Tuesday, July 5, 2016

हमने उनको पास बुलाया लेकिन वो ही आ न सके....महेश चन्द्र गुप्त ख़लिश



हमने उनको पास बुलाया लेकिन वो ही आ न सके
ख़त में सब कुछ लिख न सके, दिल भी अपना दिखला न सके

दिन, हफ़्ते, माह बीत गए अब तो , कितने ही साल हुए
ना आना था आ  न सके, संदेसा तक भिजवा न सके

बचपन बीता और जवानी भी अब तो लाचार हुई
पागल दिल में आस अभी है, इसको हम समझा न सके

लगता है चुपके से कभी आ जाएँ वो यूँ ही न कहीं
मिलने के वो ख़्वाब मेरी आँखों से अब तक जा न  सके

कुछ तो कर लो होश ख़लिश, दुनिया की सुन लो बात ज़रा
 दुनिया का दस्तूर यही जाने वाले फिर आ न सके.

बहर --- २२-२२  २११२  २२-२२  २२११  २ 


-महेश चन्द्र गुप्त ख़लिश

Saturday, July 2, 2016

माँ की व्यथा.............आभा नौलखा



आज यह कड़ा निर्णय लेते हुए निकुंज की आँखों के सामने उसकी पूरी जिंदगी एक चलचित्र की भाँति घूम गई। उसे आज भी याद है वह शाम जब मम्मी-पापा ने उसे उसकी ज़िन्दगी से परिचित कराया था कि वह एक हिजड़ा है। पर यह सब बताने से पहले ही उसे इतना सशक्त बना दिया था कि यह बात उसे अपने लक्ष्य से हिला न सकी। उसने कड़ा निर्णय लिया कि वह अपने माता-पिता को उनकी इस मेहनत का फल अपनी मेहनत से देगी। और एक प्रतिष्ठित कंपनी में नौकरी पाकर सपना पूरा किया। वहीं तो उसकी मुलाक़ात अभय से हुई थी और कब प्यार हो गया पता ही न चला और निकुंज के बारे में सब पता चलने के बाद भी अभय का फ़ैसला न बदला। दोनों का विवाह हो गया, कुछ समय पश्चात उन्होंने निलेश को गोद ले लिया। कितना अच्छा जीवन बीत रहा था कि... निलेश बारह साल का ही तो था कि अभय का अकस्मात निधन हो गया, पर निकुंज ने हिम्मत न हारी...।
....अब वह समय आ गया है कि निलेश को सब कुछ बता दिया जाए, क्योंकि अब वह अट्ठारह बरस का हो गया है।
....पर, निलेश यह सुनते ही चिल्ला पड़ा!
....मतलब मैं अनाथ हूँ और तुम एक हिजड़ा...!
....एक हिजड़े के हाथों मेरा पालन-पोषण...छी...!









-आभा नौलखा
naulakhabha@gmail.com

Tuesday, June 28, 2016

आँखों में है चाँदनी, होठों पर अब गान




आँखों में है चाँदनी, होठों पर अब गान।
मन से मन है मिल गया, त्यागा जब अभिमान ।।1।।

तुलसी चौरा सिंचती, देती संध्या दीप।
माँ के मन में प्रार्थना, सब जन रहें समीप।।2।।

जीवन रैना ढल रही, पाया कभी न चैन।
मिल जाये अब एक छवि, तरसें कोरे नैन।।3।।

सूखे पत्ते टूटकर, करते हैं अफ़सोस।
लब पर उनके भी कभी, ठहरी थी ये ओस।।4।।

आँखों से पानी बहे, हिये विरह की आग।
जीवन भर मिटता नहीं, दामन से ये दाग़।।5।।

मन के तार बजा गई, पायल की झनकार।
रुनझुन रुनझुन जब सुनी, भूल गए तकरार।।6।।


बेटी घर की लाड़ली, बाँटे सबको प्यार।
कौन करे बेटी बिना, रिश्तों की मनुहार।।7।।

कहने को तो हो गए, हर ग़म से आज़ाद।
फिर क्यों है पसरा हुआ, घर घर में अवसाद।।8।।

बाबूजी गुमसुम हुए, पसरा घर में मौन।
सींचे अम्मा के बिना, तुलसी चौरा कौन।।9।।

अमराई सूनी पड़ी, कोयल धारे मौन।
कौओं की चौपाल में, मीठा बोले कौन।।10।।

बोल तुम्हारे बन गए, जीवन का नासूर।
लम्हा था जो ले गया, हमको तुमसे दूर।।11।।

विधना भारी छल करे, नाम दिया है प्रीत।
जीवन भर गाते रहे, होठ विरह के गीत।।12।।

समय सदा गढ़ता रहा, कर दुःखों के वार।
हँसकर हम सहते रहे, तब पाया सत्कार।।13।।

अब मुझको होता नहीं, दूरी का अहसास।
देखा आँखें मूँद कर, पाया हरदम पास।।14।।

मन धरती पर हैं उगे, संदेहों के झाड़।
जब छोटी सी बात भी, बनती तिल से ताड़।।15।।

मर्म धर्म का खो गया, खोया आपस का लाड़
अब आगन्तुक को मिलें, घर के बंद किवाड़।।16।।

बच्चे परदेसी बने, पथ देखें माँ-बाप।
सब कोई हैं भोगते, सुविधाओं का शाप।।17।।

मेघ पीटते रह गए, आश्वासन के ढोल।
सूखा धरती का हलक, गुम हैं मीठे बोल।।18।।

सावन की बदली लगे, आँखों का अनुवाद। 
डूब जहाँ आकण्ठ हम , भूले हैं प्रतिवाद।।19।।

धवल- ज़र्द चाँदनी, गई झील में झाँक।
पल-पल वो छवि बदलती, रही रूप को आँक।।20।।

आँख तरेरे दुपहरी, मारे जेठ दहाड़।
राही तरसें छाँव को, सूख गए हैं हाड़।।21।।

-अनिता मंडा
सुजानगढ़, राजस्थान
anitamandasid@gmail.com

Tuesday, June 7, 2016

क्यूँकि लाखों हैं यहाँ स्वाँग रचाने वाले.....कुँवर कुसुमेश


फिक्र बिलकुल न करें आग बुझाने वाले। 
पानी पानी हैं सभी आग लगाने वाले।

मुझको अहसासे-मुहब्बत पे गुमाँ है लेकिन,
उनको अहसास करा देंगे कराने वाले।

सिर्फ दिखते हुए दाँतों से हमें क्या लेना,
दाँत हाथी के अलग होते है खाने वाले।

कैसे पहचाने कोई आज किसी इंसाँ को,
क्यूँकि लाखों हैं यहाँ स्वाँग रचाने वाले।

वक़्त आने पे मुकर जाते हैं यूँ तो लाखों,
फिर भी देखे हैं कई फ़र्ज़ निभाने वाले।

प्यार के नाम पे लुट जाना हमारी फितरत,
प्यार में हम है "कुँवर" जान लुटाने वाले।

-कुँवर कुसुमेश

Saturday, June 4, 2016

हम भाषा मज़हब में बट गये.....मनजीत कौर



यूँ तो शहर से शहर सट गये
हम भाषा मज़हब में बट गये

देखी जो उनके चेहरे की रंगत
हम उनकी राहों से ख़ुद हट गये

ख़त्म हो रहा दौर अब वह पुराना
परिवार चार बंदों में बट गये

क्या जान पाएँगे हम दर्द उनका
आज़ादी की ख़ातिर जो सर कट गये

जुनूं चढ़ रहा पैसे का इस क़द्र
अब जीवन के मूल्य घट गये

ऊँची उड़ान की चाह थी जिनको
उन ही परिंदों के पर कट गये
-मनजीत कौर
manjeetkr69@gmail.com

Thursday, June 2, 2016

लड़की दो कविताएँ....डॉ. ऋतु त्यागी

लड़की - १

लड़की
सोचा करो 
बोलने से पहले
क्योंकि तुम्हारे बोलने से
डोलने लगती है
पैरों के नीचे की धरती
संकट में पड़ जाते हैं अस्तित्व।
.....


लड़की - २
लड़की
तुम्हारे लबों पर बैठी 
ख़ामोशी चाबी है
घर की ख़ुशी की
जिससे खुल जाता है
ख़ुशी का कोई भी दरवाज़ा
पर
उस दरवाज़े के भीतर से
झाँकते तुम्हारे चेहरे पर
पड़ गईं हैं
दर्द की कभी न 
मिटने वाली दरारें।

-डॉ. ऋतु त्यागी

कृपया अपनी प्रतिक्रिया मेल द्वारा प्रेषित करें

ritu.tyagi108@gmail.com

Tuesday, May 31, 2016

एक अकेली लड़की...संकलित रचना











एक लड़की थी रात को ऑफिस से वापस लौट रही थी
देर भी हो गई थी... कुछ डरी सी कुछ सहमी सी....
पहली बार ऐसा हुआ काम भी ज्यादा था 
और टाईम का पता ही नहीं चला वो सीधे ऑटो स्टैण्ड पहुँची

वहाँ एक लड़का खड़ा था
वो लड़की उसे देखकर डर गई
कि कहीं उल्टा सीधा ना हो जाए
तभी वो लड़का पास आया
और कहा - बहन तू.....जिम्मेदारी है मेरी
और जब तक तुझे कोई गाड़ी 
नहीं मिल जाती मैं तुम्हे छोड़कर 
कहीं नहीं जाऊँगा  फिक्र मत करिए
.
वहाँ से एक ऑटो वाला गुजर रहा था

लडकी को अकेली लड़के के साथ देखा
लड़की सकुचाई सी थी
तो तुरंत ऑटो रोक दिया 
और कहा - कहाँ जाना है बेटी ??
.
.....आइये मैं आपको छोड़ देता हूँ 
लड़की ऑटो में बैठ गई।
.
रास्ते में वो ऑटो वाला
बोला - मेरी बेटी भी तेरे ही जैसी है ।
.
इतनी रात को तुम्हें अकेला देखा
तो ऑटो रोक दिया।
.
आजकल जमाना खराब है ना 
.
और अकेली लड़की मौका नहीं
जिम्मेदारी होती है।
.
लड़की जहाँ रहती थी
वो एरिया आ चुका था।
.
वो ऑटो से उतर गई
और ऑटो वाला चला गया।
.
.
लेकिन अब भी लड़की को
दो - दो अंधेरी गलियों से होकर
गुजरना था
.
वहाँ से चलकर 
जाना था
.
तभी वहाँ से साइकल वाला
गुजर रहा था
.
शायद वो भी काम से
वापस घर की ओर
जा रहा था
.
लड़की को अकेली देखकर कहा - आओ! मैं तुम्हें घर तक छोड़ देता हूँ 
.
उसने
.
एक टोर्च लेकर उस लड़की के साथ
अंधेरी गली की और निकल पड़ा 
.
वो लड़की घर पहुँच चुकी थी।
.
आज किसी की बेटी,
बहन सही ✔  सलामत
घर पहुँच चुकी थी।
.
मेरे भारत को तलाश है 
ऐसे 3 तीन लोगों की -
.
1.) वो लडका जो
ऑटो स्टैण्ड पर खडा था।
.
2) वो ऑटो वाला।
.
और 
.
3) सायकिल वाला।
.
जिस दिन ये तीन लोग
मिल जाएंगे 
.
उस दिन मेरे भारत में 
रेप होना बंद हो जाएगा 
.
तभी आएंगे अच्छे दिन।।
और अच्छी राते

भारत की शान है 
माँ, बहन और औरत

-द्वारका दास द्वारा प्रेषित