Monday, August 8, 2016

आओ उन्हें मीठे सपने उधार दे दें......पुष्प राज चसवाल
















आओ उन्हें 
मीठे सपने उधार दे दें, 
जो अपनी ही आँखों में 
गिर गए थे 
बहुत दिन पहले। 

आओ उन्हें 
मुक्त करायें,
जो कुंठाओं में कैद 
ग्रंथियों से घिरे, 
अपना अस्तित्व 
खोने ही वाले हैं।

आओ उन्हें 
सुबह का 
स्वप्न दें,
अदृश्य जिन्हें 
अँधेरे में, जब वे 
स्वप्निल लोक में खोए रहते 
निगलना ही चाहता है। 
    
-पुष्प राज चसवाल

Friday, August 5, 2016

और खुशबू से अपने स्वप्न महाकाती...सीमा श्रीवास्तव
















वह रात की स्याही से 
दिन का गुणगान करती 
और दिन की रोशनी चुराकर 
रात को चमकाती।
वह हर शब्द से उम्मीद निकालती, 
इंतजार में अपनी मेंहदी के रंग और चटक करती 
और खुशबू से अपने स्वप्न महाकाती।
वह अधखिली कलियों को चूमती 
और खिलने पर 
उन्हें दूर से निहारती।
एक दिन वह अपनी उम्मीद
उदास लडकियों में बाँट आई। 
उसने उनकी हाथों में 
अपने हाथों से मेंहदी लगाई।
अब खुशबू फिजाओं में बिखरेगी
और प्रेम के कत्थई रंग चर्चे में होंगे। 
वह दूर खड़ी खुशियों का आनंद ले रही है। 

- सीमा श्रीवास्तव

Thursday, August 4, 2016

नम हुई जाती है तुम्हारी पलकें...........दिनेश नायडू


फिर घटा ज़हन के आकाश में छाई हुई है
मेरे चौखट प कोई नज़्म सी आई हुई है

लौट आईं हैं गए दिन की सदायें मुझमें
भीगती कांपती इक शाम भी आई हुई है

ऐसी शामों में तुझे याद तो आता होगा
ये घडी हमने कभी साथ बिताई हुई है

ये सड़क रात के आगोश में सिमटी हुई आज
मुझसे कहती है क्यों उम्मीद लगाई हुई है

जानता हूँ मैं इस आवाज़ के नक़्शे पूरे
तेरी आहट प कई रोज़ पढ़ाई हुई है

किसलिए नम हुई जाती है तुम्हारी पलकें
ये कहानी तो तुम्हे मैंने सुनाई हुई है

दिनेश नायडू
09303985412

लोग समझे कि मर गए हैं हम.....नरेश कुमार "शाद"


डूब कर पार उतर गए हैं हम
लोग समझे कि मर गए हैं हम

ए ग़म-ए-दहर तेरा क्या होगा
ये अगर सच है कि मर गए हैं हम

ख़ैर-मकदम किया हवादिस ने
ज़िदगी में जिधर गए हैं हम

या बिगड़ कर उजड़ गए हैं लोग
या बिगड़ कर संवर गए हैं हम

मौत को मुँह दिखाएँ क्या या रब
ज़िंदगी  ही  में  मर गए  हैं  हम

हाए क्या शय है नश्शा-ए-मय भी
फ़र्श  से  अर्श पर  गए  हैं  हम

आरजूओं की आग में जल कर
और भी कुछ निखर गए हैं हम

जब भी हम को किया गया महबूस
मिस्ल-ए-निकहत बिखर गए हैं हम

शादमानी  के  रंग-महलों  में
"शाद" बा-चश्म-ए-तर गए हैं हम

-नरेश कुमार "शाद" 

Wednesday, August 3, 2016

स्‍पर्श प्रेम का......ज्योति जैन














प्रेम का प्रथम स्‍पर्श
उतना ही पावन व निर्मल
जैसे कुएं का
बकुल-
तपती धूप में प्रदान करता
शीतलता-
सौंधी महक लिए।
जब मिलता तो लगे
बहुत कम
लेकिन
बढते वक्‍त के साथ
भर जाता लबालब
परिपूर्ण हो जाता कुआं
हमेशा प्‍यास बुझाने के लिए
कभी न कम होने के लिए।
प्रेम का प्रथम स्‍पर्श
मानो कुएं का बकुल।
-ज्योति जैन

Tuesday, August 2, 2016

जियो उस प्यार में जो मैंने तुम्हें दिया है........अज्ञेय

















जियो उस प्यार में
जो मैंने तुम्हें दिया है,
उस दु:ख में नहीं जिसे
बेझिझक मैंने पिया है।

उस गान में जियो
जो मैंने तुम्हें सुनाया है,
उस आह में नहीं‍ जिसे
मैंने तुमसे छिपाया है।

उस द्वार से गुजरो
जो मैंने तुम्हारे लिए खोला है,
उस अंधकार से नहीं
जिसकी गहराई को
बार-बार मैंने तुम्हारी रक्षा की भावना से टटोला है।

वह छादन तुम्हारा घर हो
जिसे मैं असीसों से बुनता हूं, बुनूंगा;
वे कांटे-गोखरू तो मेरे हैं
जिन्हें मैं राह से चुनता हूं, चुनूंगा।

वह पथ तुम्हारा हो
जिसे मैं तुम्हारे हित बनाता हूं, बनाता रहूंगा;

मैं जो रोड़ा हूं, उसे हथौड़े से तोड़-तोड़
मैं जो कारीगर हूं, करीने से
संवारता-सजाता हूं, सजाता रहूंगा।

सागर किनारे तक
तुम्हें पहुंचाने का
उदार उद्यम ही मेरा हो;

फिर वहां जो लहर हो, तारा हो,
सोन-परी हो, अरुण सवेरा हो,

वह सब, ओ मेरे वर्ग!
तुम्हारा हो, तुम्हारा हो, तुम्हारा हो।

-अज्ञेय की प्रेम कविता
सच्चिदानंद हीरानंद वात्स्यायन "अज्ञेय" 
(7 मार्च, 1911- 4 अप्रैल, 1987) 

Monday, August 1, 2016

आओ, हम फिर से जिएं........अजित कुमार



आओ हम फिर से जिएं
बहता-बहता मेघखंड जो
पहुंच गया है वहां क्षितिज तक...
लौटा लाएं उसे,
कहें .....
'ओ, फिर से बहो!
मंद, मंथर, मृदु ‍गति से...
शोभावाही मेघ, रसीले मेघ, दूत!
जो कथा कही थी, फिर से कहो!'

और...
अपलक, अविचल
हम उसे निरखते रहें, सुनें!

आओ, हम फिर से जिएं!


-अजित कुमार