Sunday, November 8, 2020

मेरी आरज़ू न पूछ ...डॉ. नवीमणि त्रिपाठी

 
221 2121 1221 212

यूँ दफ़अतन तू  मुझसे  मेरी  आरज़ू न  पूछ ।
इस दिल की बार बार नई जुस्तुजू  न पूछ ।।

हर  सिम्त  रहजनों की  है  बस्ती   दयार  में ।
कब तक बचेगी  यार  यहाँ  आबरू  न पूछ ।।

क़ातिल पे रख नज़र को तू खामोशियों के साथ ।
किसने  बहाया अम्न का  इतना  लहू  न पूछ।।

गिरगिट की  तरह  रंग  बदलते  जो लीडरान।
ऐ  ख़ाकसार  उनकी  कभी  सुर्ख़रु  न पूछ ।।

मस्ज़िद में आ गए हैं वो इतना तो कम नहीं ।
हैं  बे  वज़ू  या  बा  वज़ू ये  हाल तू न पूछ ।।

रिंदों को मिल  रहा  है ख़ुदा  क्यूँ  शराब में ।
ज़ाहिद तू  मेरी मैक़दे की गुफ़्तगू न पूछ ।।

पूछा पता सनम का तो उसने ये कह दिया ।
मतलब की बात करले मगर फालतू न पूछ ।।

फैली  ख़बर  है  जब  से तेरे आशनाई की ।
कितने  जनम  लिए  हैं  हमारे  अदू  न पूछ ।।

कुछ तो  फ़ज़ा  के  राज़ को पर्दे में रहने दे ।
ख़ुशबू  किधर  से आती  है ये चार  सू न पूछ ।।

अल्फ़ाज़  कम  पड़ेंगे  बयां  के  लिए मेरे ।
मंजर  था  कैसा  हिज़्र का तू हूबहू न पूछ ।।

-डॉ नवीन मणि त्रिपाठी

Thursday, November 5, 2020

विषधर ....संगीता स्वरूप

शहरी हवा 
कुछ इस तरह चली है 
कि इन्सां सारे 
सांप हो गए हैं ,

साँपों की भी होती हैं 
अलग अलग किस्में 
पर इंसान तो सब 
एक किस्म के हो गए हैं .

साँप देख लोंग 
संभल तो जाते हैं 
पर इंसानी साँप 
कभी दिखता भी नहीं है ..

जब चढ़ता है ज़हर 
और होता है असर 
तब चलता है पता कि
डस  लिया है किसी 
मानवी विषधर ने 

जितना विष है 
इंसान के मन में 
उसका शतांश  भी नहीं 
किसी भुजंग में 

स्वार्थ के वशीभूत हो 
ये सभ्य कहाने वाले 
पल रहे हैं विषधर 
शहर शहर में .
-संगीता स्वरूप




Wednesday, November 4, 2020

मैं तुझे फिर मिलूँगी - अमृता प्रीतम


मैं तुझे फिर मिलूँगी
कहाँ कैसे पता नहीं
शायद तेरे कल्पनाओं
की प्रेरणा बन
तेरे केनवास पर उतरुँगी
या तेरे केनवास पर
एक रहस्यमयी लकीर बन
ख़ामोश तुझे देखती रहूँगी
मैं तुझे फिर मिलूँगी
कहाँ कैसे पता नहीं

या सूरज की लौ बन कर
तेरे रंगो में घुलती रहूँगी
या रंगो की बाँहों में बैठ कर
तेरे केनवास पर बिछ जाऊँगी
पता नहीं कहाँ किस तरह
पर तुझे ज़रुर मिलूँगी

या फिर एक चश्मा बनी
जैसे झरने से पानी उड़ता है
मैं पानी की बूंदें
तेरे बदन पर मलूँगी
और एक शीतल अहसास बन कर
तेरे सीने से लगूँगी

मैं और तो कुछ नहीं जानती
पर इतना जानती हूँ
कि वक्त जो भी करेगा
यह जनम मेरे साथ चलेगा
यह जिस्म ख़त्म होता है
तो सब कुछ ख़त्म हो जाता है

पर यादों के धागे
कायनात के लम्हें की तरह होते हैं
मैं उन लम्हों को चुनूँगी
उन धागों को समेट लूंगी
मैं तुझे फिर मिलूँगी
कहाँ कैसे पता नहीं

मैं तुझे फिर मिलूँगी!
- अमृता प्रीतम

-

Friday, October 30, 2020

चलते चलते ....नवीन कानगो

यकीन मानिए
मैं बाजार नहीं गया था
वरन् बाजार मेरे घर घुस गया
उसने बेचा मुझे बहुत कुछ
गैर-ज़रूरी
और ले गया
फ़ाख्ते
हरी घास
फुदकती गिलहरी
टिटहरी का आवाज
बगुलों का झुण्ड
फेरी वालों की पुकार
और बहुत कुछ...
कहते हैं सौदे में हमेशा 
बाजार कमाता है


-नवीन कानगो


Sunday, October 25, 2020

हुई हैं उनसे मुलाकातें ...इश्तियाक अंसारी


अभी कुछ कुछ हुआ है उजाला

पर सवेरा होना बाकी है।


अभी मिली हैं आँखें उनसे

पर दिल मिलना बाकी है।


पेड़ों के अभी कुछ कुछ पत्ते झरे हैं

पर हरियाली अभी बाकी है।


अभी तो मैंने देखा है एक चाँद

पर उससे मुलाकात अभी बाकी है।


सुसख हवा चली है कुछ कुछ

पर गर्मी आना बाकी है।


अभी दो चार हुई हैं उनसे मुलाकातें

पर अभी प्यार होना बाकी है


-इश्तियाक अंसारी 

Saturday, October 24, 2020

एक श्रृंगारिक हिंदी गज़ल ...माण्डवी


याद आते बहुत पर तुम आते नहीं,
क्या कभी हम तुम्हें याद आते नहीं।

याद में आपके दिल परेशान है,

आप तो अपना वादा निभाते नहीं।

याद आते रहे तुमको हम भी बहुत,

क्यों कभी तुम हमें यह बताते नहीं।

जान से भी वो ज्यादा मुझे चाहते,
प्यार अपना मगर वो जताते नहीं।

आपके प्यार में हम दीवाने हुए,
जानते तो हैं पर बोल पाते नहीं।
-माण्डवी




Friday, October 23, 2020

तस्वीर बोलती है __अलका गुप्ता 'भारती'


निकली ही क्यूँ ...
नंगे पाँव गोरी ।
दिखी नहीं ता पै...
धूप निगोड़ी ॥ 
नाजुक कमरिया...
थामें  गगरिया ।
रूप साजे हाय !
धारि ..कटरिया ॥
जालिम है जमाना...
ये ..नजरिया ।
संभल मग भरे...
शूल कंकरिया ॥
लद गए दिन ...
पनिहार पनघट के ।
जंचे अब ना ये ...
लटके झटके ॥

-अलका गुप्ता 'भारती'