Friday, September 11, 2020

अब अना से बढ़ रहीं नज़दीकियां...-डॉ.नवीन मणि त्रिपाठी


2122 2122 212
मत  कहो हमसे  जुदा  हो  जाएगा ।
वह  मुहब्बत  में  फ़ना हो  जाएगा ।।

इश्क  के  इस दौर में दिल आपका ।
एक  दिन  मेरा   पता  हो  जाएगा ।।

धड़कनो   के   दरमियाँ  है  जिंदगी ।
धड़कनो का सिलसिला हो जाएगा ।।

इस  तरह  उसने  निभाई  है कसम ।
वह   हमारा    देवता   हो  जाएगा ।।

ऐ   दिले  नादां  न  कर  मजबूर  तू ।
वो  मेरी ज़िद पर ख़फ़ा हो जाएगा ।।

पत्थरो को  फेंक कर  तुम  देख लो ।
आब  का  ये कद  बड़ा हो जाएगा ।।

मत निकलिए इस तरह से बेनकाब ।
फिर  चमन में  हादसा  हो  जाएगा ।।

अब अना से बढ़  रहीं  नज़दीकियां ।
रहमतों   से   फ़ासला  हो  जाएगा ।।
-डॉ.नवीन मणि त्रिपाठी

Thursday, September 10, 2020

शैल चतुर्वेदी..... एक आल इन वन कवि



शैल चतुर्वेदी
29 जून 1936 -29 अक्टूबर 2007
आप हिंदी के प्रसिद्ध हास्य कवि, गीतकार
और बॉलीवुड के चरित्र अभिनेता थे। 

प्रस्तुत है उनकी एक व्यंग्य कविता
हमनें एक बेरोज़गार मित्र को पकड़ा
और कहा, "एक नया व्यंग्य लिखा है, सुनोगे?"
तो बोला, "पहले खाना खिलाओ।"
खाना खिलाया तो बोला, "पान खिलाओ।"
पान खिलाया तो बोला, "खाना बहुत बढ़िया था
उसका मज़ा मिट्टी में मत मिलाओ।
अपन ख़ुद ही देश की छाती पर जीते-जागते व्यंग्य हैं
हमें व्यंग्य मत सुनाओ
जो जन-सेवा के नाम पर ऐश करता रहा
और हमें बेरोज़गारी का रोजगार देकर
कुर्सी को कैश करता रहा।

व्यंग्य उस अफ़सर को सुनाओ
जो हिन्दी के प्रचार की डफली बजाता रहा
और अपनी औलाद को अंग्रेज़ी का पाठ पढ़ाता रहा।
व्यंग्य उस सिपाही को सुनाओ
जो भ्रष्टाचार को अपना अधिकार मानता रहा
और झूठी गवाही को पुलिस का संस्कार मानता रहा।
व्यंग्य उस डॉक्टर को सुनाओ
जो पचास रूपये फ़ीस के लेकर
मलेरिया को टी०बी० बतलाता रहा
और नर्स को अपनी बीबी बतलाता रहा।

व्यंग्य उस फ़िल्मकार को सुनाओ
जो फ़िल्म में से इल्म घटाता रहा
और संस्कृति के कपड़े उतार कर सेंसर को पटाता रहा।
व्यंग्य उस सास को सुनाओ
जिसने बेटी जैसी बहू को ज्वाला का उपहार दिया
और व्यंग्य उस वासना के कीड़े को सुनाओ
जिसने अपनी भूख मिटाने के लिए
नारी को बाज़ार दिया।
व्यंग्य उस श्रोता को सुनाओ
जो गीत की हर पंक्ति पर बोर-बोर करता रहा
और बकवास को बढ़ावा देने के लिए
वंस मोर करता रहा।

व्यंग्य उस व्यंग्यकार को सुनाओ
जो अर्थ को अनर्थ में बदलने के लिए
वज़नदार लिफ़ाफ़े की मांग करता रहा
और अपना उल्लू सीधा करने के लिए
व्यंग्य को विकलांग करता रहा।

और जो व्यंग्य स्वयं ही अन्धा, लूला और लंगड़ा हो
तीर नहीं बन सकता
आज का व्यंग्यकार भले ही "शैल चतुर्वेदी" हो जाए
'कबीर' नहीं बन सकता।

-  शैल चतुर्वेदी

Wednesday, September 9, 2020

"मायका" पुराना नही होता ...अमृता प्रीतम

सुविख्यात पंजाबी लेखिका 
अमृता प्रीतम जी ने 
"मायके" पर क्या खूब लिखा है:

------------------------------
रिश्ते पुराने होते हैं 
पर "मायका" पुराना नही होता 

जब भी जाओ .....
अलाय बलायें टल जाये 
यह दुआयें मांगी जाती हैं 



यहां वहां बचपन के कतरे बिखरे होते है 
कही हंसी कही खुशी कही आंसू सिमटे होते हैं 



बचपन का गिलास....कटोरी ....
खाने का स्वाद बढ़ा देते हैं 
अलबम की तस्वीरें 
कई किस्से याद दिला देते हैं 



सामान कितना भी समेटू 
कुछ ना कुछ छूट जाता है 
सब ध्यान से रख लेना 
हिदायत पिता की ....
कैसे कहूं सामान तो  नही 
पर दिल का एक हिस्सा यही छूट जाता है 



आते वक्त माँ, आँचल मेवों से भर देती हैं 
खुश रहना कह कर अपने आँचल मे भर लेती  है ....



आ जाती हूँ मुस्करा कर मैं भी 
कुछ ना कुछ छोड कर अपना



रिश्ते पुराने होते हैं 
जाने क्यों मायका पुराना नही होता 
उस  देहरी को छोडना हर बार ....आसान नही होता।


- अमृता प्रीतम
साभार कुसुम शुक्ला

Tuesday, September 8, 2020

बदलता हुआ वक़्त ....राजीव डोगरा ’विमल’

 

वक़्त के पन्नों पर

सब कुछ बदल जाएगा

जो लिखा है नसीब में

वो भी मिल जाएगा।

सोचा न था जो कभी

वो भी कुछ-कुछ

खोकर मिल ही जाएगा।

सँभाल सकते हो तो

सँभाल लेना उस वक़्त को

जो खोने वाला है।

क्योंकि खोए हुए

वक़्त के साथ

अपने भी खो जाते हैं

और पराए भी

अपने बन जाते हैं।

मगर याद रखना

बदलते हुए

वक़्त के साथ

तुम भी बदल मत जाना,

पकड़ा है

जो हाथ हमारा

छोड़ कर किसी और के

न हो जाना। 

-राजीव डोगरा ’विमल’


Monday, September 7, 2020

पारिजात... रंजना जैन

गिरे धरा पर पुष्प देखकर

मन आया पूछूँ फूलों से

बंद कली से तुम खिलने में

रूप रंग से सजने में

फिर सुगंध  रस भरने में 

जितना समय लगाते हो

उतना हक़ नहीं जीने का

अल्प अवधि रह पाते हो! 

 

फूलों ने की अलग कहानी 

अर्थ नहीं जीवन मनमानी

लाना यदि परिणाम निराला

बनना पड़ता है मतवाला

पीकर सोम मधुर रस अंतर

बन आकार पूर्ण अति सुंदर

सुखानंद की मंशा लेकर

गिर पड़ते झट डाली से

नये पुष्प भर जाने को! 

  

सार यही मानव जीवन का

मोल नहीं लम्बे छोटे का

तत्व यही ज़िंदा होने का

फैला दे जो लघु जीवन में

शिव सुन्दर का शुभ संदेश

महका दे सारे उपवन को

पथ में बिखरें फूल अनेक॥ 

-रंजना जैन

-

Sunday, September 6, 2020

शिकायत रह गयी अधूरी.....प्रीती श्री वास्तव

इस दिल की चाहत रह गयी अधूरी।
तेरे इश्क की इबादत रह गयी अधूरी।।

मेरे महबूब जरा फिर शरारत न कर।
छुपा छुपी में मुहब्बत रह गयी अधूरी।।

चाँद को तकती रही मैं तो रात भर।
बदली की हिफाजत रह गयी अधूरी।।

गरज उठे जो बादल जमीं के लिये।
मौसम की हिदायत रह गयी अधूरी।।

दिल में जगे जज्बात जो तेरे खातिर।
रूठ जाने की आदत रह गयी अधूरी।।

शिकवा न करना मुझसे मेरी जफा का।
दूर जाने की शिकायत रह गयी अधूरी।।
-प्रीती श्री वास्तव

Saturday, September 5, 2020

रेत पर पदचिन्ह ..कौशल शुक्ला

'दो घड़ी भी टिक सकेगा' क्या कभी तुमने विचारा?
रेत पर पदचिन्ह तेरे और सागर का किनारा।।

जिंदगी के रास्तों पर सैकडों दुश्वारियां हैं
मुश्किलों से जूझने की क्या तेरी तैयारियाँ हैं
पथ जरा समतल मिला तुम भूल बैठे कंटकों को
लक्ष्य को पाने से पहले लाख जिम्मेदारियां हैं

धैर्य खोकर चाहते हो भाग्य का चमके सितारा।
रेत पर पदचिह्न तेरे और सागर का किनारा।।

दैव ने तुमको दिए दो हाथ इनको खोल देखो
पाँव को मजबूत कर लो, अड़चनों का मोल देखो
जान लो क्या खूबियाँ भगवान ने तुझमें भरी हैं
आँख मंजिल पर टिकाकर, जिंदगी को तोल देखो

तूँ अकेला ही बढ़ा चल ढूँढ मत कोई सहारा।
रेत पर पदचिन्ह तेरे और सागर का किनारा।।

पर्वतों को काट करके रास्ता अपना बना लो
ठोकरों से राह के सब पत्थरों को तुम उछालो

छोड़ दो पदचिन्ह पीछे जो मिटाए भी मिटे ना
जिंदगी है जंग, हँसकर हमसफ़र इसको बना लो

'आँख से पर्दा हटा लो' वक्त ने तुमको पुकारा।
रेत पर पदचिन्ह तेरे और सागर का किनारा।।
-कौशल शुक्ला