Thursday, October 24, 2013

कहीं हमने तुझे तन्हा न पाया.............मोहम्मद शेख इब्राहिम ‘ज़ौक़’


उसे हमने बहुत ढूंढा न पाया
अगर पाया तो खोज अपना न पाया

जिस इन्सां को सगे-दुनिया न पाया
फ़रिश्ता उसका हमपाया न पाया

मुक़द्दर से ही गर सूदो-ज़िया है
तो हमने यां न कुछ खोया न पाया

अहाते से फ़लक के हम तो कब के
निकल जाते मगर रस्ता न पाया

जहां देखा किसी के साथ देखा
कहीं हमने तुझे तन्हा न पाया

किये हमने सलामे-इश्क तुझको!
कि अपना हौसला इतना न पाया

न मारा तूने पूरा हाथ क़ातिल!
सितम में भी तुझे पूरा न पाया

लहद में भी तेरे मुज़तर ने आराम
ख़ुदा जाने कि पाया या न पाया

कहे क्या हाय ज़ख्में-दिल हमारा
ज़ेहन पाया लबे-गोया न पाया
...............
हमपायाः बराबर का, सूदो-ज़ियाः लाभ-हानि
लहदः कब्र, मुज़तरः प्रेम-रोगी, लबे-गोयाः वाक शक्ति

-श़ायर ज़नाब मोहम्मद शेख इब्राहिम ‘ज़ौक़’
सौजन्यः रसरंग, दैनिक भास्कर, 20 अक्टूबर, 2013

Wednesday, October 23, 2013

चांदी-सा पानी सोना हो जाता है..............आलोक मिश्रा


तन्हा रह कर हासिल क्या हो जाता है
बस, ख़ुद से मिलना-जुलना हो जाता है

नींद को बेदारी का बोसा मिलते ही
हरा-भरा सपना पीला हो जाता है

अक्स उभरता है इक पहले आँखों में
फिर सारा मंज़र धुँधला हो जाता है

नाचने लगती हैं जब किरनों की परियाँ
चांदी-सा पानी सोना हो जाता है

…तो पलकों से ओस टपकने लगती है
शाम का सुरमा जब तीखा हो जाता है

चुभने लगता है सूरज की आँख में जो
वो दरिया इक दिन सहरा हो जाता है

अब तो ये नुस्ख़ा भी काम नहीं करता-
रो लेने से जी हल्का हो जाता है

दीवारों से बातें करने लगता हूँ
बैठे-बैठे मुझको क्या हो जाता है

ठीक कहा था उस मस्ताने जोगी ने
“ धीरे-धीरे सब सहरा हो जाता है “

आलोक मिश्रा 09876789610

Tuesday, October 22, 2013

हमनें हर ताक पर सपनों को जला रखा है..............प्रखर मालवीय ‘कान्हा’



आज भी तेरी तस्वीर मैंनें आंगन में लगा रखा है
हर एक सांस पर तेरा नाम सजा रखा है

देख ना ले मेरे अश्कों मे तुझको कोई
हमने हर अश्क को पलकों में छुपा रखा है

गीले पलकों पर अब ख्वाब नहीं टिकता "कान्हा"
इस लिये हर ख्वाब तेरी राहों में बिछा रखा है

एक पल को भी ना वीरान हुआ कूचा मेरा
गम-ए तनहाई को जबसे हमने अपना बना रखा है

तुम चले गये तुम्हारी याद ना जाने दी हमने
आज अभी हर याद को सीने से लगा रखा है

आ जाना गर धुंधला जाए तेरी आँखों का काज़ल
हमनें हर ताक पर सपनों को जला रखा है

अच्छे लगते हैं अब तो गालों पे बहते आँसू
आँसुओं को पीने में भी अपना मज़ा रखा है


प्रखर मालवीय ‘कान्हा’ 08057575552
गृहलक्ष्मी में प्रकाशित रचना

तुम इक दिन लौट आओगे.......................प्रखर मालवीय 'कान्हा'



वही भीगा सा मौसम है, बरस के चल दिये बादल,
वही ठण्डी हवाओँ से लिपट के सो रहा हूँ मैं,

वही उन्माद का मौसम, वही बेचैनियोँ के पल,
तुम्हारी यादों को सीने से लगा के रो रहा हूँ मैं...

तुम्हारी दीद की खातिर मैं रुकता हूँ वहीँ अब भी,
जहाँ हमने बुने थे ख्वाब जमाने को परे रखकर,
तुम इक दिन लौट आओगे, यकीँ मै अब भी रखता हूँ मैं...


तेरी आँखेँ समन्दर थीँ, मेरी बातेँ समन्दर थीँ,
जो सहरा सी लगे हर पल,यही रातेँ समन्दर थीँ,

ख़फा होना मना लेना, मुहब्बत की निशानी थी,
मगर यूँ रुठ जाओगे हमेशा के लिये हमसे,

कभी सोचा ना था हमने, कभी चाहा ना था हमने,
वही सुनसान से रस्ते वही पर आस आँखो की,

वही खामोश आलम मे चुभे आवाज साँसो की,
कोई आहट नहीँ तेरी कोई खत भी नहीँ आया ,
मगर तुम लौट आओगे यकीँ मैँ अब भी रखता हूँ मैं...

प्रखर मालवीय 'कान्हा'
8057575552

Sunday, October 20, 2013

रात ढले मुझको ये क्या हो जाता है..............सौरभ शेखर


ताक़त का जिसको नश्शा हो जाता है
उसका लहजा ज़हर-बुझा हो जाता है

रुकता है इक रहरौ पास तमाशे के
देखते-देखते इक मजमा हो जाता है

और बहारों से क्या शिकवा है मुझको
ख़ाली दिल का ज़ख्म हरा हो जाता है

आँखों वाले लोग ही कौन से बेहतर हैं
आँखों को भी तो धोखा हो जाता है

कुछ अच्छा करने की कोशिश में मुझसे
काम हमेशा कोई बुरा हो जाता है

क्यों अम्बर के तारे गिनने लगता हूँ
रात ढले मुझको ये क्या हो जाता है

बिखरी खुशियों को आवाज़ लगाता हूँ
ग़म का दस्ता जब यकजा हो जाता है

सूरज की वहशत बढती जाती है और
‘धीरे-धीरे सब सहरा हो जाता है’

‘सौरभ’ प्यार ज़माने से कुछ हासिल कर
सबको घर,गाड़ी,पैसा हो जाता है

सौरभ शेखर 09873866653

Saturday, October 19, 2013

दिल का इक कोना ग़ुस्सा हो जाता है............... प्रखर मालवीय ‘कान्हा’



रो-धो के सब कुछ अच्छा हो जाता है
मन जैसे रुठा बच्चा हो जाता है

कितना गहरा लगता है ग़म का सागर
अश्क बहा लूं तो उथला हो जाता है

लोगों को बस याद रहेगा ताजमहल
छप्पर वाला घर क़िस्सा हो जाता है

मिट जाती है मिट्टी की सोंधी ख़ुशबू
कहने को तो, घर पक्का हो जाता है

नीँद के ख़्वाब खुली आँखों से जब देखूँ
दिल का इक कोना ग़ुस्सा हो जाता है

प्रखर मालवीय ‘कान्हा’ 08057575552


Friday, October 18, 2013

फूल पे पांव पड़ें. …छाला हो जाता है................सुबोध साक़ी



अक्सर ही संजोग ऐसा हो जाता है
ख़ुद से मिले भी एक अरसा हो जाता है

मैं बोलूँ तो हंगामा हो जाता है
मैं ख़ामोश तो सन्नाटा हो जाता है

धीरे धीरे दिन धुंधला हो जाता है
मेरे मूड का आईना हो जाता है

रात की गहरी काली नद्दी जाते ही
दिन का पर्वत आ के खड़ा हो जाता है

तेरी याद की शम्में जब बुझ जाती हैं
ज़ेह्न मिरा आसेबज़दा(1) हो जाता है

ये तो बरसों देखा है तहज़ीबों ने
रफ़्ता रफ़्ता डर ही ख़ुदा हो जाता है.

जाने क्यूँ दानिश्वर(2) ऐसा कहते हैं
बढ़ते बढ़ते दर्द दवा हो जाता है

कभी कभी तो याद तिरी आती ही नहीं
कोई-कोई दिन यूं ज़ाया हो जाता है

देखा है इन आँखों ने ये आलम भी
बहता दरिया भी सहरा हो जाता है

ऐसी अदालत में है मेरा केस जहां
हरिक वाक़या अफ़साना हो जाता है

पूछे है वो हाल हमारा कुछ ऐसे
ज़ख्मे – जुदाई और हरा हो जाता है

जी करता है घर में घूमूं नंग-धड़ंग
कभी कभी मन बच्चा सा हो जाता है

आदत है इन तलवों को तो काँटों की
फूल पे पांव पड़ें. …छाला हो जाता है

सुबोध साक़ी 09811535422
_____________
1 भुतहा 2 बुद्धिमान

http://wp.me/p2hxFs-1qE