....


भड़कने की पहले दुआ दी गई थी।
मुझे फिर हवा पर हवा दी गई थी।

मैं अपने ही भीतर छुपा रह गया हूं,
ये जीने की कैसी अदा दी गई थी।

बिछु्ड़ना लिखा था मुकद्दर में जब तो,
पलट कर मुझे क्यों सदा दी गई थी।

अँधेरों से जब मैं उजालों की जानिब
बढा़, शम्मा तब ही बुझा दी गई थी।

मुझे तोड़ कर फिर से जोडा़ गया था,
मेरी हैसियत यूं बता दी गई थी।

सफर काटकर जब मैं लौटा तो पाया,
मेरी शख्सियत ही भुला दी गई थी।

गुनहगार अब भी बचे फिर रहे हैं,
तो सोचो किसे फिर सज़ा दी गयी थी। 


-कृष्ण सुकुमार

Sunday, February 5, 2017

कब हमने सोचा था.....आशा जोगलेकर

कब हमने सोचा था कि ये पैर डगमगायेंगे,
बेटे हमारे लिये फिर लाठी ले के आयेंगे।

खाना बनाने से भी हम इतने थक जायेंगे
सीढी बिना रेलिंग की कैसे हम उतर पायेंगे।

लेकिन ये हुआ है तो अब मान भी हम जायेंगे
जो जो सहारा लेना है लेकर उसे निभायेंगे।

मन माफिक खाना पीना भी भूल जायेंगे,
सरे शाम ही अब खाने से निपट जायेंगे।

हलका फुलका और दाल से निभायेंगे,
एक ही काफी है अब दो कहाँ खा पायेंगे।

घूमने जाना तो फिर कोई साथ ले के जायेंगे
अकेले से तो जानें की हिम्मत क्या बटोर पायेंगे।



Saturday, February 4, 2017

पतंग उड़ी है बसंत में......प्राण शर्मा


खुशबू भरी बयार बही है बसंत में
फूलों की ख़ूब धूम मची है बसंत में

फूलों के जेवरों से सजी है बसंत में
हर वाटिका दुल्हन सी बनी है बसंत में

आओ चलें बगीचे में कुछ वक़्त के लिए
क्या गुनगुनी सी धूप खिली है बसंत में

उस शोखी का जवाब नहीं दोस्तो कहीं
जिस शोखी में पतंग उड़ी है बसंत में

कम्बल,रजाइयों की ज़रुरत नहीं रही
सर्दी की लहर लौट गई है बसंत में

कण-कण धरा का आज हुआ स्वर्ण की तरह
ये किसकी `प्राण` जादूगरी है बसंत में

-प्राण शर्मा



Friday, February 3, 2017

सूर्य उत्तरायण हुए...इन्दु पाराशर

'लोहड़ी' 'पोंगल' जा चुके
गई मकर संक्रान्ति।
सूर्य उत्तरायण हुए,
होगी शीत समाप्ति।।

नूतन किसलय बांचती,
परिवर्तन का मंत्र। 
कण-कण, तृण-तृण छा रहा,
है ऋतुराज वसंत।।
गेंदे और गुलाब भी,
शिशुओं सो मुस्काए।
किंशुक तरु आतुर खड़ा,
सौ आरती सजाए।।
पशु-पक्षी हर्षित हुए,
आया देख वसंत।
पीली सरसों खिल उठी,
'केकी' हृदय उमंग।।
रंग-बिरंगी तितलियां,
उड़ती है स्वच्छंद।
पागल-प्रेमी भ्रमर भी,
लूट रहे मकरंद।।

बौराए से आम हैं,
कोयल छेड़े तान।
मदमाते महुए झरे,
मन बिकता बेदाम।।

सोने सी बाली पकी,
हर्षित हुआ किसान।
'बेटी ब्याही जाएगी',
मन में है अरमान।।

'बीहू' 'बैसाखी' मनी,
'रबी' फसल के पर्व।
मन 'अनंग' संग गा रहै,
है सबके मन का गर्व।।
मन फागुन-फागुन होगा,
आएगा 'होली' का त्योहार।
सतरंगे रंग बरसेंगे
हर आंगन हर द्वार।।

-इन्दु पाराशर

Thursday, February 2, 2017

ठिठुरन का अन्त आ गया.........शास्त्री नित्यगोपाल कटारे

पीत पीत हुए पात 
सिकुड़ी-सिकुड़ी-सी रात
ठिठुरन का अन्त आ गया
देखो बसन्त आ गया।
मादक सुगन्ध से भरी 
पन्थ पन्थ आम्र मंजरी
कोयलिया कूक कूक कर
इतराती फिरै बावरी
जाती है जहाँ दृष्टि
मनहारी सकल स्रष्टि
लास्य दिग्दिगन्त छा गया
देखो बसन्त आ गया।

शीशम के तारुण्य का
आलिंगन करती लता
रस का अनुरागी भ्रमर
कलियों का पूछता पता
सिमटी-सी खड़ी भला
सकुचायी शकुन्तला
मानो दुष्यन्त आ गया
देखो बसन्त आ गया।
पर्वत का ऊँचा शिखर
ओढ़े है किंशुकी सुमन
सरसों के फूलों भरा
बासन्ती मादक उपवन
करने कामाग्नि दहन 
केशरिया वस्त्र पहन 
मानों कोई सन्त आ गया
देखो बसन्त आ गया।।

-शास्त्री नित्यगोपाल कटारे
श्री विनय भाई को आभार
रचनाकार व ब्लॉग दोनों का समाधान किया