Thursday, September 24, 2020

मुझे जलाना ऐसे धुआं न निकले...पावनी जानिब

कुछ इस तरह मैं करूं मोहब्बत
सम्हल के भी तू कभी न सम्हले

बस इतना हो जब उठे जनाजा
हमारा और दम तुम्हारा निकले।


मैं टूट जाऊं तो गम नहीं है
सितम ये तेरा सितम नहीं है।

बदल गए कुछ बदल भी जाओ
हमारे दिल की वफ़ा न बदले।


इक बार सो के कभी जगे ना
सुना है एक ऐसी नींद भी है 

मैं चैन से तब सो सकूं जब
तुम्हारे लब से दुआ न निकले ।


फिर हम मिलें न मिल पाएं
मेरी खता की सजा सुना दो

भर जाए दिल जब किसी से तो
कैसे मुमकिन खता न निकले।


कहोगे क्या तुम अपने दिल से
भुलाओगे किस तरह से हमको

के दूर जाओगे कैसे मुझसे कहीं
दिल तेरा मेंरा पता न निकले।


मैं एक ग़ज़ल किताब ए ,जानिब,
पढ़ो य कागज स तुम जाला दो

रुसवाईयां हो जाएं न तेरी मुझे
जलाना ऐसे धुआं न निकले।

-पावनी जानिब सीतापुर

Tuesday, September 22, 2020

इंसानियत का कोई मजहब नहीं होता ....अज्ञात

इंसानियत का कोई मजहब नहीं होता ....अज्ञात 

मस्जिद पे गिरता है
मंदिर पे भी बरसता है..
ए बादल बता तेरा मजहब कौन सा है........।।

इमाम की तू प्यास बुझाए
पुजारी की भी तृष्णा मिटाए..
ए पानी बता तेरा मजहब कौन सा है.... ।।

मज़ारों की शान बढाता है
मूर्तियों को भी सजाता है..
ए फूल बता तेरा मजहब कौन सा है........।।

सारे जहाँ को रोशन करता है
सृष्टि को उजाला देता है..
ए सूरज बता तेरा मजहब कौन सा है.........।।

मुस्लिम तूझ पे कब्र बनाता है
हिंदू आखिर तूझ में ही विलीन होता है..
ए मिट्टी बता तेरा मजहब कौन सा है......।।

ऐ दोस्त मजहब से दूर हटकर,
इंसान बनो
क्योंकि इंसानियत का कोई मजहब नहीं होता... ।।

-रचनाकार 

अज्ञात

Sunday, September 20, 2020

मैं ने जल को जल कहा, लोगों ने मछली सुना - हृदयेश मयंक

आज यूं हीं कुछ ........

हमेशा

सच को सच कहा

झूठ को झूठ

रहा जहां भी

पूरा रहा

नहीं होना था जहां

नहीं रहा कभी भी.

कोशिश की निभाने की

जीवन से

और रिश्तों से भी

नहीं रहा अबूझा

जीवन और रिश्तों में कहीं भी,कभी भी.

सहन शक्ति में

पूरे का पूरा गांव  था

गांव में किसान

खेतों में फसल बन जिया

बैलों की तरह सौंपता रहा कंधा

हांकते रहे किसिम किसिम के हलवाहे .

जल को जल कहा

लोगों नें  मछली सुना

आग और सूर्य  को समझा  जीवन स्रोत

लोग तापते रहे ईंधन की तरह

नींद और अंधेरों में  इंतज़ार किया

सुबह का. ( जो अभी तक नहीं आई )

जानते पहचानते हुए भी

चुप रहा  हर बार

लोगों नें कमजोरी समझी

और मैंनें शालीनता पर गर्व किया

हारा ग़ैरों से नहीं

अपनों नें हराया बार बार .

यही सब करते करते

जीया अबतक तमाम उम्र

सोचता हूँ कि

बीत जायें और शेष कुछ वर्ष

इसी तरह यूं हीं

अच्छे, भले, बुरों में।

( 69वें जन्मदिन की पूर्व संध्या पर  )

17 -09-2020

-हृदयेश मयंक

 

Saturday, September 19, 2020

झट से कह दो प्यार नहीं है ...कौशल शुक्ला

 

यदि तुमको स्वीकार नहीं है।

झट से कह दो प्यार नहीं है।।


बातों में मत यूँ उलझाओ

प्रेम करो अथवा ठुकराओ

तुम तो मोल-भाव करती हो

प्रेम कोई व्यापार नहीं है।

झट से कह दो प्यार नहीं है।।


मुँह से आह कढ़ी जाती है

हद से बात बढ़ी जाती है

क्योंकर मुझको झेल रही हो

जब दिल ही तैयार नहीं है।

झट से कह दो प्यार नहीं है।।


सुख की गंध तुम्हें प्यारी है

दुःख का बोझ बहुत भारी है

हर कठिनाई डटकर झेलें

जीवन का आधार यही है।

झट से कह दो प्यार नहीं है।।


तुम्हें पता है मैं कैसा हूँ

मैं पहले से ही ऐसा हूँ

सच्चाई स्वीकार करो यह

सपनों का संसार नहीं है।

झट से कह दो प्यार नहीं है।।


मैं तेरी बातों में आकर

माँ को छोड़ तुम्हें अपनाकर

तेरे आगे पूँछ हिलाऊँ

यह मेरा व्यवहार नहीं है।

झट से कह दो प्यार नहीं है।।


तुमको समझा कर मैं हारा

उड़न-खटोला तुमको प्यारा

जिसपर तुमको रोज घुमाउँ

मेरे घर वह कार नहीं है।

झट से कह दो प्यार नहीं है।।


एक बात तुमको बतला दूँ

कह दो तो मैं गाँठ लगा दूँ

तेरे कारण दुनियाँ छोड़ूँ

मुझको यह अधिकार नहीं है।

झट से कह दो प्यार नहीं है।।


झूठ-मूठ मत प्यार जताओ

नई राह कोई अपनाओ

मैं अपने रस्ते जाता हूँ

तुम पर कोई भार नहीं है।

झट से कह दो प्यार नहीं है।।


समय नहीं बर्बाद करो तुम

खुद को अब आज़ाद करो तुम

ढूंढो कोई मीत निराला

मुझको कुछ प्रतिकार नहीं है

झट से कह दो प्यार नहीं है।।

-कौशल शुक्ला

मूल रचना



Friday, September 18, 2020

क्या जरूरत थी आपको मेरी....डॉ. नवीन मणि त्रिपाठी

2122 1212 22
दिल्लगी सिर्फ इक बहाना था।
उनका मकसद तो आज़माना था।।

मैं तो लूटा गया उन्हीं  से फिर ।
जिनसे  रिश्ता  बहुत  पुराना था ।।

तोड़  डाला   उसी  ने   दिल   देखो ।
जिसका दिल मे ही आना जाना था ।।

हो  गई  कहकशाँ में जब  साजिश ।
इक सितारे को टूट जाना था ।।

तेरी यादें भी कितनी ज़ालिम थीं ।
रात भर अश्क़ को बहाना था ।।

मौत  के  बाद  आये  हैं जिनको ।
दम निकलने से पहले आना था ।।

चार कंधे नसीब भी न हुए ।
साथ जिसके खड़ा जमाना था ।।

रिन्द प्यासा गया तेरे दर से ।
जाम कुछ तो उसे पिलाना था ।।

क्या जरूरत थी आपको मेरी ।
आसमा सर पे जब उठाना था ।।
-डॉ. नवीन मणि त्रिपाठी

Thursday, September 17, 2020

चाँद की बन्दगी नहीं होती..डॉ. नवीन मणि त्रिपाठी

2122 1212 22
तुमसे गर आशिक़ी नहीं होती ।
सच  कहूँ  शाइरी  नहीं  होती ।।

तुम  अगर ख़्वाब  में नहीं आते ।
लेखनी   यूँ  चली  नहीं   होती ।।

जो न  अंजाम  तक पहुंच  पाए ।
वो  मुहब्बत  भली  नहीं  होती ।।

क़ैद ए उल्फ़त से छूट जाता मैं।
काश  नजरें  पढ़ी  नहीं  होती ।।

रोज़  जाता  हूँ  मैकदे  तक  मैं ।
पर  कोई  मयकशी नहीं  होती ।।

उनसे इज़हारे इश्क़ कर लूं मैं ।
मेरी हिम्मत कभी नहीं होती ।।

कुछ तो तुम भी क़रीब आ जाओ ।
बारहा बेबसी नहीं होती ।।

 चैन से रात भर मैं सो लेता ।
गर वो खिड़की खुली नहीं होती ।।

स्याह रातों का है असर साहिब ।
चाँद की बन्दगी नहीं होती ।।
-डॉ. नवीन मणि त्रिपाठी

Wednesday, September 16, 2020

अनुनाद .....विमलेन्दु

एक तितली गूँजती है
फूल की पंखुड़ियों पर
तो रंग खिलखिलाते हैं ।
चन्द्रमा गूँजता है
पृथ्वी की कक्षा में 
तो रोशनी मुस्कुराती है
गहरी रात में भी ।
धरती के भार में गूँजता है बीज
तो साँसें लय मे होकर
आ जाती हैं सम पर ।
समुद्र के भीतर गूँजता है अतल
तो पानी का संगीत बजता है ।
भोर की पत्ती पर
गूँजती है ओस की बूँद
तो सूरज जागता है ।
देह के भीतर
गूँजती है देह
तो जनमता है
जीवन का अनुनाद ।
-विमलेन्दु