Sunday, October 2, 2016

बस ख़्याले बुनता रहूँ............सुशील यादव



अँधेरे में दुआ करूँ, ऐ ख़ुदा परछाई दे
बेख़्याली में निकले, जो नाम सुनाई दे

करवट न बदलूँ, कोई ख़्वाब न देखूँ
नीद से उठते तेरी, याद जुम्हाई दे

क़समों का क़सीदा हो, कहीं वादों का हो ताना
ख़्याले बुनता रहूँ, बस यूँ तन्हाई दे

उजड़े गुलशन में, सब्ज़-शजर देखूँ
हो तब्दील क़िस्मत, जन्नत ख़ुदाई दे

रिश्तों की अदालत, बेजान हलफ़नामे
या मुझे ज़िंदा रख, या मेरी रिहाई दे

-सुशील यादव
sushil.yadav151@gmail.com

Saturday, October 1, 2016

उग्रवाद ने नाप देख ली....कवि कमल 'आग्नेय'


किसी के इतने पास न जा से..

पीओके में सीमा पार जाकर सेना की साहसिक कार्रवाही पर 

राष्ट्रद्रोह के रावण की सांसो का घोडा ठहर गया
सरहद पार तिरंगा अपना स्वाभिमान से लहर गया

आतंकवाद से लड़ने की शक्ति आई दरबार में
इसीलिए सेना ने मारा एलओसी के पार में

आज सियासत बदल गई है डरते डरते जीने की
उग्रवाद ने नाप देख ली छप्पन इंची सीने की

अरे शरीफों आँख खोलकर समझो जरा इशारों को
राख समझकर अब मत छूना 'आग्नेय' अंगारों को

वर्ना घायल रावलपिंडी अपना खुदा पुकारेगी
जब भारत की सेना अबकी अंदर घुसकर मारेगी

लाल रंग के बलिदानों से अजर अमर यह खाकी है
अरे मियां ये ट्रेलर है पूरी पिक्चर तो बाकी है
-कवि कमल 'आग्नेय' 

(सेना के सम्मान में इतना शेयर करें की सेना तक पहुंचे)


अहसास!.........अशोक परुथी "मतवाला"









मुझे 
उनकी यह बात 
बहुत अखरती है,

मुझे...
समय से पहले 
बूढ़ा करती हैं 
मेरी ...
आत्मा को,
झँझोड़ती है 
जब...
कुछ हम-उम्र महिलायें,
दो-तीन बच्चों वाली अम्मायें
मुझे... 
अंकल-अंकल करती हैं!

-अशोक परुथी "मतवाला"
ashok77901@yahoo.com

Friday, September 30, 2016

लग गया झटका......दिग्विजय अग्रवाल









लग गया झटका 440 व्होल्ट का 
कुछ नामी-गिरामी लोगों से
आत्मीयता हो गई
वो कुछ इतनी हुई 
कि मैं क्या बताऊँ
उनका कहना था...
ये नक्सली और आतंकवादी
है क्या चीज..इन्हें तो हम
चुटकियों में मसल देंगे..पर
नहीं न चाहते कि ये खत्म हो जाए
???? सोच में पड़ गया मैं..
सामने उसके ये प्रश्न उछाला
??
उसने मेरे कान में कहा...
इनके उन्मूलन के लिए सरकार अकूत
धन देती है,,,,और 
यही हमारा चारा-पानी है
गर ये खत्म हो गए तो हम
भूखे मर जाएँगे..

-दिग्विजय अग्रवाल


मैं समझी मैं कुछ तुकबंदी कर लेती हूँ

पर इनकी कलम को बोलते आज देखी मैं
आतंक का दर्द बयां करती ये कविता
आपके साथ साझा कर रही हूँ
सादर
यशोदा

Thursday, September 29, 2016

शैतान हँस रहा है........नादिर खान

















लड़की चीख़ी
चिल्लायी भी
मगर हैवानों के कान बंद पड़े थे
नहीं सुन पाये
उसकी आवाज़ का दर्द

वह रोयी बहुत
आँखों से उसके
झर-झर आँसू गिरे
ख़ून के आँसू
मगर हैवानों की आँखें
पत्थर की थी
वो आँसुओं का दर्द
नहीं देख पाये

वो हिचकियाँ लेकर
सिसकती रही
दुहाई देती रही
कभी इंसानी रिश्तों की
कभी ईश्वर की
मगर हैवानों के दिल नहीं थे
वो दर्द महसूस न कर सके
वो घंटों लड़ती रही हैवानों से
अब मौत से लड़ रही है

दूर खड़ा शैतान हँस रहा है
मुस्कुरा रहा है
एक बार फिर
वो अपने मक़सद पर कामयाब रहा
इंसानियत को तार –तार कर गया
इंसानों का इंसानों पर से
विश्वास हिला गया
सभ्य समाज को आईना दिखा गया
-नादिर खान

Wednesday, September 28, 2016

मादरी बोली में कहता हूँ .............राजेन्द्र स्वर्णकार


ग़ज़ल उर्दू में कहता हूं, ग़ज़ल हिंदी में कहता हूँ 
यहां तक…भोजपुरी में, मादरी बोली में कहता हूँ 

ग़ज़ल फ़न है, मैं सब बातें फ़न-ए-फ़ित्री में कहता हूँ 
नहीं यह भी कि ख़ुदगरज़ी या मनमर्ज़ी में कहता हूँ 

जदीदी शाइरी करता, रिवायत भी निभाता हूँ 
मैं तर्तीबो-तबीअत से ग़ज़ल लुगवी में कहता हूँ 

रदीफ़ो - क़ाफ़िये हैं बाअदब हर शे'र में हाज़िर
तग़ज़्ज़ुल में हर इक मिसरा मैं पाबंदी में कहता हूँ 

मुहतरम हैं बड़े उस्ताद-आलिम परख लें आ'कर
मुकम्मल बहर में कहता; मगर मस्ती में कहता हूँ 

जहां हूँ रू-ब-रू इंसानियत के गुनहगारों से
वहां अश्आर मैं बेशक़ बहुत तल्ख़ी में कहता हूँ 

ख़ुद-ब-ख़ुद संग में तब्दील कोई मोम कब होता 
वज़ह ढूंढें अगर कुछ लफ़्ज़ मैं तुर्शी में कहता हूँ 

मेहरबां सरस्वती मे'आर रखती क़ाइमो - दाइम
ग़ज़ल की ही मसीहाई पज़ीराई में कहता हूँ 

नहीं राजेन्द्र चिल्लाता, ख़ुशगुलूई मेरा लहजा
बुलंदी की कई बातें ज़ुबां नीची में कहता हूँ
-राजेन्द्र स्वर्णकार

Tuesday, September 27, 2016

कह रही है कुछ ज़बाँ लेकिन कहानी और है............“शाज़” जहानी


बढ़ रही जूँ जूँ मिरी ये नातवानी और है
हो रही महसूस मुझको अब गिरानी और है

ग़म्ज़ा-ओ-इश्वो अदा की तर्जुमानी और है
कह रही है कुछ ज़बाँ लेकिन कहानी और है

है ज़ईफ़ी इस्मे सानी इंतिज़ारे मौत का
ज़िंदगी उतनी है बस जितनी जवानी और है

मर न जाएँ मौत से पहले अगर मालूम हो
क़ैद हस्ती की अभी कितनी बितानी और है

चारागर कहता है मेरे जिस्म में है ख़ून कम
देखना, मीना में क्या कुछ अर्ग़वानी और है ?

गुफ़्त तो उस हुस्नख़ू की तल्ख़ भी है चाशनी
पर मलाहत हासिले शीरीं बयानी और है

टूट जाएगा मिरा दिल गर अधूरी रह गयी
बस ज़रा सी दास्ताँ मुझ को सुनानी और है

आप के तर्ज़े तकल्लुम से तो लगता है यही
रह गयी बाक़ी अभी कुछ सरगिरानी और है

हिज्र की शब हार मुझ से खा चुकी है, ऐ फ़लक,
भेज, गर कोई बलाए आस्मानी और है

ज़ख़्म जो तूने दिए हैं आरिज़ी वो कुछ नहीं
नक़्श जो दिल पर हुई है वो निशानी और है

आज ये रुत्बा मिला है, कल मिलेगा दूसरा
आस्माँ तक पाएदाने कामरानी और है

आख़िरी दम तक बलाएँ पेश आती हैं नयी
भूल जाओ ‘एक मर्गे नागहानी और है’

“शाज़” जब उस की गली से आबरू जाती रही
जाए जो जाता है, अब क्या चीज़ जानी और है ?

“शाज़” जहानी
(आलोक कुमार श्रीवास्तव )
मोबाइल 09350027775