Tuesday, October 4, 2016

क्षणिकाएँ (हास्य-व्यंग्य).......विशाल शुक्ल

क्षणिकाएँ
(हास्य-व्यंग्य)


पड़ोसियों के प्यार की
कहानी पति को
तब समझ आई
जब पत्नी
पड़ोसी संग हो गई
हवा-हवाई


नेता और सर्प हमें
एक सा जँचता है
क्योंकि एक भूमि में
और दूसरा आस्तीन में
रहकर डँसता है

गिरगिट और नेता का
जन्म-जन्म का नाता है,
क्योंकि रंग बदलना
दोनों को बाख़ूबी आता है।
......
हमने गिरगिट और नेताओं में
गज़ब की विचित्रता पाई है,
लगता है दोनों कुंभ में
बिछड़े भाई हैं।

-विशाल शुक्ल
vishalshuklaom@gmail.com

Monday, October 3, 2016

तेरी बातें तेरी ख़ुशबू हैं .........नादिर खान



नाम अल्लाह का लेकर मै निकल जाऊँगा 
मै जो हालात का मारा हूँ, संभल जाऊँगा |

दूर मंज़िल है बहुत राह में दुश्वारी भी
हाथ में हाथ दे वरना मै फिसल जाऊँगा |

बात झूठी हैं तेरी और हैं झूठी कसमें
क्‍यूँ समझता है कि बातों से बहल जाऊँगा |

दोष मुझमें हैं बहुत, प्यार मगर सच्चा है
साथ तेरा जो मिलेगा तो बदल जाऊँगा |

रूठ जाना जो बहाना है फ़क़त इक पल का
तुम अगर प्यार से देखोगी पिघल जाऊँगा |

तेरी बातें तेरी ख़ुशबू हैं अभी तक मुझमें
मै अगर टूट भी जाऊँ तो संभल जाऊँगा ।

-नादिर खान
http://nadirahmedkhan.blogspot.in/2016/02/blog-post.html

Sunday, October 2, 2016

बस ख़्याले बुनता रहूँ............सुशील यादव



अँधेरे में दुआ करूँ, ऐ ख़ुदा परछाई दे
बेख़्याली में निकले, जो नाम सुनाई दे

करवट न बदलूँ, कोई ख़्वाब न देखूँ
नीद से उठते तेरी, याद जुम्हाई दे

क़समों का क़सीदा हो, कहीं वादों का हो ताना
ख़्याले बुनता रहूँ, बस यूँ तन्हाई दे

उजड़े गुलशन में, सब्ज़-शजर देखूँ
हो तब्दील क़िस्मत, जन्नत ख़ुदाई दे

रिश्तों की अदालत, बेजान हलफ़नामे
या मुझे ज़िंदा रख, या मेरी रिहाई दे

-सुशील यादव
sushil.yadav151@gmail.com

Saturday, October 1, 2016

उग्रवाद ने नाप देख ली....कवि कमल 'आग्नेय'


किसी के इतने पास न जा से..

पीओके में सीमा पार जाकर सेना की साहसिक कार्रवाही पर 

राष्ट्रद्रोह के रावण की सांसो का घोडा ठहर गया
सरहद पार तिरंगा अपना स्वाभिमान से लहर गया

आतंकवाद से लड़ने की शक्ति आई दरबार में
इसीलिए सेना ने मारा एलओसी के पार में

आज सियासत बदल गई है डरते डरते जीने की
उग्रवाद ने नाप देख ली छप्पन इंची सीने की

अरे शरीफों आँख खोलकर समझो जरा इशारों को
राख समझकर अब मत छूना 'आग्नेय' अंगारों को

वर्ना घायल रावलपिंडी अपना खुदा पुकारेगी
जब भारत की सेना अबकी अंदर घुसकर मारेगी

लाल रंग के बलिदानों से अजर अमर यह खाकी है
अरे मियां ये ट्रेलर है पूरी पिक्चर तो बाकी है
-कवि कमल 'आग्नेय' 

(सेना के सम्मान में इतना शेयर करें की सेना तक पहुंचे)


अहसास!.........अशोक परुथी "मतवाला"









मुझे 
उनकी यह बात 
बहुत अखरती है,

मुझे...
समय से पहले 
बूढ़ा करती हैं 
मेरी ...
आत्मा को,
झँझोड़ती है 
जब...
कुछ हम-उम्र महिलायें,
दो-तीन बच्चों वाली अम्मायें
मुझे... 
अंकल-अंकल करती हैं!

-अशोक परुथी "मतवाला"
ashok77901@yahoo.com

Friday, September 30, 2016

लग गया झटका......दिग्विजय अग्रवाल









लग गया झटका 440 व्होल्ट का 
कुछ नामी-गिरामी लोगों से
आत्मीयता हो गई
वो कुछ इतनी हुई 
कि मैं क्या बताऊँ
उनका कहना था...
ये नक्सली और आतंकवादी
है क्या चीज..इन्हें तो हम
चुटकियों में मसल देंगे..पर
नहीं न चाहते कि ये खत्म हो जाए
???? सोच में पड़ गया मैं..
सामने उसके ये प्रश्न उछाला
??
उसने मेरे कान में कहा...
इनके उन्मूलन के लिए सरकार अकूत
धन देती है,,,,और 
यही हमारा चारा-पानी है
गर ये खत्म हो गए तो हम
भूखे मर जाएँगे..

-दिग्विजय अग्रवाल


मैं समझी मैं कुछ तुकबंदी कर लेती हूँ

पर इनकी कलम को बोलते आज देखी मैं
आतंक का दर्द बयां करती ये कविता
आपके साथ साझा कर रही हूँ
सादर
यशोदा

Thursday, September 29, 2016

शैतान हँस रहा है........नादिर खान

















लड़की चीख़ी
चिल्लायी भी
मगर हैवानों के कान बंद पड़े थे
नहीं सुन पाये
उसकी आवाज़ का दर्द

वह रोयी बहुत
आँखों से उसके
झर-झर आँसू गिरे
ख़ून के आँसू
मगर हैवानों की आँखें
पत्थर की थी
वो आँसुओं का दर्द
नहीं देख पाये

वो हिचकियाँ लेकर
सिसकती रही
दुहाई देती रही
कभी इंसानी रिश्तों की
कभी ईश्वर की
मगर हैवानों के दिल नहीं थे
वो दर्द महसूस न कर सके
वो घंटों लड़ती रही हैवानों से
अब मौत से लड़ रही है

दूर खड़ा शैतान हँस रहा है
मुस्कुरा रहा है
एक बार फिर
वो अपने मक़सद पर कामयाब रहा
इंसानियत को तार –तार कर गया
इंसानों का इंसानों पर से
विश्वास हिला गया
सभ्य समाज को आईना दिखा गया
-नादिर खान