Thursday, August 25, 2016

कविता की मौत.......... धर्मवीर भारती

धर्मवीर भारती ने दूसरे तार सप्तक में कविता की मौत शीर्षक से एक कविता लिखी थी जो आज के भारत के उदय होते कवियों के प्रकाश में जबरन भारत का भूषण बनाने की कोशिशों के आलोक में पढी जानी चाहिए-

कविता की मौत 


25-12-1926 - 4-9-1997




लादकर ये आज किसका शव चले?
और इस छतनार बरगद के तले,
किस अभागन का जनाजा है रुका
बैठ इसके पांयते, गर्दन झुका,
कौन कहता है कि कविता मर गयी?
मर गयी कविता,
नहीं तुमने सुना?
हाँ, वही कविता
कि जिसकी आग से
सूरज बना
धरती जमी
बरसात लहराई
और जिसकी गोद में बेहोश पुरवाई
पंखुरियों पर थमी?
वही कविता
विष्णुपद से जो निकल
और ब्रह्मा के कमंडल से उबल
बादलों की तहों को झकझोरती
चांदनी के रजत फूल बटोरती
शम्भु के कैलाश पर्वत को हिला
उतर आई आदमी की जमीं पर,
चल पड़ी फिर मुस्कुराती
शस्यश्यामलफूल, फल, फसल खिलाती,
स्वर्ग से पाताल तक
जो एक धारा बन बही
पर न आखिर एक दिन वह भी रही!
मर गई कविता वही
एक तुलसी-पत्र 'औ'
दो बूंद गंगाजल बिना,
मर गई कविता, नहीं तुमने सुना?
भूख ने उसकी जवानी तोड़ दी,
उस अभागिन की अछूती मांग का सिंदूर
मर गया बनकर तपेदिक का मरीज
'औ' सितारों से कहीं मासूम संतानें,
मांगने को भीख हैं मजबूर,
या पटरियों के किनारे से उठा
बेचते है,
अधजले
कोयले.
(याद आती है मुझे
भागवत की वह बड़ी मशहूर बात
जबकि ब्रज की एक गोपी
बेचने को दही निकली,
औ' कन्हैया की रसीली याद में
बिसर कर सुध-बुध
बन गई थी खुद दही.
और ये मासूम बच्चे भी,
बेचने जो कोयले निकले
बन गए खुद कोयले
श्याम की माया)
और अब ये कोयले भी हैं अनाथ
क्योंकि उनका भी सहारा चल बसा!
भूख ने उसकी जवानी तोड़ दी!
यूँ बड़ी ही नेक थी कविता
मगर धनहीन थी, कमजोर थी
और बेचारी गरीबिन मर गई!
मर गई कविता?
जवानी मर गई?
मर गया सूरज सितारे मर गए,
मर गए, सौन्दर्य सारे मर गए?
सृष्टि के प्रारंभ से चलती हुई 
प्यार की हर सांस पर पलती हुई
आदमीयत की कहानी मर गयी?
झूठ है यह !
आदमी इतना नहीं कमजोर है !
पलक के जल और माथे के पसीने से
सींचता आया सदा जो स्वर्ग की भी नींव
ये परिस्थितियां बना देंगी उसे निर्जीव !
झूठ है यह !
फिर उठेगा वह
और सूरज की मिलेगी रोशनी
सितारों की जगमगाहट मिलेगी !
कफन में लिपटे हुए सौन्दर्य को
फिर किरन की नरम आहट मिलेगी !
फिर उठेगा वह,
और बिखरे हुए सारे स्वर समेट
पोंछ उनसे खून,
फिर बुनेगा नयी कविता का वितान
नए मनु के नए युग का जगमगाता गान !
भूख, खूँरेजी, गरीबी हो मगर 
आदमी के सृजन की ताक़त
इन सबों की शक्ति के ऊपर
और कविता सृजन कीआवाज़ है.
फिर उभरकर कहेगी कविता
"क्या हुआ दुनिया अगर मरघट बनी,
अभी मेरी आख़िरी आवाज़ बाक़ी है,
हो चुकी हैवानियत की इन्तेहा,
आदमीयत का अभी आगाज़ बाकी है !
लो तुम्हें मैं फिर नया विश्वास देती हूँ,
नया इतिहास देती हूँ !
कौन कहता है कि कविता मर गयी?"

यह कविता मुझे मेरे फेसबुक वाल पर मिली.. पढी और चुरा कर ले आई
आज ये कविता आप के सन्मुख है


Tuesday, August 23, 2016

आप यूं ही अपना आशीष देते रहना.........सदा










पापा आपकी यादों से
आज फ़िर मैंने
अपनी पीठ टिकाई है
पलकों पे नमी है ना
मन भावुक हो रहा है
हर बरस की तरह 
आज फ़िर ...
ये तिथि जब भी आती है
बिना कुछ कहे
मन चिंहुक कर
बाते करने लगता है आपकी 
कुछ उदासियां 
ठहरी हैं मन के पास ही
कुछ ख़्याल बैठे हैं
गुमसुम से !
.....
कितना कुछ बदला
पर ये मन आज भी 
आपके कांधे पे 
सिर टिकाये हुए है 
आप यूं हीं रहेंगे
साथ मेरे जानती हूँ
आपका चेहरा बार -बार
सामने आ रहा है
नहीं संभाल पाती जब 
तो उठाकर क़लम
शब्दों के श्रद्धासुमन 
अर्पित कर देती हूँ
जहाँ भी हों आप यूं ही
अपना आशीष देते रहना !!!
- सीमा सदा सिंघल

Sunday, August 21, 2016

झपट्टा देख सियासत में.....रमेशराज

खद्दरधरी पट्ठा, जन-जन के अब तोड़ें गट्टा
बापू के भारत में कट्टा देख सियासत में।

तेरे पास न कुटिया, तन पर मैली-फटी लँगुटिया
नेताजी का  ऊंचा अट्टा देख सियासत में।

तेरी मुस्कानों पर, रंगीं ख्वाबों-अरमानों पर
बाजों जैसा रोज झपट्टा देख सियासत में।

खुशहाली के वादे, तूने भाँपे नहीं इरादे
वोट पाने के बाद सिंगट्टा देख सियासत में।
-रमेशराज

|| लोक- शैली ‘रसिया’ पर आधारित तेवरी ||

Saturday, August 20, 2016

वो चाँद भी देखो हर दिन पूरा नही होता...विमल गांधी

अच्छे लोगों का हमारी जिंदगी मे आना हमारी किस्मत होती है।
उन्हें संभाल कर रखना हमारा हुनर॥

*****
पेंसिल का इस्तेमाल हम करते थे - 
जब हम छोटे थे और रबड़ से मिटा भी देते थे।
और अब हम पेन का इस्तेमाल करते है क्योंकि - 
बचपन की ग़लतियाँ मिट सकती थी।
लेकिन अब नही॥

*****
यह दुनिया सच्चे और झूठे लोगों से कम - 
कलाकारों से ज़्यादा भरी हुई है जो कि -
समय के हिसाब से झूठे या सच्चे - 
इंसान का रूप धारण कर लेते है॥

*****
दुनिया मे ऐसा कोई नहीं - 
जिसे जमाने मे कोई गम नही।
हर कोई खोया है अपने गम में - 
हर किसी को लगता है कि -

उसका गम किसी से कम नहीं।
देखेंगे अगर अपने से ग़रीब किसी को - 
तो पता चलेगा कि उसका गम भी कुछ कम नही॥

*****
इंसान का दुखी होने का बस एक ही मूल कारण है - 
उन चीज़ो के पीछे भागना -
जो उसके पास नहीं है।
और उन चीज़ों को अनदेखा करना - 
जो उसके पास है॥

*****
हिम्मत और समझ अगर रखनी है तो - 
जो बात दिल मे है उसे बोलने की हिम्मत रखो।
जो बात दूसरे के दिल मे है उसे - 
समझने की समझ रखो॥

*****
वक्त की हो धूप या हो तेज आँधियाँ - 
कुछ क़दमों के निशान कभी नही खाेते।
जिन्हें याद कर मुस्कुरा दें ये आँखें - 
वो लोग दूर होकर भी दूर नही हाेते॥

*****
जीवन में बहुत से लोग मिलते है - 
कुछ अपने और कुछ पराये।
लेकिन वो लोग बहुत खास होते है - 
जो बिना रिश्ते के भी -
रिश्ता निभाते है - 
कभी अपने भी रिश्ते, नहीं निभा पाते॥

*****
हर सपना खुशी का पूरा नही होता - 
कोई किसी के बिना अधूरा नही होता।
जो रोशन करता है सब रातों को - 
वो चाँद भी देखो हर दिन पूरा नही होता॥



-विमल गांधी


Friday, August 19, 2016

जिसने यह कहा..ध्रुव सत्य कहा... विमल गांधी

बचपन से बुढ़ापे तक - गरीबी से अमीरी तक।
ऐसे वक़्त के - सिलसिले मिले।

अनाथाश्रम में बच्चे - गरीबों के दिखे।
वृद्धाश्रम में बुज़ुर्ग - अमीरों के मिले।

*****
हौसले का कोई पर्दा नहीं होता।
कड़े परिश्रम का कोई विकल्प नहीं होता।

दिल मे अगर जज्बा हो कुछ कर दिखाने का।
तो जलते दिये को भी आँधियों का डर नहीं होता।

*****
जिस घर मे प्रेम होता है - 
वहाँ सफलता और धन स्वयं चल कर आते है।
जिस घर मे सफलता और धन आते है - 
वहाँ खुशी भी अपने आप आ जाती है॥

*****
कोई माल में खुश है - 
तो कोई सिर्फ दाल में खुश है।
ख़ुशनसीब है वो लोग - 
जो हर हाल में खुश है॥

*****
कुछ हासिल करने के लिये - 
जीवन मे आगे बढने के लिये।
सपने देखना बहुत जरूरी है।
जो सपने देखने की हिम्मत रखते है - 
वो पूरी दुनिया जीत सकते है॥

*****
 दुनिया का सबसे बड़ा ज़ेवर - आपकी कड़ी मेहनत है।
जिसे कोई नहीं ले सकता - जो आपके हाथ मे ही है कि -
कड़ी मेहनत करे और लक्ष्य को प्राप्त करे॥

*****

-विमल गांधी

Tuesday, August 16, 2016

जिज्ञासा न होगी तिरोभूत....महेश चंद्र द्विवेदी


देखा? रात्रि-तिमिर का भूत
कृशकाय, कंकाल,  कुरूप;  
चिता की अग्नि से उठा सा
अग्निबेताल, अघोर, अवधूत.

प्रश्न पर तुम बने थे निःशब्द,
वह समझा विछोह ही प्रारब्ध;
हुआ ऐसा विचलित, विक्षिप्त,
जीवन कर लिया व्यर्थ, विद्रूप.

अब उसे देख काँपते अप्रयास
बढ़ा देते हो कदम अनायास;
ज्यूँ तम मेँ सामने आ जाये
महिषवाहन मारक कालदूत.

उसका प्रश्न था मात्र त्रिशब्द
शाश्वत, दिग-काल असम्बद्ध;
गूंजेगा, जब तक अनुत्तरित
जिज्ञासा न होगी तिरोभूत.

-महेश चंद्र द्विवेदी
ज्ञान प्रसार संस्थान
1/137, विवेक खण्ड, गोमतीनगर, लखनऊ 

Wednesday, August 10, 2016

क्योंकि मेरा प्यार तुम्हें रास नहीं आता....लक्ष्मीनारायण गुप्त
















मैं तुमसे प्यार तो नहीं करता
लेकिन तुम्हारी मुस्कान
मुझे अच्छी लगती है।
तुम्हारी हँसी और भी
शानदार लगती है।

तुम्हारा लिबास, तुम्हारी स्टाइल
क्या बात है!
तुम्हारे चेहरे की चमक
जैसे हीरे जवाहरात हैं।

लेकिन मैं तुमसे क़तई
प्यार नहीं करता
क्योंकि मेरा प्यार तुम्हें 
रास नहीं आता
और मैं ऐसा कुछ नहीं
करना चाहता
जो तुम्हें नहीं भाता।

तुम्हारी खुशी से मुझे
चैन मिलता है
प्यार इस चैन में
ख़लल डाल सकता है
तुम्हें नाराज़ कर सकता है।
मैं यह ख़तरा
मोल नहीं ले सकता
इस लिए माफ़ करना
मैं तुमसे प्यार
नहीं कर सकता।

-लक्ष्मीनारायण गुप्त
९ अगस्त, २०१६