Saturday, October 10, 2020

तुम सीमा के पार न जाना .....कौशल शुक्ला


जहाँ नहीं अधिकार न जाना।
तुम सीमा के पार न जाना।।

दीपक एक पतंगे लाखों
स्वप्न लिए परिणय की आँखों
कुछ भी हाथ नहीं आता है
मृग-तृष्णा संसार न जाना?
तुम सीमा के पार न जाना।।

सबके मन मे चंचलता है
जिसको जितना भी मिलता है
इच्छाएँ बढ़ती जाती हैं
जीवन का व्यवहार न जाना?
तुम सीमा के पार न जाना।।

सुख में साथ निभाती है यह
दुःख में ऑंख दिखाती है यह
संकट के घिरते ही दुनियाँ
करती तीखे वार न जाना?
तुम सीमा के पार न जाना।।

-कौशल शुक्ला 

Friday, October 9, 2020

प्रेम ....शैल अग्रवाल

तितली वह मेरी सबसे सुंदर

सबसे चमकीले पंखों वाली


फूल-फूल इतराती फिरती

मेरी ही बगिया में आकर

मेरे ही हाथों में ना आती

बहुत प्यार करता हूँ इससे

इसने प्यार की कद्र ना जानी


आजादी है प्रेम कोई बन्धन नहीं

कहती और झटसे ये उड़ जाती। 

- शैल अग्रवाल

Thursday, October 8, 2020

स्त्री से मत कहना ....डॉ. अजित सिंह तोमर

 


स्त्री से मत कहना 

अपने मन की कोई दुविधा,कोई अप्रिय बात 

वो बाँध लेगी उसकी गाँठ 

झोंक देगी अपनी सारी ताकत 

उसे समाप्त करने में 


वो  पूछेगी बार-बार उसके बारे में सवाल 

और देगी खुद ही हर सवाल का 

एक संभावित जवाब 


किसी स्त्री से मत बताना 

अपने जीवन के दुःख 

जो रख देगी अपने सारे सुख गिरवी 

और तुम्हें दुःखों से निकालनें की करेगी 

भरसक कोशिश 


किसी स्त्री से मत बताना 

अपने डर के बारें में ठीक-ठीक कोई अनुमान 

वो इसके बाद अपने डरों को भूलकर 

तुम्हें बताएगी तुम्हारी ठीक-ठीक ताकत

 

अपने बारें में न्यूनतम बताना 

किसी स्त्री को 

बावजूद इसके 

वो जान लेगी तुम्हारे बारें में वो सब 

जो खुद के बारें नही जानते तुम भी 


स्त्री से मत पूछना 

दुःख की मात्रा 

और सुख का अनुपात 


स्त्री से मिलते वक्त 

छोड़ आना अपने पूर्वानुमान 

बचना अपने पूर्वाग्रहों से 


सोचना हर मुलाकात को आख़िरी

 

स्त्री को बदलने की कोशिश मत करना

और खुद भी मत बदलना 


स्त्री नही करती पसंद 

किसी बदलाव को बहुत जल्द 


स्त्री से कहना अपना धैर्य 

स्त्री से सुनना उसके अनुभव 

बिना सलाह मशविरा दिए 


स्त्री जब पूछे तुमसे क्या हुआ? 

कहना सब ठीक है 


वो समझ जाएगी खुद ब खुद 

कितना ठीक है और कितना है खराब.

 - डॉ. अजित सिंह तोमर...

Tuesday, October 6, 2020

करती हैं मदहोश तुम्हारी प्यारी बातें ...प्रीती श्री वास्तव


हमें परेशां करती है तुम्हारी बातें।
करती हैं मदहोश तुम्हारी प्यारी बातें।।

वो चौबारे पे खड़े होकर तकना तेरा।
और आँखों से ही कहना सारी बातें।।

कैसे भूल जाऊं मैं साथ बिताये पल।
पल दो पल में हो जाती थी सारी बातें।।

आस रहती थी ठहर जाये वक्त यही।
हो रही हो जब यूं हमसे हमारी बातें।।

नाम तेरा लेकर तसब्बुर में जिया करतें हैं।
याद आती है हमें यार तुम्हारी बातें।।

आज नशा जाम का नही इश्क का है।
गजल में लिख डाली मैने सारी बातें।।
-प्रीती श्री वास्तव

Monday, October 5, 2020

अगर चाँद मर जाता ... त्रिलोचन शास्त्री










अगर चाँद मर जाता
झर जाते तारे सब
क्या करते कविगण तब?
खोजते सौन्दर्य नया?
देखते क्या दुनिया को?
रहते क्या, रहते हैं
जैसे मनुष्य सब?
क्या करते कविगण तब?
प्रेमियों का नया मान
उनका तन-मन होता
अथवा टकराते रहते वे सदा
चाँद से, तारों से, चातक से, चकोर से
कमल से, सागर से, सरिता से
सबसे
क्या करते कविगण तब?
आँसुओं में बूड़-बूड़
साँसों में उड़-उड़कर
मनमानी कर- धर के
क्या करते कविगण तब
अगर चाँद मर जाता
झर जाते तारे सब
क्या करते कविगण तब

- त्रिलोचन शास्त्री  

Saturday, October 3, 2020

मुक़द्दर एक सा किसका हुआ है ...प्यासा अंजुम

1222,1222,122. 
मुफ़ाईलुन,मुफ़ाईलुन फ़ऊलुन। 
बहरे हज़ज मुसद्दस महज़ूफ़

सभी कहते हरिक घर में ख़ुदा है।
हमारा सर तभी  हर दर झुका है।।

झुका सज़दे में सर है जिस भी दर पे।
सभी के  ही लिए  मांगी  दुआ है।।


ख़ुदा के बंदों से  कर लो मुहब्बत।
इबादत करने की यह भी अदा है।।


सभी को एक ही मंज़िल मिलेगी।
सफ़र  चाहे किया  सबने जुदा है।।

लिखा जाए जुदा सबका नसीबा।
मुक़द्दर एक सा किसका हुआ है।।

है दर किसका हमें क्या लेना देना।
हमें बस चाहिए सबका भला है।।

जुदा चाहे फ़लक के सब हैं"अंजुम"।
मगर इक सी लगे सबकी ज़िया है।।
-
-प्यासा अंजुम

Thursday, October 1, 2020

कुछ ठोकरें उसको अभी खाने तो दो ..डॉ. नवीन त्रपाठी

 

2122 2122 2122 212

रफ़्ता  रफ़्ता  खुशबुएँ  घर  मे  बिखर जाने तो दो ।
कुछ  हवाओं को  मेरे आंगन तलक आने तो  दो ।।

रोक   लेंगे  मौत  का  ये  कारवां  हम   एक  दिन।
इस   वबा   के  वास्ते   कोई   दवा  पाने तो  दो ।।

सच बता देगा जो  मुज़रिम  है  मुहब्बत का यहाँ।
उसकी आँखों में अभी थोड़ा नशा  छाने  तो दो ।।

दर्दो  ग़म  के  दौर  से  गुज़री  है  उसकी  ज़िंदगी ।
चन्द लम्हे ही सही अब दिल को बहलाने तो  दो ।।

ये ज़माना खुद समझ  लेगा  सनम  की  ख्वाहिशें ।
स्याह  जुल्फें  अरिज़ो  पर उनको  लहराने  तो दो।।

टूट कर भी  वो  बदलता है  कहाँ  अपना  बयान ।
आइने को सच किसी महफ़िल में बतलाने तो दो ।।

सारी यादें  फिर  जवां  हो  जाएंगी  तुम  देखना ।
गीत  जो  मैंने  लिखा था  बज़्म  में  गाने तो दो ।।

ज़िंदगी  की  हर  हक़ीक़त  से वो  होगा  रुबरू ।
इश्क़ में कुछ ठोकरें उसको अभी खाने  तो  दो ।।

-डॉ. नवीन त्रपाठी