Sunday, December 30, 2012

स्वीकार करना सीखिए.......सुरेश अग्रवाल 'अधीर'


जिंदगी में इस तरह आप,
ना कभी रोना सीखिए,
जिस तरह की दे रब जिंदगी,
उसे जीना सीखिए ।

फूलों की सी सेज होती नहीं है,
हर वक्त जिंदगी ,
ग़म, बेबसी, काँटे तो क्या,
गले लगाना सिखिये ।

त्याग समर्पण भी है जरूरी
एक सच्चे प्यार में ,
प्यार पाने से पहले,
प्यार को खोना भी सीखिए।

बेवफाई ,आंसू,उदासी गर,
दे गया वो तो ग़म नही,
इश्क में चलता है ये सब,
स्वीकार करना सीखिए।

काँटे भी चुभेंगे दामन में,
अगर करोगे प्यार तुम,
ये सब चाहते नही ज़नाब,
फिर दूर रहना सीखिए। 

-सुरेश अग्रवाल 'अधीर'

Thursday, December 27, 2012

तुम्हारे नेह का हरसिंगार...............'फाल्गुनी'



नहीं दिखता तुम्हारी आँखों में
अब वो शहदीया राज
नहीं खिलता देखकर तुम्हें
मेरे मन का अमलतास, 


नहीं गुदगुदाते तुम्हारी
सुरीली आँखों के कचनार
नहीं झरता मुझ पर अब
तुम्हारे नेह का हरसिंगार, 

सेमल के कोमल फूलों से
नहीं करती माटी श्रृंगार
बहुत दिनों से उदास खड़ा है
आँगन का चंपा सदाबहार, 

रिमझिम-रिमझिम बूँदों से
मन में नहीं उठती सौंधी बयार
रुनझून-रुनझून बरखा से
नहीं होता है सावन खुशगवार, 

बीते दिन की कच्ची यादें
चुभती है बन कर शूल
मत आना साथी लौटकर
अब गई हूँ तुमको भूल।

--स्मृति जोशी 'फाल्गुनी'



Monday, December 24, 2012

दामिनी यानी बिजली................."फाल्गुनी"












वह हरदम चहकती रहती,
बिंदास और बेबाक।
अन्याय
वह सहन कर ही नहीं सकती।
यही कहा है 'दामिनी'
के भाई ने।
'दामिनी' पूरे देश के लोगों
के लिए एक टीवी चैनल ने
यही नाम रखा है उस कन्या का।
दामिनी यानी बिजली।
जो वक्त पड़ने पर उजाला करती है,
और छेड़खानी करने पर विनाश भी।
ऊर्जा का वह स्त्रोत होती है
और रोशनी से भरपूर।

खुशी की बात यह है
कि इतना-इतना झेल लेने के बाद
भी वह टूटी नही,
झुकी नहीं, रूकी नहीं।
लड़ रही है
वह अपने आप से।
अपने कष्टों से
और अपने हर जख्म से। 


--स्मृति आदित्य "फाल्गुनी"

Sunday, December 23, 2012

तोड़ कर झिझोड़ दिया क्यूँ.......इतनी वहशत से .....अलका गुप्ता

हौसले अरमान सभी होंगे पूरे एक दिन इक आस थी |
समेट लुंगी बाहों में खुशियाँ सारी यही इक आस थी ||

तोड़ कर झिझोड़ दिया क्यूँ.......इतनी वहशत से |
देखे दुनियाँ तमाशबीन सी ना मन को ये आस थी ||

टूट गई हूँ ...विकल विवश सी मन में इतनी दहशत है |
शर्म करो उफ्फ !!! प्रश्नों से..जिनकी ना कोई आस थी ||

घूम रहे स्वच्छंद अपराधी देखो !!! भेड़िये की खाल में |
बन गई अपराधिनी...मैं ही कैसे..इसकी ना आस थी ||

मानवता से करूँ घृणा या देखूं हर मन को संशय भर |
रक्षक समझी थी ना विशवासघात की मन को आस थी ||

मिलती नहीं सजा क्यूँ....समझ ना पाय 'अलका' यह |
इन घावों की सजा दे कोई...जिसकी दिल को आस थी ||

--अलका गुप्ता

Wednesday, December 19, 2012

वो जितना रोई होगी बस में दिल्ली की लड़की मेरी आंखों के आंसू भी सुखाए उसी पगली ने.....गिरीश मुकुल

हां सदमा मग़र हादसा
देखा नहीं कोई !
और न तो साथ मेरे
जुड़ती है कहानी हादसे जैसी……!!
मग़र नि:शब्द क्यों हूं..?
सोचता हूं
अपने चेहरे पे
सहजता लांऊ तो कैसे ?
मैं जो महसूस करता हूं
कहो बतलाऊं वो कैसे..?
वो जितना रोई होगी बस में दिल्ली की लड़की
मेरी आंखों के आंसू भी सुखाए उसी पगली ने
न मैं जानता उसे न पहचानता हूं मैं ?
क्या पूछा -”कि रोया क्यूं मैं..?”
निरे जाहिल हो किसी पीर तुम जानोगे कैसे
ध्यान से सुनना उसी चीख
सबों तक आ रही अब भी
तुम्हारे तक नहीं आई
तो क्या तुम भी सियासी हो..?
सियासी भी कई भीगे थे सर-ओ-पा तब
देखा तो होगा ?
चलो छोड़ो न पूछो मुझसे
वो कौन है क्या है तुम्हारी अब वो कैसी है ?
मुझे मालूम क्या मैं तो
जी भर के
दिन भर रोया हूं
मेरे माथे पे
बेचैनियां
नाचतीं दिन भर !
मेरा तो झुका है
क्या तुम्हारा
झुकता नहीं है सर..?

सुनो तुम भी
दिल्ली से आ रहीं चीखैं.. ये चीखैं
हर तरफ़ से एक सी आतीं.. जब तब
तुम सुन नहीं पाते सुनते हो तो गोया
समझ में आतीं नहीं तुमको
समझ आई तो फ़िर किसकी है
ये तुम सोचते होगे
चलो अच्छा है जानी पहचानी नहीं निकली !!
हरेक बेटी की आवाज़ों फ़र्क करते हो
अगर ये करते हो ख़ुदा जाने क्या महसूस करते हो..?
हमें सुनना है हरेक आवाज़ को
अपनी समझ के अब
अभी नहीं तो बताओ
प्रतीक्षा करोगे कब तक
किसी पहचानी हुई आवाज़ का
रस्ता न तकना तुम
वरना देर हो जाएगी
ये बात समझना तुम !!

--गिरीश मुकुल

क्या लिखूं, कैसे लिखूं.....................रामचरण शर्मा 'मधुकर'


किस-किसकी बात लिखूं
मैं सोच रहा हूं
क्या लिखूं, कैसे लिखूं
मानव की भूख लिखूं
या पीड़ा का संसार लिखूं
पावन दिवाली के संग
जलते आचार लिखूं
कुंठित कलम हाथ में लेकर
किस-किस का व्यवहार लिखूं
किस-किसका व्यापार लिखूं
सुबह अजान सांझ के घंटे
कहीं पर पिछड़े कहीं हैं अगड़े
इन सबकी तकरार लिखूं या
मन का हाहाकार लिखूं
कैसे-कैसे गोरखधंधे
और घोटाले
बीच भंवर में, फंसने वाले
कुशल खिलाड़ी, नाविक
आघातों पर आघात लिखूं
या बेशरमी की बात लिखूं
सोच-सोच मन घुन जाता है
रात-रात पलकें खुल जाती हैं
गीत प्रगति के लिख डालूं
या बिखरा संसार लिखूं
क्रय पीड़ा जन-जन की या
महलों का परिहास,
कृषकों का शोषण लिख डालूं
या श्रम गंगा की धार लिखूं
खोए हैं कुछ स्वप्न सजीले
कुछ तो शेष रहे
मन में गांठ, बंधे हैं सारे
अब सपनों की बात लिखूं
या सच का इतिहास लिखूं।
- रामचरण शर्मा 'मधुकर'

जियो उस प्यार में जो मैंने तुम्हें दिया है.........अज्ञेय


जियो उस प्यार में
जो मैंने तुम्हें दिया है,
उस दु:ख में नहीं जिसे
बेझिझक मैंने पिया है।

उस गान में जियो
जो मैंने तुम्हें सुनाया है,
उस आह में नहीं‍ जिसे
मैंने तुमसे छिपाया है।

उस द्वार से गुजरो
जो मैंने तुम्हारे लिए खोला है,
उस अंधकार से नहीं
जिसकी गहराई को
बार-बार मैंने तुम्हारी रक्षा की भावना से टटोला है।

वह छादन तुम्हारा घर हो
जिसे मैं असीसों से बुनता हूं, बुनूंगा;
वे कांटे-गोखरू तो मेरे हैं
जिन्हें मैं राह से चुनता हूं, चुनूंगा।

वह पथ तुम्हारा हो
जिसे मैं तुम्हारे हित बनाता हूं, बनाता रहूंगा;

मैं जो रोड़ा हूं, उसे हथौड़े से तोड़-तोड़
मैं जो कारीगर हूं, करीने से
संवारता-सजाता हूं, सजाता रहूंगा।

सागर किनारे तक
तुम्हें पहुंचाने का
उदार उद्यम ही मेरा हो;

फिर वहां जो लहर हो, तारा हो,
सोन-परी हो, अरुण सवेरा हो,

वह सब, ओ मेरे वर्ग!
तुम्हारा हो, तुम्हारा हो, तुम्हारा हो।

--सच्चिदानंद हीरानंद वात्स्यायन 'अज्ञेय'