Wednesday, October 21, 2020

#दाग अच्छे है ...नीलम गुप्ता


 #दाग अच्छे है
दाग पर ना जा
दाग है तभी हम सच्चे है 
दाग बहुत अच्छे है
सफ़ेद कुर्ती पर लगा दाग
क्यों आंखों को नहीं भाता
इस दाग से ही तो
रचता संसार सारा
क्यों शराब खुले में
पैड काली पन्नी 
में लाए जाते
उन पांच दिनों की कीमत
क्यों लोग समझ ना पाते
रचा ब्रह्मांड उन दागों से ही
फिर क्यों उन पांच दिनों की
कोई बात नहीं करता
उन दिनों के दर्द को
कोई नहीं समझता
क्यों छुपा छुपा कर 
क्यों बचा बचा कर
इस तस्वीर में रंग भरते है
क्यों नहीं कहते
ये दाग बहुत ही अच्छे है

स्वरचित

-नीलम गुप्ता

Tuesday, October 20, 2020

अजन्मी ..विनय के. जोशी

 

जर्जर काया
पराश्रित जीवन
बुढ़ापा भरी
उस पर नारी .....

मैं कौन ?
मेरी ख्वाहिशें क्या ?
अधेड़ प्रौढ़ा
कुल की माया
नाती-पोतों की आया
उपेक्षा के बदले
वारी वारी ........

लहलहाती फसल
खनकता कुन्दन
श्रृंगारित दासी
जर जमीन जोरू
जागीरदारी ........

आदमखोर स्वछंद
मासूम कैद
संभल कर चलो
ओ नारी !
अभी हो कुंवारी ....
दूध भैया का .....
खिलौने भैया के ......
स्कूल भैया जाएगा ..........

उफ !
बहुत बुरा है,
दो पैरों का जानवर
अपनी मादा के साथ |
शुक्र है मैं मुक्त हूँ
उन्मुक्त हूँ
जीवन रहा नही
मरण वार दिया
तन तारिणी
वन्ही (अग्नि) सागर
पल में पार किया ...

सांसें लेती
लाशों ने मुझे
कोख ही मे मार दिया
-विनय के जोशी


Saturday, October 17, 2020

एक मुस्कान में बिकता हूँ... -विनय के. जोशी

भले ही नागफनी सा दिखता हूँ.
ग़ज़ल बड़ी मखमली लिखता हूँ..

क़दर नहीं, पर हासिल भी नहीं.
वैसे, एक मुस्कान में बिकता हूँ..

फूलों की खबर रूहों को देनी है
पवन हूँ, एक जगह कहाँ टिकता हूँ

कामयाब बुर्ज पर परचम तुम्हारा
मैं शिकस्तों के गांव में छिपता हूँ

यकजां आईने में अक्स बिखरा था
हुई जो किरचें, तो साफ दिखता हूँ
-विनय के. जोशी..

Friday, October 16, 2020

तस्वीर यह बोली ...अलका गुप्ता 'भारती'



मुखर हो जाएं जहाँ वाचाल मौन ।
तस्वीरें वह भला न कुरेदे कौन ॥ 

पन्ना पलटे चेहरे का हर भाव ।
देकर दगा कभी प्रीत कभी दाँव ॥

जीवन ज्यों हो मुखौटों की पुस्तक ।
मृदुल कभी नीरसता की है दस्तक ॥

अंतर्मन का है ..प्रतिबिम्ब दहकता । 
जग संग्राहलय ..यह हँसता गाता ।

दंश देते ..अवसाद विषाद.. जड़ित ।
हैं शान्ति अभिलाषी मन गहन गणित॥ 

-अलका गुप्ता 'भारती'

Thursday, October 15, 2020

नीला आसमान ...सरिता सिंह


ये जो विस्तृत नीला
आसमान देख रहे हो न?
ये मेरा है,
इसलिए नहीं कि
मैंने इसे जीता है,
इसलिए कि मैं
उड़ने का माद्दा रखती हूँ,
यही बात तुम्हें
हमेशा से चुभती रही है,
जिसकी खुन्नस 
निकालने के लिए
तुम मेरी 
उड़ान रोकने की 
कोशिशें करते रहते हो,
नाकाम कोशिशें,
कभी मेरे 
पंख कतरते हो,
कभी मुझे पिंजड़ों में
बन्द करते हो,
खुद को मनाते हो बार बार कि
अब ये छटपटाएंगी,
गिड़गिड़ाएंगी,
खुश होते हो
कतरे हुए पंख देखकर,
उनसे निकलने वाली
लहू की गंध सूंघकर,
पर तुम भ्रम में हो...
जरा अपनी जमीन पर गड़ी
नजरें उठाकर
आसमान की ओर देखो,
मैं अपने नए पंख फैलाए
आसमान की ऊंचाई
और 
तुम्हारी नीचता भी नाप रही हूँ
एक साथ,
हाँ...अब भी ये आसमान मेरा है!
-सरिता सिंह


Wednesday, October 14, 2020

तुम मूकदर्शक,मैं कामिनी ..प्रगति मिश्रा 'सधु'


तुम मूकदर्शक,मैं कामिनी
हृदय  उद्वेलक, हूँ दामिनी
तुम उज्जवल छटा,मैं कांति
दिव्यर्शन से ही आती शांति
न हिय ने पाई यह भ्रान्ति ।
तुम प्रेम हो, मैं रागिनी
तेरे सुर की हूँ मैं वादिनी।
तुम शीश हो,मैं हृदयस्थल
हृदय तार कंपित
क्षण-क्षण, पल-पल।
जीवन में ऐसे आए हो 
मानो...सोमरस से, छाए हो।
तुम चलते हो यूँ डेंग-डेंग
पग-पग तो मेरे छोटे हैं
वह क्षण जीवन में आते
जो वृन्दावनवासी  खोते हैं।
तुम निद्रा हो,मैं स्वप्न निराली
है निज सुगन्ध खुद पे भारी
यूँ कल-कल करती आयी हूँ
जीवन में तेरे छाई हूँ.... ।।

।।सधु।।

 

Sunday, October 11, 2020

आस...शैल अग्रवाल

मेघ सांवरे उमड़े, बरसेंगे
खुशियों से आंचल भर देंगे

कोपल-कोपल मुस्काई धरती
फिरसे अंखुआए अहसासों में

चितवन रस में भीगे कांपे
दूरियाँ न रहीं अब राहों मे

आकाश सिमटते देखा है इसने
फुनगियों की नन्ही-सी बाहों में।

-शैल अग्रवाल