Monday, September 19, 2016

बेवफ़ा से ही पूछ बैठे "ख़याल".........सतपाल ख़याल


हर घड़ी यूँ ही सोचता क्या है?
क्या कमी है ,तुझे हुआ क्या है?

किसने जाना है, जो तू जानेगा
क्या ये दुनिया है और ख़ुदा क्या है?

दर-बदर खाक़ छानते हो तुम
इतना भटके हो पर मिला क्या है?

खोज लेंगे अगर बताए कोई
उसके घर का मगर पता क्या है?

एक अर्जी खुशी की दी थी उसे
उस गुज़ारिश का फिर हुआ क्या है?

हम ग़रीबों को ही सतायेगी
ज़िंदगी ये तेरी अदा क्या है?

मुस्कुरा कर विदाई दे मुझको
वक़्ते-आखिर है , सोचता क्या है?

दर्द पर तबसिरा किया उसने
हमने पूछा था बस दवा क्या है?

बेवफ़ा से ही पूछ बैठे "ख़याल"
क्या बताये वो अब वफ़ा क्या है?

http://aajkeeghazal.blogspot.in/2016/09/blog-post.html

Sunday, September 18, 2016

आसान नहीं होता.......इन्दु रवि सिंह
















मर जाना सबसे आसान है
लोग कहते हैं
लेकिन  
मरने की
चाह रखना
भले आसान हो
मर जाना 
कतई आसान नहीं होता ।
कैसे मरुँ
कि कष्ट भी कम हो
और मर जाऊँ !
ज़रा सोचिये
ये मनःस्थिति
कैसे 
मर पाता होगा कोई
वो घुटन वो दर्द 
वो तकलीफ़
हर कोई नहीं सह सकता
मर जाना, आसान
कतई नहीं होता ....
-इन्दु रवि सिंह

 http://wp.me/p1EXDq-ne

Saturday, September 17, 2016

किसी से न कहना.........डॉ. विजय कुमार सुखवानी


कहाँ गुज़ारा दिन कहाँ रात किसी से न कहना
यहाँ कोई राज़ की बात किसी से न कहना

बड़े तंगदिल हैं लोग इक पल में बदल जायेंगे
अपना मज़हब अपनी ज़ात किसी से न कहना

कौन है दोस्त कौन दुश्मन कहना मुश्किल है
खुलकर अपने ज़ज़्बात किसी से न कहना

अपनी जीत की तो जम कर मुनादी करो मगर
कब हुई शह कब हुई मात किसी से न कहना

तुम्हारी ताक़त का किसी को भी अंदाज़ा न लगे
कौन है ख़िलाफ़ कौन साथ किसी से न कहना

कोई तो शरीक ए दर्द भी ज़रूरी है ज़िंदगी में
अच्छा नहीं यूँ दर्द ए हयात किसी से न कहना

इन आँखों के मौसम आँखों में छुपा कर रखना
कब हुआ सूखा कब बरसात किसी से न कहना

-डॉ. विजय कुमार सुखवानी

Friday, September 16, 2016

अनुपस्थिति ....... कुमार अनुपम





















यहां
तुम नहीं हो

तुम्हारी अनुपस्थिति के बराबर
सूनापन है विचित्र आवाजों से सरोबार
धान की हरी-हरी आभा
और महक है
मानसून की पहली फुहार की छुवन
और रस है

तुम नहीं हो यहां
तुम्हारी अनुपस्थिति है।

.......

नाम

जिस नाम से पुकारकर
मां थमा देती थी उसे सामान का खर्रा
मित्र उस नाम से अनजान थे

मित्र उसे ही समझते थे वास्तविक नाम
महिम तुक पुकारने पर जिसका
वह फांद आता था दीवार

एक नाम उसका
पहचान की पुस्तक-सा
खुला रहता था जिसकी भाषा
नहीं समझती थी उसकी प्रेमिका

जिस नाम से अठखेलियां करती थी उसकी प्रेमिका
वह अन्य सबके लिए हास्यापद ही था

इस तरह
सबके हिस्से में
हंसी बांटने की भरसक कोशिश करता डाकिए-सा
जब हो जाता था पसीना-पसीना
वह खोल देता था अपने जूते
अपनी आंखें मूंदकर
कुछ देर सोचता था-
अपने नामों और अपने विषय में
हालांकि ऐसा कम ही मिलता था एकांत।

-कुमार अनुपम  

Tuesday, September 13, 2016

वादा करो मुहब्बत का.......कुँवर कुसुमेश


हो सके , ऐतबार कर लेना। 
और तुम मुझसे प्यार कर लेना।

पहले वादा करो मुहब्बत का ,
फिर गिले तुम हज़ार कर लेना।

तुमको पाने का एक मतलब है,
ज़िन्दगी खुशगवार कर लेना।

रात-दिन तुमको याद करता हूँ ,
खुद को भी महवे-यार कर लेना।

अपने दामन में रौशनी भर लो,
कुछ सितारे शुमार कर लेना।

सात जन्मों का साथ हो अपना,
इस तरह का क़रार कर लेना।

देर हो जाए गर "कुँवर" मुझको,
दो घडी इंतज़ार कर लेना।

-कुँवर कुसुमेश 

महवे-यार = यार के ख्यालों में तल्लीन

Monday, September 12, 2016

गहरे जल में झट लै जाय............रमेशराज

कहमुकरियाँ
..........................

बात बताऊँ आये लाज, 
गजब भयौ सँग मेरे आज
मेरी चूनर भागा छीन, 
क्या सखि साजन? 
ना सखि बाज।

सखि मैं गेरी पकरि धड़ाम, 
परौ तुरत ये नीला चाम
निकली मुँह से हाये राम, 
सैंया? नहीं गिरी थी गाज।

कहाँ चैन से सोबन देतु, 
पल-पल इन प्रानों को लेतु ,
बोवै काँटे मेरे हेतु, 
क्या सखि साजन? 
नहीं समाज।

बिन झूला के खूब झुलाय, 
गहरे जल में झट लै जाय
खुद भी हिचकोले-से खाय, 
क्या सखि साजन? 
नहीं जहाज।

-रमेशराज, तेवरीकार
अलीगढ़

रमेश राज जी की कहमुकरियाँ
शब्द वही
अर्थ वही
पर प्रस्तुति का
ढंग नया
सादर

Sunday, September 11, 2016

एक माँ ही है जिसके प्यार में ना मिलावट काेई...विमल गांधी



दुनिया देखी लाेग देखे।
राक्षस देखे फ़रिश्ते देखे।

रिश्ते देखे दोस्त देखे।
हर कही पर मिलावट देखी।

अलग अलग रंगो के फूल देखे।
एक माँ ही है जो देती है सब सुख 
उसके प्यार मे ना मिलावट।

ना कभी चेहरे पे शिकायत देखी।
बाकि तो सबके साथ अच्छा करने 
पर भी हर बार शिकायत देखी।
विमल गांधी